नीतीश सेतु से बदलेगी बिहार की तस्वीर, 21 नवंबर को PM मोदी करेंगे 6 लेन गंगा पुल का उद्घाटन
Bihar News: बिहार में कच्ची दरगाह-बिदुपुर 6 लेन गंगा पुल बनकर तैयार है। 21 नवंबर को PM मोदी इसका उद्घाटन करेंगे। इससे उत्तर और दक्षिण बिहार की कनेक्टिविटी मजबूत होगी।
Bihar News: बिहार में कनेक्टिविटी और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ी परियोजना पूरी हो गई है। बहुप्रतीक्षित 'नीतीश सेतु' (कच्ची दरगाह-बिदुपुर 6 लेन गंगा पुल) बनकर तैयार है। आगामी 21 नवंबर 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस परियोजना का उद्घाटन कर इसे राष्ट्र को समर्पित करेंगे। यह पुल उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच संपर्क को मजबूत करने के साथ प्रदेश की परिवहन व्यवस्था को नई गति देगा।
2012 में रखी गई थी परियोजना की नींव, 2015 में शुरू हुआ निर्माण कार्य
इस ऐतिहासिक परियोजना की नींव वर्ष 2012 में रखी गई थी, जब राज्य की NDA सरकार ने गंगा नदी पर आधुनिक 6 लेन पुल बनाने की परिकल्पना की। उसी वर्ष सितंबर 2012 में आधारभूत संरचना विकास प्राधिकार (IDA) ने इसे सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान की। इसके बाद परियोजना ने तेजी से गति पकड़ी।
1. फरवरी 2013 में ट्रांजैक्शन एडवाइजर की नियुक्ति हुई और कार्यकारी एजेंसी BSRDCL को फिजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार करने का निर्देश दिया गया।
2. जून 2013 में बिहार के तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समक्ष पुल के एलाइनमेंट का प्रस्तुतीकरण किया गया।
3. अगस्त 2014 में केंद्र की NDA सरकार ने एशियाई विकास बैंक (ADB) से ऋण की सिफारिश की, जिससे अंतरराष्ट्रीय वित्तीय सहयोग का मार्ग प्रशस्त हुआ।
4. दिसंबर 2014 में भारत सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने परियोजना के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) जारी किया। मार्च 2015 में मंत्रालय के सचिव की अध्यक्षता में निर्माण कार्यों को लेकर महत्वपूर्ण बैठक हुई।
5. जुलाई 2015 में राज्य सरकार ने प्रशासनिक स्वीकृति देने के साथ अंतरराष्ट्रीय निविदा (टेंडर) आमंत्रित की। इसके बाद निर्माण एजेंसी के साथ अनुबंध कर जमीनी स्तर पर कार्य शुरू हो गया।
5,571 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुआ 6 लेन पुल
विश्वस्तरीय मानकों पर तैयार इस 6 लेन पुल का निर्माण EPC (इंजीनियरिंग, खरीद और निर्माण) पद्धति के तहत किया गया है। 5,571.69 करोड़ रुपये की कुल लागत वाली इस मेगा परियोजना में एशियाई विकास बैंक (ADB) ने 3,472.15 करोड़ रुपये की ऋण सहायता प्रदान की है, जबकि बिहार सरकार ने 2,099.54 करोड़ रुपये का राज्यांश योगदान दिया है। केंद्र और राज्य के बेहतर समन्वय का यह मॉडल बिहार की विकासशील नीतियों का जीवंत प्रमाण है।
महात्मा गांधी सेतु पर घटेगा यातायात का दबाव, सफर होगा आसान
'नीतीश सेतु' के लोकार्पण से बिहार की परिवहन व्यवस्था में बड़ा बदलाव आएगा। राजधानी पटना और वैशाली (बिदुपुर) के बीच सीधा संपर्क स्थापित होने से महात्मा गांधी सेतु पर यातायात का दबाव काफी कम होगा। इससे न केवल यात्रियों के समय और ईंधन की बचत होगी, बल्कि उत्तर बिहार के जिलों से राजधानी तक की आवाजाही भी बेहद सुगम हो जाएगी।
कृषि, व्यापार और उद्योग को मिलेगी नई रफ्तार
पुल के शुरू होने से राज्य की आर्थिक समृद्धि के नए रास्ते खुलेंगे। उत्तर बिहार के कृषि उत्पादों, विशेषकर लीची, केला, मक्का और सब्जियों को पटना और देश के अन्य बड़े बाजारों तक कम समय में पहुंचाना आसान होगा।
इसके अतिरिक्त, कच्ची दरगाह-बिदुपुर कॉरिडोर के आसपास औद्योगिक निवेश, लॉजिस्टिक्स हब, पर्यटन और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
'नीतीश सेतु' आधुनिक बिहार के निर्माण की दिशा में एक मजबूत आधार स्तंभ है, जो राज्य को आत्मनिर्भरता, सुगम यातायात और चौतरफा समृद्धि के नए शिखर पर ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।