अखिलेश यादव की गिरफ्तारी के विरोध में सपाईयों का धरना प्रदर्शन



जौनपुर से कपिलदेव मौर्य के अनुसार लखीमपुर खीरी घटना को लेकर सरकार द्वारा सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को गिरफ्तार किये जाने के विरोध में सपाई पूरे प्रदेश में आन्दोलन की राह पर आ गये हैं इसी क्रम में जनपद जौनपुर में समाजवादी पार्टी के लोगों ने जिलाधिकारी कार्यालय के पास अध्यक्ष लाल बहादुर यादव के नेतृत्व में धरना प्रदर्शन किया। सपाइयों के तेवर देख प्रशासन भी सकते में आ गया था।

जिलाध्यक्ष लालबहादुर यादव ने प्रदेश सरकार के ऊपर गुंडई का आरोप लगाते हुए कहा कि सपा अध्यक्ष लखीमपुर खीरी के किसानों का दर्द जानने के लिए जाने वाले थे तो गुण्डों की सरकार ने उन्हें हाउस अरेस्ट कर लिया इसके बाद घर से बाहर निकलते ही गिरफ्तार कर लिया। यह प्रदर्शन राष्ट्रीय अध्यक्ष के रिहाई तक अनवरत चलता रहेगा। अखिलेश यादव की गिरफ्तारी को लोकतंत्र विरोधी बताते हुए मल्हनी विधायक लकी यादव ने कहा कि प्रदेश की सरकार किसानों की हत्यारी सरकार है। उन्होंने कहा कि अब जब तक योगी सरकार को बाहर नहीं खदेड़ा जायेगा तब तक सपा के लोग चैन नहीं ले सकते हैं।

धरना प्रदर्शन में सपा महासचिव हिसामुद्दीन सहित शकील अहमद, पूनम मौर्या, भानू प्रताप मौर्य, मनोज मौर्य, राहुल त्रिपाठी, अबूसाद, समर बहादुर यादव, शिवजीत यादव, श्रवण जयसवाल, उदय प्रताप सिंह आदि बड़ी संख्या में सपाई धरने पर बैठे थे। इस अवसर पर एक कार्यकर्ता ने अखिलेश यादव की गिरफ्तारी के विरोध में आत्म हत्या का प्रयास किया पुलिस उसे गिरफ्तार कर थाने पर ले गयी। प्रदर्शन के दौरान सरकार विरोधी लगाते हुए सपा कार्यकर्ता गण खासे गुस्से में नजर आये। सपा जनो के गुस्सा और धरना प्रदर्शन को देख कर बड़ी संख्या में पुलिस बल और पीएसी बल लगाया गया था खुद डीएम, एसपी स्थिति पर नजर लगाये मानीटरिंग कर रहे थे। 

Update: 2021-10-04 06:36 GMT

Linked news