JSSC के ऑफिस में CID की छापेमारी, सचिव से पूछताछ, CGL मामले में बड़ा एक्शन
JSSC CGL परीक्षा में कथित गड़बड़ी और पेपर लीक के आरोपों को लेकर CID ने JSSC के नामकुम स्थित कार्यालय में छापेमारी की।
JSSC CGL Exam: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की CGL परीक्षा को लेकर जांच एजेंसी CID ने बड़ी कार्रवाई शुरू की है। CID की टीम ने JSSC के नामकुम स्थित कार्यालय में छापेमारी की और वहां मौजूद दस्तावेजों को खंगालना शुरू किया। इस दौरान आयोग के सचिव सुधीर गुप्ता से भी पूछताछ की जा रही है।
बताया जा रहा है कि जांच टीम परीक्षा से जुड़े रिकॉर्ड और दूसरे जरूरी दस्तावेजों की जांच कर रही है। इससे पहले सुधीर गुप्ता के आवास पर भी छापेमारी की जा चुकी है।
CGL परीक्षा पास करने वाले छात्रों की होगी जांच
मामले की जांच के तहत JSSC CGL परीक्षा में सफल हुए सभी अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच किए जाने की जानकारी सामने आई है। CID यह पता लगाने में जुटी है कि परीक्षा में सफल उम्मीदवारों की प्रक्रिया पूरी तरह से नियमों के मुताबिक हुई थी या नहीं।
जांच के दौरान अगर किसी अभ्यर्थी के दस्तावेजों या परीक्षा से जुड़े रिकॉर्ड में गड़बड़ी मिलती है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है। CID की टीम एक-एक कर अभ्यर्थियों से जुड़े दस्तावेजों और उपलब्ध रिकॉर्ड को खंगाल रही है।
पेपर लीक और पैसों के लेन-देन के आरोपों की जांच
झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर सामने आ रही कथित गड़बड़ियों के बीच JSSC CGL परीक्षा की जांच भी तेज हो गई है। इससे पहले झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) से जुड़े कथित मेधा घोटाले की जांच के दौरान गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में JSSC CGL परीक्षा में कथित पेपर लीक और पैसों के लेन-देन को लेकर कुछ अहम जानकारियां मिलने की बात सामने आई थी।
अब CID इन्हीं जानकारियों और जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर JSSC CGL मामले में आगे बढ़ रही है। आयोग के कार्यालय में छापेमारी और सचिव से पूछताछ के जरिए एजेंसी परीक्षा से जुड़ी अनियमितताओं के बारे में ठोस सबूत जुटाने की कोशिश कर रही है।