बेटी की मौत पर भड़का मायका, ससुराल के दरवाजे पर फूंक दी लाश

Woman Death Case: मुजफ्फरपुर में महिला की संदिग्ध मौत के बाद मायके वालों का गुस्सा फूट पड़ा। परिजन शव लेकर ससुराल पहुंचे और घर के दरवाजे पर ही अंतिम संस्कार कर दिया।

Update:2026-11-18 12:27 IST

Muzaffarpur Woman Death

 Woman Death Case: बेटी की मौत का दर्द जब गुस्से में बदल गया तो मायके वालों ने ऐसा कदम उठा लिया, जिसने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया। मुजफ्फरपुर में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद उसके परिजन शव लेकर ससुराल पहुंचे और घर के दरवाजे के सामने ही अंतिम संस्कार कर दिया। मायके वालों का आरोप है कि उनकी बेटी को ससुराल में प्रताड़ित किया जाता था और साजिश के तहत उसे जहरीला पदार्थ खिलाया गया। घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर फरार हो गए।

ससुराल के दरवाजे पर अंतिम संस्कार

यह मामला मुजफ्फरपुर के सदर थाना क्षेत्र स्थित पताही गांव का है। मृतका की पहचान चंदन ठाकुर की पत्नी विभा ठाकुर (37) के रूप में हुई है। मंगलवार, 17 नवंबर की शाम पोस्टमार्टम के बाद मायके वाले विभा का शव लेकर उसके ससुराल पहुंचे। इसके बाद उन्होंने घर के मुख्य दरवाजे के सामने ही शव का अंतिम संस्कार शुरू कर दिया।

अचानक हुए इस घटनाक्रम से गांव में तनाव और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि मायके वालों के इस कदम के बाद ससुराल पक्ष के सभी लोग घर छोड़कर चले गए।

पति, सास-ससुर और ननद पर हत्या की साजिश का आरोप

विभा के मायके वालों ने सदर थाने में लिखित शिकायत देकर पति चंदन ठाकुर, ससुर मुरारी प्रसाद ठाकुर, सास मंजू देवी और ननद को आरोपी बनाया है। परिजनों का आरोप है कि सभी ने मिलकर साजिश के तहत विभा की हत्या की। पिता का दावा है कि उनकी बेटी को जहरीला खाद्य पदार्थ दिया गया था, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

2014 में हुई थी शादी

मृतका के पिता के अनुसार, विभा की शादी 27 नवंबर 2014 को पताही गांव के चंदन ठाकुर से हुई थी। शादी के बाद से ही दोनों परिवारों के बीच विवाद चल रहा था। इस मामले को लेकर अदालत में भी मुकदमा लंबित होने की बात सामने आई है।

परिजनों ने आरोप लगाया कि विभा को ससुराल में लगातार परेशान किया जाता था। इसी प्रताड़ना के चलते उसकी मौत होने का दावा किया गया है। फिलहाल ये सभी आरोप हैं, जिनकी पुलिस जांच कर रही है।

पुलिस ने दर्ज की FIR 

सदर थानाध्यक्ष नवलेश कुमार आजाद के मुताबिक, महिला के पिता की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया था। इसके बाद शाम को परिजनों ने ससुराल के गेट पर अंतिम संस्कार किया। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

Tags:    

Similar News