Bihar News: पटना में खान सर के कैंपस के पास फायरिंग, जांच में जुटी पुलिस

Bihar News: मुसल्लहपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार की रात उस समय हड़कंप मच गया जब चर्चित शिक्षक और यूट्यूबर खान सर के कैंपस के पास फायरिंग की घटना सामने आई।

Update:2026-06-03 07:46 IST

Khan GS Research Centre

Bihar News: बिहार की राजधानी पटना के मुसल्लहपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार की रात उस समय हड़कंप मच गया जब चर्चित शिक्षक और यूट्यूबर खान सर के कैंपस के पास फायरिंग की घटना सामने आई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, गोलीबारी में एक व्यक्ति के घायल होने की सूचना है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। यह घटना ऐसे स्थान के पास हुई है, जो प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले हजारों छात्रों के लिए एक प्रमुख केंद्र माना जाता है।

खान सर का कैंपस पटना के सबसे चर्चित शैक्षणिक संस्थानों में शामिल है और यहां रोज बड़ी संख्या में छात्र पहुंचते हैं। फायरिंग की खबर के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस फिलहाल घटना के कारणों और हमलावरों की पहचान का पता लगाने में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब खान सर के संस्थान के आसपास किसी आपराधिक घटना की चर्चा हुई हो। इससे पहले 10 मई 2019 को उनके कोचिंग सेंटर को निशाना बनाकर देसी बम से हमला किया गया था। उस समय सुबह करीब 10 बजे कदमकुआं थाना क्षेत्र के मुसल्लहपुर हाट स्थित खान जीएस रिसर्च सेंटर के बाहर अज्ञात बदमाशों ने लगातार दो देसी बम फेंके थे। उस हमले में कोचिंग संस्थान के कार्यालय के एक हिस्से को नुकसान पहुंचा था, जबकि बाहर खड़ी एक छात्र की स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। हालांकि उस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं थी।

खान सर ने विभिन्न मंचों पर यह दावा किया था कि बेहद कम फीस में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के कारण कुछ स्थानीय कोचिंग माफिया और असामाजिक तत्व उनसे नाराज थे और उनके संस्थान को बंद कराने की कोशिश कर रहे थे। बता दें कि खान सर बिहार की राजधानी पटना के बेहद लोकप्रिय शिक्षक और यूट्यूबर हैं। अपने डिजिटल प्लेटफॉर्म 'खान जीएस रिसर्च सेंटर' के माध्यम से वे देशभर के लाखों छात्रों को कम लागत में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने के लिए जाने जाते हैं। फिलहाल ताजा फायरिंग की घटना को लेकर पुलिस जांच जारी है।

Tags:    

Similar News