Sasaram Patna Train Fire: पटना जाने वाली पैसेंजर ट्रेन में लगी भीषण आग, सासाराम जंक्शन पर बड़ा हादसा

Sasaram Patna Train Fire: बिहार के सासाराम जंक्शन पर सोमवार सुबह सासाराम-पटना फास्ट पैसेंजर ट्रेन में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। हादसे में एक बोगी पूरी तरह जलकर राख हो गई, जबकि यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।

Update:2026-05-18 08:08 IST

Ai Edited Image

Sasaram Patna Train Fire: बिहार के सासाराम जंक्शन पर सोमवार की सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब सासाराम से पटना जाने वाली ट्रेन (53212 सासाराम-पटना फास्ट पैसेंजर) में अचानक आग लग गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक ट्रेन में आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी। हादसे में ट्रेन की पांचवीं बोगी पूरी तरह जलकर राख हो गई, जबकि चौथी बोगी का पिछला हिस्सा भी आग की चपेट में आ गया।

घटना के बाद स्टेशन परिसर में हड़कंप मच गया और यात्रियों के बीच डर और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सुबह का समय होने की वजह से प्लेटफार्म पर काफी संख्या में यात्री मौजूद थे।

सुबह पौने छह बजे मचा हड़कंप

बताया जा रहा है कि यह घटना सुबह करीब पौने छह बजे की है। सासाराम-पटना फास्ट पैसेंजर ट्रेन प्लेटफार्म संख्या छह पर रोज की तरह खुलने के लिए खड़ी थी। ट्रेन में यात्रियों के बैठने का सिलसिला जारी था और लोग अपने सफर की तैयारी कर रहे थे।

इसी दौरान अचानक एक बोगी से धुआं निकलता दिखाई दिया। सुबह मॉर्निंग वॉक कर रहे लोगों की नजर जब धुएं पर पड़ी तो उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया। देखते ही देखते बोगी में आग फैलने लगी और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

मजदूरों और फायर बिग्रेड ने संभाला मोर्चा

वहीं धुंवे और आग की सूचना मिलते ही रैक प्वाइंट पर मौजूद मजदूरों की टोली तुरंत मौके पर पहुंच गई और आग बुझाने की कोशिश में जुट गई। इसके बाद सूचना मिलने पर फायर बिग्रेड की टीम भी मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों तथा मजदूरों के सहयोग से आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया।

जहां काफी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित किया गया, लेकिन तब तक ट्रेन की पांचवीं बोगी पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी। आग की लपटों से चौथी बोगी का पिछला हिस्सा भी प्रभावित हुआ।

आग फैलने से रोकने के लिए ट्रेन काटकर किया अलग

वहीं स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रेलवे कर्मचारियों ने तुरंत बाकी डिब्बों को अलग करने का फैसला लिया। आग की चपेट में आने से बचाने के लिए शेष बोगियों को काटकर अलग कर दिया गया, ताकि आग आगे न फैल सके और बड़ा हादसा टाला जा सके।

वहीं इस घटना के बाद ट्रेन को फिलहाल सासाराम स्टेशन पर ही रोक दिया गया है। हादसे के कारण यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यहां कई यात्री पटना और आरा जाने के लिए दूसरी सवारी और बसों का सहारा लेने की तैयारी करते नजर आए।

रेलवे ने किया विशेष इंतजाम

वहीं घटना के बाद यात्रियों की बढ़ती परेशानी को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने प्लेटफार्म संख्या सात पर खड़ी सासाराम-आरा सवारी गाड़ी को निर्धारित समय से रवाना किया, ताकि यात्रियों को समय पर उनके गंतव्य तक पहुंचाया जा सके।

घटना की सूचना मिलने के बाद डीडीयू रेल डिवीजन के वरिष्ठ अधिकारी भी सासाराम के लिए रवाना हो गए हैं। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और आग लगने के सही कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

Tags:    

Similar News