सलमान फायरिंग केस: CID करेगी आरोपी के सुसाइड की जांच, बाथरूम में दरी से लगाई थी फांसी

Salman Firing Case: सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग मामले में आरोपी के सुसाइड की जांच CID करेगी। आरोपी अनुज ने बाथरूम में फांसी लगा कर की आत्महत्या।

Report :  Aniket Gupta
Update:2024-05-01 18:49 IST

Salman Firing Case: बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के घर पर हुई फायरिंग मामला अब और उलझता नजर आ रहा है। आज इस मामले में गिरफ्तार आरोपी ने पुलिस कस्टडी में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आरोपी अनुज थापन पर अभिनेता के घर के बाहर हुई फायरिंग मामले में हथियार सप्लाई करने का आरोप था। रिपोर्ट के अनुसार, अनुज थापन ने क्राइम ब्रांच के लॉकअप बाथरूम में सुसाइड किया है। अब इस आत्महत्या के मामले की जांच राज्य की CID करेगी।

हथियार सप्लाई का था आरोप

क्राइम ब्रांच सूत्रों के अनुसार, आरोपी अनुज थापन ने क्राइम ब्रांच की कस्टडी में बिस्तर की दरी से परत खोलकर फांसी का फंदा बनाया और बाथरूम में फांसी लगाकर आत्महत्या कर दी। बता दें, यह घटना दोपहर 11 से 12 के बीच की है। सूत्रों के अनुसार, घटना के बाद आरोपी अनुज को सेंट जॉर्ज अस्पताल में एडमिट किया गया था। अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टर्स ने चेकअप किया तो अनुज की मौत हो चुकी थी। बता दें, बीते 14 अप्रैल को बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान के घर पर जिन हथियारों से फायरिंग की गई, उसे मुहैया कराने का आरोप अनुज पर है। मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने पंजाब से अनुज को हिरासत में लिया था।

केस में लगा है मकोका कानून

14 अप्रैल 2024 रविवार की सुबह 5 बजे के करीब सलमान खान के अपार्टमेंट गैलेक्सी पर एक के बाद एक 4-5 फायरिंग हुईं। मामला सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। सलमान के फैंस उनकी सुरक्षा को लेकर चिंतित दिखे। हालांकि, पुलिस और महाराष्ट्र सरकार ने खान परिवार को इस बात का आश्वासन दिया कि उनके साथ पुलिस प्रशासन हैं और उन्हें कुछ नहीं हो सकता। घटना के बाद सलमान की सुरक्षा पहले से भी अधिक सख्त कर दी गई है। बीते दिनों मुंबई पुलिस ने इस मामले में 'मकोका कानून' लगा दिया। अब इसके साथ ही मामले में गिरफ्तार चार आरोपियों को जमानत मिलना मुश्‍क‍िल हो गया था। वहीं क्राइम पुलिस अनमोल बिश्‍नोई पर भी श‍िकंजा कसने वाली है।

Tags:    

Similar News