लालू या नीतीश... पुल के नाम पर किसके साथ हैं खेसारी? बयान ने बढ़ाई सियासी हलचल

Khesari Lal Yadav Statement: कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल का नाम नीतीश सेतु रखे जाने पर रोहिणी आचार्य ने सवाल उठाए थे। अब खेसारी लाल यादव ने लालू और नीतीश को लेकर अपनी राय रखी है।

Update:2026-11-17 14:22 IST

Nitish Setu Controversy

Khesari Lal Yadav Statement: बिहार में कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन पुल का नाम बदलकर ‘नीतीश सेतु’ किए जाने का मामला अब राजनीतिक बहस का मुद्दा बन गया है। एक तरफ रोहिणी आचार्य ने पुल का नाम लालू प्रसाद यादव या ‘सामाजिक न्याय सेतु’ रखने की मांग उठाई है, तो दूसरी ओर भोजपुरी अभिनेता और आरजेडी नेता खेसारी लाल यादव ने इस फैसले पर विवाद खड़ा करने की जरूरत नहीं बताई है। खेसारी ने लालू और नीतीश दोनों को बिहार की जनता का प्रिय नेता बताते हुए उनके योगदान की तुलना की है।

नीतीश सेतु के नाम पर खेसारी ने क्या कहा?

कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल का नाम नीतीश कुमार के नाम पर रखे जाने को लेकर चल रही बहस पर खेसारी लाल यादव ने कहा कि बिहार के लोगों के लिए नीतीश कुमार और लालू प्रसाद यादव, दोनों का अपना महत्व है। ऐसे में पुल का नाम ‘नीतीश सेतु’ रखे जाने पर बेवजह विवाद नहीं होना चाहिए।

खेसारी ने कहा कि उनसे इस बारे में राय पूछने से कुछ नहीं होगा। लोगों को खुद पता है कि पुल का नाम किसके नाम पर होना चाहिए और किसके नाम पर नहीं। उन्होंने कहा कि लालू यादव ने जनता के लिए काफी काम किया है, वहीं नीतीश कुमार ने भी अपने कार्यकाल में लोगों के लिए कई काम किए हैं। नीतीश चाचा उन्हें उतने ही प्रिय हैं, जितने लालू चाचा।

'लालू और नीतीश दोनों ने जनता के लिए संघर्ष किया'

खेसारी लाल यादव ने दोनों नेताओं के पुराने राजनीतिक रिश्तों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद और नीतीश कुमार लंबे समय तक एक-दूसरे के साथी रहे हैं। दोनों ने जनता के लिए संघर्ष किया और उनके काम को पूरी दुनिया ने देखा है। ऐसे में किसी एक नेता के नाम पर पुल का नाम रखे जाने को लेकर विवाद करना उचित नहीं है।

खेसारी ने कहा कि दोनों नेताओं ने बिहार के लोगों के लिए बहुत कुछ किया है। पुल का नाम भी अपने ही लोगों के नाम पर रखा जा रहा है, इसलिए जो फैसला हुआ है, उसमें उन्हें कुछ गलत नहीं लगता।

रोहिणी आचार्य ने नामकरण पर जताई थी नाराजगी

दरअसल, कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन पुल का नाम ‘नीतीश सेतु’ किए जाने के बाद लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने इस फैसले पर सवाल उठाए थे। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा था कि राघोपुर पुल का नाम ‘सामाजिक न्याय सेतु’ होना चाहिए या फिर इसे लालू प्रसाद यादव के नाम पर रखा जाना चाहिए।

रोहिणी ने अपनी पोस्ट में लालू यादव के योगदान का जिक्र करते हुए उनकी जमकर तारीफ की थी। उनके इस बयान के बाद पुल के नामकरण को लेकर राजनीतिक चर्चा तेज हो गई।

21 नवंबर को पीएम मोदी करेंगे उद्घाटन

इस बीच, 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार दौरे पर आने वाले हैं। इस दौरान वे दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इनमें हाजीपुर का औद्योगिक क्षेत्र और कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन पुल शामिल हैं। पुल का नाम ‘नीतीश सेतु’ किए जाने के बाद अब इसके उद्घाटन से पहले ही राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।

Tags:    

Similar News