कौन बनेगा 'पंजाब दा करोड़पति'? बस 1 सवाल का सही जवाब और जीतो ₹1 करोड़, Gen-Z के लिए CM मान का खेला
भगवंत मान सरकार ने युवाओं के लिए 'पंजाब का करोड़पति' प्रतियोगिता शुरू की है, जिसमें विजेता को 1 करोड़ रुपये मिलेंगे।
Punjab Da Crorepati: पंजाब के युवाओं के पास अब अपनी जानकारी के दम पर करोड़पति बनने का मौका है। मुख्यमंत्री भगवंत मान की सरकार ने 'पंजाब का करोड़पति कौन बनेगा' प्रतियोगिता शुरू की है। शुक्रवार को रेयात बाहरा यूनिवर्सिटी में इस प्रतियोगिता का आगाज हुआ। पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता जीतने वाले को एक करोड़ रुपये का इनाम दिया जाएगा।
वहीं, दूसरे स्थान पर रहने वाले प्रतिभागियों को 10-10 लाख रुपये और इसके बाद अन्य विजेताओं को 5-5 लाख रुपये के पुरस्कार दिए जाएंगे। सरकार की इस पहल का मकसद युवाओं को पंजाब के इतिहास, भूगोल, संस्कृति और शासन व्यवस्था के बारे में ज्यादा से ज्यादा जानकारी हासिल करने के लिए प्रोत्साहित करना है।
15 से 30 साल के युवा ले सकेंगे हिस्सा
इस प्रतियोगिता में 15 से 30 साल की उम्र के युवा हिस्सा ले सकते हैं। इसके लिए रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया 14 नवंबर से शुरू हो चुकी है, जबकि आवेदन करने की आखिरी तारीख 28 नवंबर रखी गई है। प्रतियोगिता में पूछे जाने वाले सवाल पंजाब के इतिहास, भूगोल, प्रशासन, संस्कृति, भाषा और विरासत से जुड़े होंगे। यानी इसमें हिस्सा लेने वाले युवाओं को पंजाब के बारे में अपनी जानकारी साबित करनी होगी।
हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान की ओर से शुरू की गई यह एक अच्छी पहल है। इसमें छात्र और युवा बढ़-चढ़कर रजिस्ट्रेशन करा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता के जरिए युवाओं को अपना ज्ञान बढ़ाने और इनाम जीतने का मौका मिलेगा।
11 राउंड में होगी पूरी प्रतियोगिता
'पंजाब का करोड़पति' प्रतियोगिता कुल 11 राउंड में पूरी होगी। इसके पहले नौ राउंड ऑनलाइन यानी डिजिटल तरीके से आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद दसवां राउंड जिला स्तर पर होगा और आखिरी यानी 11वां राउंड ग्रैंड फिनाले होगा।
ऑनलाइन क्विज के राउंड 21, 23, 25, 27 और 29 नवंबर को होंगे। इसके बाद 1, 3, 5 और 7 दिसंबर को भी डिजिटल राउंड आयोजित किए जाएंगे। इन राउंड में अच्छा प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को आगे बढ़ने का मौका मिलेगा।
9 दिसंबर को सभी 23 जिलों में होंगे मुकाबले
प्रतियोगिता का दसवां राउंड 9 दिसंबर को पंजाब के सभी 23 जिलों में आयोजित किया जाएगा। इसमें प्रतिभागियों को अपने जिले का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिलेगा। जिला स्तर पर मुकाबलों के बाद चुने गए प्रतिभागी ग्रैंड फिनाले में पहुंचेंगे, जहां प्रतियोगिता के विजेता का फैसला होगा।
आम आदमी पार्टी की पंजाब इकाई ने भी इस प्रतियोगिता को लेकर युवाओं से रजिस्ट्रेशन कराने की अपील की है। पार्टी के मुताबिक, इस पहल के तहत 15 से 30 साल के युवाओं को पंजाब के इतिहास, संस्कृति, भाषा और विरासत से जुड़े सवालों के जरिए अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। साथ ही इसमें 10 हजार से ज्यादा नकद पुरस्कार जीतने के अवसर भी रखे गए हैं।
यानी अगर आप पंजाब से हैं और आपकी उम्र 15 से 30 साल के बीच है, तो यह प्रतियोगिता आपके लिए अपनी जानकारी दिखाने और लाखों से लेकर एक करोड़ रुपये तक का इनाम जीतने का मौका बन सकती है।