विजयकांत के निधन से साउथ इंडस्ट्री में छाया मातम, पीएम मोदी-राहुल गांधी ने भी जताया दुख
Vijayakanth Death: एक्टर और राजनेता विजयकांत का निधन हो गया है। खबरों के अनुसार, एक्टर कोविड टेस्ट पॉजिटिव थे और उन्हें सांस लेने में दिक्कत हो रही थी।;
Vijayakanth Death (Image Credit: Social Media)
Vijayakanth Death: मशहूर एक्टर-राजनेता और डीएमडीके प्रमुख कैप्टन विजयकांत का निधन हो गया है। खबरों के अनुसार, उनका कोविड टेस्ट पॉजिटिव आया था और उन्हें सांस लेने में दिक्कत हो रही थीं, जिस कारण उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था। बताया गया कि उन्हें नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन वह अपनी जिंदगी की जंग को हार गए और उन्होंने अस्पताल में ही अपनी अंतिम सांस ली है।
विजयकांत के निधन से साउथ इंडस्ट्री में छाया मातम
विजयकांत के निधन की खबर ने तमिल सिनेमा इंडस्ट्री, उनकी पार्टी डीएमडीके के सदस्यों और उनके सभी फैंस को काफी सदमा पहुंचाया है। विजयकांत के निधन पर कमल हासन, जूनियर एनटीआर सहित कई साउथ सेलेब्स ने दुख व्यक्त किया है।
कमल हासन ने विजयकांत के निधन पर जताया दुख
कमल हासन ने एक्स अकाउंट पर विजयकांत के निधन पर दुख जताया है और एक बेहद इमोशनल नोट भी लिखा है। कमल हासन ने अपने नोट में लिखा है- ''मेरे प्रिय भाई, नेशनल एसोसिएशन ऑफ इंडियन सिनेमा के अध्यक्ष, तमिल सिनेमा के प्रतिष्ठित अभिनेता और कैप्टन विजयकांत के रूप में सभी के प्रिय और प्रशंसित, उनके निधन की खबर बेहद दुखद है। वे हर काम में मानवता को अपनाकर जीते थे। उनमें राजनीतिक स्थान ने नया आत्मविश्वास पैदा किया है। उन्होंने गरीबों को दीर्घकालिक सहायता प्रदान की। बिना किसी डर के बहादुरी उनकी पहचान थी। सिनेमा, राजनीति, क्रांतिकारी कलाकार विजयाकांत हमारी यादों में रहेंगे।"
जूनियर एनटीआर ने भी विजयकांत के निधन पर जताया शोक
जूनियर एनटीआर ने भी विजयकांत के निधन पर शोक जताया है, उन्होंने अपने एक्स अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर कर लिखा- “विजयकांत गारू के निधन के बारे में जानकर दुख हुआ। सिनेमा और राजनीति दोनों में एक सच्चा पावरहाउस। उनकी आत्मा को शाश्वत शांति मिले। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और दोस्तों के साथ हैं।"
पीएम मोदी ने विजयकांत के निधन पर जताया दुख
विजयकांत के निधन के बाद पीएम मोदी ने भी दुख जताया है, उन्होंने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल से पोस्ट करते हुए लिखा- "थिरु विजयकांत जी के निधन से बेहद दुखी हूं। तमिल फिल्म जगत के एक दिग्गज, उनके करिश्माई प्रदर्शन ने लाखों लोगों का दिल जीत लिया। डीएमडीके प्रमुख के निधन ने एक ऐसा शून्य छोड़ दिया है जिसे भरना मुश्किल है। एक राजनीतिक नेता के रूप में, वह सार्वजनिक सेवा के लिए गहराई से प्रतिबद्ध थे, जिसने तमिलनाडु के राजनीतिक परिदृश्य पर एक स्थायी प्रभाव छोड़ा। उनका निधन एक खालीपन छोड़ गया है जिसे भरना मुश्किल होगा। वह एक घनिष्ठ मित्र थे और मैं वर्षों से उनके साथ अपनी बातचीत को याद करता हूं। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार, प्रशंसकों और असंख्य अनुयायियों के साथ हैं। ऊं शांति।''
राहुल गांधी ने भी दी विजयकांत को श्रद्धाजलि
वहीं, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी DMDK संस्थापक, तिरु विजयकांत के निधन पर दुख व्यक्त किया है। राहुल गांधी ने अपने एक्स हैंडल पर ट्वीट कर लिखा- ''DMDK संस्थापक, तिरु विजयकांत जी के निधन से गहरा दुख हुआ। सिनेमा और राजनीति में उनके योगदान ने लाखों लोगों के दिलों पर अमिट छाप छोड़ी है। इस कठिन समय में उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना।''
कोविड-19 पॉजिटिव थे विजयकांत
26 दिसंबर 2023 को डीएमडीके पार्टी ने कहा था कि विजयकांत को नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसी के साथ यह भी जानकारी दी गई थी कि अब विजयकांत स्वस्थ हैं और परीक्षण के बाद घर लौट आएंगे, लेकिन अब पार्टी का कहना है कि उनका कोविड-19 टेस्ट पॉजिटिव आया था और वह वेंटिलेटर सपोर्ट पर थे क्योंकि उन्हें सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। वहीं, जिस अस्पताल में उन्हें भर्ती किया गया था उसने बुलेटिन जारी करते हुए यह बताया है कि विजयकांत निमोनिया के कारण भर्ती थे, जिसके बाद उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था। हालांकि, लाख प्रयासों के बावजूद 28 दिसंबर 2023 की सुबह उनका निधन हो गया।
अपनी एक्टिंग से लोगों के दिलों पर करते थे राज
विजयकांत फिल्मी और राजनीतिक दुनिया का एक बहुत बड़ा नाम थे। उन्होंने अपनी फिल्मी करियर में एक से बढ़कर एक हिट फिल्में दी थीं। उन्होंने अपने पूरे करियर में 154 फिल्मों में काम किया था। हालांकि, फिल्मों के बाद वह राजनीति में आ गए थे और यह कोई नई बात नहीं है। हमारी इंडस्ट्री में ऐसे कई एक्टर्स हैं, जिन्होंने अपने फिल्मी करियर के साथ-साथ राजनीति में भी खूब नाम बनाया है। इसी तरह विजयकांत ने भी राजनीति में खूब नाम कमाया था।
विजयकांत ने की थी डीएमडीके की स्थापना
फिल्मों के बाद राजनीति में आने के बाद विजयकांत ने डीएमडीके की स्थापना की थी और विरुधाचलम और ऋषिवंडियम निर्वाचन क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करते हुए दो बार विधानसभा के सदस्य के रूप में कार्य किया था। वह साल 2011 से 2016 तक तमिलनाडु विधानसभा में विपक्ष के नेता बने थे। बीते साल से ही विजयकांत का स्वास्थ्य काफी बिगड़ा हुआ था, जिसके कारण उन्हें सक्रिय राजनीतिक भागीदारी से पीछे हटना पड़ा था। बता दें कि DMK प्रमुख विजयकांत का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ होगा। इसकी घोषणा CM स्टालिन ने की है।