फिल्म ‘खानदानी सफाखाना’ में सोनाक्षी करेंगी ऐसा काम, जो नहीं किया अबतक किसी ने

Update: 2019-02-01 04:38 GMT

जयपुर:सोनाक्षी सिन्हा पंजाब में एक अनाम फिल्म की शूटिंग कर रही हैं, जो फरवरी के अंत तक पूरा होने की उम्मीद है। इस फिल्म का निर्देशन शिल्पी दास गुप्ता कर रही हैं जो शो मैन सुभाष घई की शिष्या रह चुकी हैं। यह उनकी पहली फिल्म होगी। इसकी कथा पटकथा उन्होंने ही तैयार की है। अब इस फिल्म का नाम तय हो गया है। इसे ‘खानदानी सफाखाना’ के नाम से प्रदर्शित किया जाएगा।

‘खानदानी सफाखाना’ एक ऐसे सब्जेक्ट पर आधारित है जिस पर बात करने से लोग अक्सर बचते हैं। खासतौर पर मर्द अपनी कमजोरी का इलाज गुपचुप करवाते है। छोटे शहरों में औरतों के मामले में यह और भी गुपचुप तरीके से होता है। यहाँ सभी फर्जी हकीमों के चक्कर में अपनी गाढ़ी कमाई लुटवाते रहते हैं। यह फिल्म इस मुद्दे पर एक सटायरिकल टेक लेती है। बॉलीवुड में टैबू टॉपिक पर फिल्में बन रही हैं और सफल हो रही हैं। अब निर्देशक मृगदीप लाम्बा खानदानी सफाखाना को निर्माता के तौर पर पेश कर रहे हैं जो टैबू टॉपिक पर आधारित है।

रोमांटिक कॉमेडी जोनर की इस फिल्म में सोनाक्षी सिन्हा और अन्नू कपूर मेन लीड में नजर आएंगे। फुकरे फेम वरुण शर्मा भी इस में दिखाई देंगे। अन्नू इसमें एक डॉक्टर का किरदार निभाते नजर आएंगे जो लोगों की कमजोरी का इलाज करते हैं। वे इससे पहले विक्की डोनर में भी डॉक्टर चड्ढा के रूप में दिखाई दिए थे, जिसमें वे स्पर्म क्लिनिक चलाते हैं। सोनाक्षी सिन्हा इस फिल्म में अन्नू के सहायक के रोल में दिखाई देंगी। वे इसमें महिलाओं की कमजोरी का इलाज करती नजर आएंगी।

Tags:    

Similar News