1 महीने तक नमक नहीं खाने से क्या होता है? सेहत पर पड़ते हैं ऐसे असर, जिन्हें जान रह जाएंगे दंग
Salt Benefits: नमक सिर्फ स्वाद नहीं, बल्कि शरीर के सही कामकाज के लिए जरूरी है। बिना नमक लंबे समय तक सेहत पर गंभीर असर पड़ सकता है। आईए बताते है कैसे-
Salt Benefits
Salt Benefits: नमक हमारे रोजमर्रा के खाने में एक अहम हिस्सा है। दाल, सब्ज़ी, सलाद या किसी भी व्यंजन में थोड़ा सा नमक स्वाद बढ़ा देता है। लेकिन नमक सिर्फ स्वाद के लिए नहीं, बल्कि शरीर के सही कामकाज के लिए भी बहुत जरूरी है। जीवन कसारा, सीईओ, स्टेरिस हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड के अनुसार, अगर कोई व्यक्ति पूरे एक महीने तक नमक खाना बंद कर दे, तो उसके शरीर पर गंभीर प्रभाव पड़ सकते हैं।
शरीर के लिए नमक क्यों जरूरी है?
जीवन कसारा बताते हैं कि नमक में पाए जाने वाले सोडियम और क्लोराइड मिनरल शरीर के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। सोडियम शरीर में फ्लूड बैलेंस बनाए रखने, ब्लड प्रेशर को नियंत्रित करने और नर्व सिग्नल्स के सही कामकाज में मदद करता है। क्लोराइड पाचन प्रक्रिया में अहम भूमिका निभाता है और पेट के एसिड को बैलेंस रखता है। यानी नमक सिर्फ स्वाद का हिस्सा नहीं है, बल्कि शरीर की कई जरूरी प्रक्रियाओं का आधार भी है।
1 महीने तक नमक छोड़ देने से क्या होगा?
थकान और कमजोरी
नमक न खाने से शरीर में सोडियम का स्तर गिर जाता है, जिससे थकान और कमजोरी महसूस होती है। मांसपेशियों में खिंचाव, सिर घूमना और ऊर्जा की कमी जैसी समस्याएं भी हो सकती हैं।
ब्लड प्रेशर कम होना
सोडियम ब्लड प्रेशर को सामान्य बनाए रखने में मदद करता है। यदि शरीर में सोडियम की कमी होती है, तो लो ब्लड प्रेशर (हाइपोटेंशन) हो सकता है, जिससे चक्कर, बेहोशी या दिल की धड़कन का अनियमित होना जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं।
मांसपेशियों में ऐंठन
पसीने के साथ शरीर से सोडियम और अन्य इलेक्ट्रोलाइट्स निकलते रहते हैं। अगर नमक नहीं लिया गया तो यह बैलेंस बिगड़ जाता है, जिससे मसल क्रैम्प्स और शरीर में दर्द जैसी परेशानियाँ बढ़ सकती हैं।
दिमाग और नर्व सिस्टम पर असर
सोडियम दिमाग और नर्वस सिस्टम के बीच सिग्नल ट्रांसफर में मदद करता है। लंबे समय तक नमक न लेने से यह प्रक्रिया धीमी पड़ सकती है, जिससे सुस्ती, भ्रम और फोकस करने में कठिनाई जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
पाचन में गड़बड़ी
क्लोराइड पेट में हाइड्रोक्लोरिक एसिड बनाने में मदद करता है, जो पाचन के लिए जरूरी है। नमक न खाने से यह एसिड कम बनने लगता है, जिससे अपच, गैस और भूख की कमी जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
क्या नमक पूरी तरह छोड़ना चाहिए?
कुछ लोग वजन घटाने या हाई ब्लड प्रेशर के डर से नमक कम कर देते हैं। यह एक हद तक ठीक है, लेकिन नमक को पूरी तरह छोड़ना नुकसानदायक हो सकता है। WHO के अनुसार, एक स्वस्थ वयस्क को रोज़ाना लगभग 5 ग्राम (एक चम्मच) नमक से ज्यादा नहीं लेना चाहिए। अगर किसी को हाई ब्लड प्रेशर, किडनी डिजीज या हार्ट प्रॉब्लम है, तो डॉक्टर की सलाह से नमक की मात्रा घटाई जा सकती है, लेकिन पूरी तरह छोड़ना सुरक्षित नहीं है।
Disclaimer: यह खबर आपको केवल जागरूक करने के मकसद से लिखी गई है। हमने इसको लिखने में सामान्य जानकारियों की मदद ली है। NEWSTRACK इस आर्टिकल में दी गई किसी भी जानकारी की सत्यता इसकी पुष्टि नही करता है।