Guru Randhawa Gym Firing: गुरु रंधावा के जिम पर गोलीबारी करने वाले लॉरेंस बिश्नोई गैंग के 2 शूटर हरियाणा से गिरफ्तार
Guru Randhawa Gym Firing: दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच ने पंजाबी सिंगर गुरु रंधावा के पश्चिम विहार स्थित जिम पर फायरिंग करने वाले लॉरेंस बिश्नोई गैंग के 2 शूटरों (अरमान और तुषार) को गिरफ्तार कर लिया है। सलमान खान से करीबी के कारण यह हमला करवाया गया था।
Guru Randhawa Superhit Songs
Guru Randhawa Gym Firing: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने पंजाबी गायक गुरु रंधावा के पश्चिम विहार स्थित फिटनेस जिम पर हुई फायरिंग के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरमान और तुषार उर्फ ताशू उर्फ पिंकू के रूप में हुई है। दोनों को हरियाणा के बहादुरगढ़ से पकड़ा गया।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े अनिल पंडित के लिए काम कर रहे थे। अनिल पंडित फिलहाल अमेरिका में रहकर गैंग की गतिविधियों का संचालन कर रहा है।
गौरतलब है कि 11 जून की सुबह करीब चार बजे बाइक सवार बदमाशों ने गुरु रंधावा के जिम के बाहर कई राउंड फायरिंग की थी। हालांकि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। मौके से पुलिस ने सात खाली कारतूस बरामद किए थे।
घटना के बाद सोशल मीडिया पर वायरल एक पोस्ट में अनिल पंडित ने फायरिंग की जिम्मेदारी ली थी। पोस्ट में दावा किया गया था कि गुरु रंधावा को पहले भी चेतावनी दी गई थी और अभिनेता सलमान खान से उनकी नजदीकी को हमले की वजह बताया गया था।
जांच के दौरान साहिल, सागर, अरमान और तुषार के नाम सामने आए। इनमें से अरमान और तुषार को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ में दोनों ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। फायरिंग में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी के लिए भी लगातार छापेमारी की जा रही है। दोनों आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लेकर पूरे नेटवर्क और लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ की जा रही है।
बता दें कि काला हिरण शिकार मामले के बाद से सलमान खान लगातार लॉरेंस बिश्नोई गैंग के निशाने पर रहे हैं। इससे पहले गैंग की ओर से सलमान खान के मुंबई स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर भी फायरिंग कराई गई थी। वहीं, सलमान खान के करीबी और एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की भी मुंबई में उनके कार्यालय के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।