बिहार को अब मत कहना बिमारू! मिल गया ऐसा खजाना कि बनेगा 'बॉस', सम्राट सरकार ने लिया बड़ा फैसला

बिहार के जमुई में मजोस और भंटा मैग्नेटाइट ब्लॉक और बांका के पिंडारा कॉपर-लेड-जिंक ब्लॉक की ई-नीलामी की तैयारी को कैबिनेट की मंजूरी मिली है।

Update:2026-11-18 18:26 IST

Bihar Mineral Reserves: बिहार को अब तक अक्सर पिछड़ेपन और गरीबी के नाम से पहचाना जाता रहा है, लेकिन राज्य की जमीन के नीचे छिपे खनिज भंडार आने वाले समय में इसकी तस्वीर बदल सकते हैं। जमुई और बांका में मौजूद खनिज संसाधनों को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। कैबिनेट ने जमुई के मजोस और भंटा में मौजूद मैग्नेटाइट ब्लॉक और बांका के पिंडारा कॉपर-लेड-जिंक ब्लॉक की ई-नीलामी की तैयारी को मंजूरी दे दी है। यानी अब बिहार की जमीन के नीचे छिपे खनिजों को आर्थिक तरक्की का जरिया बनाने की तैयारी है।

जमुई में लोहे का खजाना, बांका में तांबा-सीसा-जस्ता

जमुई जिले के मजोस और भंटा में मैग्नेटाइट के दो ब्लॉक मौजूद हैं। मैग्नेटाइट लौह अयस्क का अहम स्रोत है, जिसका इस्तेमाल लोहा और इस्पात बनाने में होता है। वहीं, बांका जिले के पिंडारा ब्लॉक में तांबा, सीसा और जस्ता जैसे महत्वपूर्ण खनिज मौजूद हैं। इन खनिजों की औद्योगिक क्षेत्र में काफी उपयोगिता है। सरकार अब इन ब्लॉकों में मौजूद संसाधनों का आकलन कराएगी। इसके बाद आरक्षित मूल्य और ई-नीलामी की समय-सीमा तय की जाएगी।

खनिजों से चमकेगी बिहार की किस्मत?

इन खनिज ब्लॉकों की नीलामी की प्रक्रिया आगे बढ़ने से निवेशकों की दिलचस्पी बढ़ सकती है। खनन शुरू होने पर सिर्फ खनिज निकालने का काम ही नहीं बढ़ेगा, बल्कि उनकी ढुलाई, प्रसंस्करण और खनिज आधारित उद्योगों के लिए भी रास्ते खुल सकते हैं। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होने की संभावना है। सरकार की कोशिश है कि बिहार के खनिज संसाधनों का इस्तेमाल राज्य के औद्योगिक विकास को गति देने में किया जाए।

कैबिनेट के 14 फैसलों में कई बड़े प्रस्ताव

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में कुल 14 एजेंडों पर मुहर लगी। इसमें बिहार राज्य खाद्य एवं असैनिक आपूर्ति निगम को 11,200 करोड़ रुपये के ऋण पर सरकारी गारंटी देने का फैसला भी शामिल है। इसके अलावा बक्सर-भागलपुर छह लेन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के लिए 6,658 करोड़ रुपये और पंचायत सरकार भवनों में सोलर पैनल लगाने के लिए 482.82 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।

दरभंगा में सिर और गर्दन के कैंसर अस्पताल को मंजूरी

कैबिनेट ने दरभंगा के गंगवारा स्थित सदर अस्पताल परिसर में सिर और गर्दन के कैंसर अस्पताल के संचालन को भी मंजूरी दी है। यह अस्पताल होमी भाभा कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र, मुजफ्फरपुर की ओर से संचालित किया जाएगा। इस तरह एक ही बैठक में सरकार ने खनिज संसाधनों, सड़क, ऊर्जा और स्वास्थ्य से जुड़े कई अहम फैसले लिए हैं।

Tags:    

Similar News