Modi Cabinet Reshuffle: मोदी कैबिनेट से होगी इन 12 मंत्रियों की छुट्टी? राज्यसभा चुनाव के बाद हो सकता है बड़ा फेरबदल

Modi Cabinet Reshuffle: सियासी गलियारों में चर्चा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली सरकार मंत्रिपरिषद में बड़ा बदलाव कर सकती है।

Update:2026-06-09 08:30 IST

Modi Cabinet Reshuffle

Modi Cabinet Reshuffle: राज्यसभा चुनाव की तारीख नजदीक आते ही केंद्र की एनडीए सरकार में संभावित कैबिनेट फेरबदल को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। सियासी गलियारों में चर्चा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली सरकार मंत्रिपरिषद में बड़ा बदलाव कर सकती है। हालांकि अभी तक सरकार या भाजपा की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन सूत्रों के मुताबिक इस फेरबदल में कई मंत्रियों की जिम्मेदारियां बदली जा सकती हैं।

कई मंत्रियों की हो सकती है छुट्टी

रिपोर्ट्स के अनुसार, आगामी बदलाव में कुछ केंद्रीय मंत्रियों और राज्य मंत्रियों को मंत्रिपरिषद से बाहर किया जा सकता है। बताया जा रहा है कि कम से कम दो कैबिनेट मंत्री और तीन राज्य मंत्री अपने पद गंवा सकते हैं। इसके अलावा कुछ नेताओं को संगठन में नई जिम्मेदारियां सौंपे जाने की भी संभावना जताई जा रही है। सूत्रों का कहना है कि भाजपा आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठन और सरकार दोनों स्तरों पर नए समीकरण तैयार कर रही है। खासकर उत्तर प्रदेश सहित कई महत्वपूर्ण राज्यों में चुनावी रणनीति को मजबूत करने के लिए बड़े फैसले लिए जा सकते हैं।

सहयोगी दलों को मिल सकता है बड़ा प्रतिनिधित्व

एनडीए के सहयोगी दलों को भी इस संभावित विस्तार और फेरबदल में लाभ मिलने की चर्चा है। माना जा रहा है कि जनता दल (यूनाइटेड), तेलुगु देशम पार्टी, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी और राष्ट्रीय लोक मोर्चा जैसे सहयोगी दलों को सरकार में अधिक प्रतिनिधित्व दिया जा सकता है।विशेष रूप से बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जेडीयू और आंध्र प्रदेश के नेता चंद्रबाबू नायडू की टीडीपी को अतिरिक्त मंत्रालय मिलने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि अधिकांश सहयोगी नेताओं को राज्य मंत्री स्तर की जिम्मेदारियां मिलने की उम्मीद है।

नए चेहरों को मिल सकता है मौका

राज्यसभा का कार्यकाल पूरा कर रहे कुछ वरिष्ठ नेताओं की भूमिका में भी बदलाव हो सकता है। रिपोर्ट्स के अनुसार, 70 वर्ष से अधिक आयु वाले कुछ राज्यसभा सांसदों की जगह नए नेताओं को अवसर देने पर विचार किया जा रहा है। भाजपा संगठन से जुड़े विभिन्न मोर्चों के नेताओं को पहली बार केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने की भी संभावना व्यक्त की जा रही है। इससे पार्टी युवा और नए चेहरों को आगे बढ़ाने का संदेश दे सकती है।

कई अहम मंत्रालयों में बदलाव की चर्चा

सूत्रों के मुताबिक रेलवे, वित्त, कॉर्पोरेट मामलों, कोयला, वस्त्र, सूचना एवं प्रसारण, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी, ग्रामीण विकास, कृषि, पर्यावरण, जल शक्ति, कानून, रसायन एवं उर्वरक, सहकारिता और मत्स्य पालन जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालयों में फेरबदल संभव है। हालांकि इन बदलावों को लेकर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और अंतिम फैसला पार्टी नेतृत्व द्वारा ही लिया जाएगा।

18 जून को होंगे राज्यसभा चुनाव

18 जून को राज्यसभा की 26 सीटों के लिए चुनाव और उपचुनाव होने हैं। इनमें आंध्र प्रदेश, गुजरात और कर्नाटक की चार-चार सीटें, मध्य प्रदेश और राजस्थान की तीन-तीन सीटें, झारखंड की दो सीटें तथा मणिपुर, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम की एक-एक सीट शामिल हैं। इसके अलावा महाराष्ट्र और तमिलनाडु में एक-एक सीट पर उपचुनाव भी कराया जाएगा। इन 26 सीटों में से एनडीए के पास 18 सीटें हैं, जिनमें 12 सीटें भाजपा के खाते में हैं। ऐसे में राज्यसभा चुनाव के नतीजे और संभावित कैबिनेट फेरबदल दोनों पर राजनीतिक दलों की नजर बनी हुई है।

Tags:    

Similar News