गर्मी में पित्त बढ़ने से हैं परेशान? आजमाएं ये आयुर्वेदिक टॉनिक, दिल रहेगा सेहतमंद और बीमारियां रहेंगी कोसो दूर

Summer Detox Drinks: गर्मियों में बढ़ता पित्त कई स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बनता है। जानिए कुछ असरदार घरेलू शीतल पेय, जो शरीर को ठंडक और संतुलन देते हैं।

Update:2026-04-22 10:20 IST

Summer Detox Drinks

Summer Detox Drinks: गर्मियों का मौसम आते ही शरीर में कई तरह के बदलाव देखने को मिलते हैं। तेज गर्मी का असर सिर्फ बाहर ही नहीं, बल्कि शरीर के अंदर भी महसूस होता है। इस दौरान पित्त दोष तेजी से बढ़ने लगता है, जो कई स्वास्थ्य समस्याओं की जड़ बनता है। जब शरीर में पित्त असंतुलित हो जाता है, तो सिरदर्द, पाचन में गड़बड़ी, त्वचा संबंधी समस्याएं और अधिक थकान जैसी दिक्कतें सामने आने लगती हैं। इसके अलावा मुंह और जीभ में छाले, पेट में अधिक एसिड बनना, तेज गर्मी का अहसास और चिड़चिड़ापन भी पित्त बढ़ने के संकेत हैं। अच्छी बात यह है कि सही खानपान और कुछ घरेलू उपायों की मदद से इसे संतुलित किया जा सकता है।

पान और गुलकंद का शरबत

गर्मियों में पित्त को शांत करने के लिए पान और गुलकंद से बना शरबत बेहद लाभकारी माना जाता है। यह शरीर को ठंडक देता है और पेट को भी आराम पहुंचाता है। साथ ही, यह पाचन क्रिया को बेहतर बनाने में मदद करता है और दिनभर शरीर में ऊर्जा बनाए रखता है। नियमित रूप से इसका सेवन करने से गर्मी से होने वाली कई परेशानियों से राहत मिल सकती है।

खजूरादी मंथ के फायदे

खजूरादी मंथ एक पारंपरिक आयुर्वेदिक पेय है, जो शरीर को अंदर से ठंडक प्रदान करता है। यह खासतौर पर उन लोगों के लिए फायदेमंद है जो गर्मियों में कमजोरी या अत्यधिक प्यास से परेशान रहते हैं। इसके सेवन से शरीर में ताकत बढ़ती है और खून की कमी यानी एनीमिया को दूर करने में भी मदद मिलती है। यह पेय शरीर को हाइड्रेट रखने में भी सहायक होता है।

आंवला और सब्जा सीड का मिश्रण

आंवला और सब्जा सीड का मिश्रण एक तरह का प्राकृतिक टॉनिक है, जो पित्त को संतुलित करने में काफी प्रभावी है। यह शरीर को ठंडा रखने के साथ-साथ पाचन तंत्र को मजबूत बनाता है। इसके नियमित सेवन से शरीर में जमा विषैले तत्व बाहर निकलते हैं और कोलेस्ट्रॉल स्तर को नियंत्रित रखने में भी मदद मिलती है, जिससे हृदय रोगों का खतरा कम होता है।

नारियल और कोकम पेय

नारियल और कोकम से बना पेय शरीर में ठंडक बनाए रखने के लिए एक बेहतरीन विकल्प है। यह हार्मोन संतुलन में भी मदद करता है और पेट से जुड़ी समस्याओं जैसे गैस, एसिडिटी और सीने में जलन को कम करता है। गर्मियों में इसे पीने से शरीर तरोताजा बना रहता है।

सीबकथॉर्न जूस के लाभ

सीबकथॉर्न का जूस गर्मियों में किसी औषधि से कम नहीं है। इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाते हैं। इसके नियमित सेवन से शरीर को लंबे समय तक स्वस्थ और ऊर्जावान बनाए रखने में मदद मिलती है। 

Tags:    

Similar News