Anand Mahindra Helps Elderly Violinist: 80 की उम्र, टूटा वायलिन और अटूट जुनून... बुजुर्ग कलाकार की कहानी ने जीत लिया आनंद महिंद्रा का दिल

Anand Mahindra Helps Elderly Violinist: कोलकाता की सड़कों पर टूटे वायलिन से रोजी कमाने वाले 80 वर्षीय भगवान मलिका की कहानी वायरल होने के बाद आनंद महिंद्रा ने मदद का भरोसा जताया।

Update:2026-06-26 11:47 IST

Anand Mahindra Helps Elderly Violinist 2026

Anand Mahindra Helps Elderly Violinist: सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म सिर्फ जानकारी प्रदान करने और मनोरंजन का साधन तक ही सीमित नहीं रह गया है। बल्कि यह जरूरतमंदों की मदद करने का भी सरल और सुगम जरिया बन चुका है। इसी कड़ी में इन दिनों सोशल मीडिया पर एक 80 वर्षीय बुजुर्ग का वीडियो लाखों लोगों का दिल जीत रहा है। पश्चिम बंगाल के कोलकाता में रोज शाम को टूटा हुआ वायलिन बजाकर अपनी आजीविका चलाने वाले भगवान मलिका की कहानी इसी सोशल मीडिया के जरिए उद्योगपति आनंद महिंद्रा तक पहुंची तो उन्होंने भी उनकी मदद के लिए हाथ बढ़ा दिया। महिंद्रा ने न सिर्फ उनके जुनून की सराहना की, बल्कि यह भी दिखाया कि सच्ची कला उम्र और परिस्थितियों की मोहताज नहीं होती।

https://x.com/VertigoWarrior/status/2069377236743192619


कोलकाता की सड़कों पर जिंदा है संगीत का जुनून

भगवान मलिका पश्चिम बंगाल के कोलकाता में न्यूटाउन बस स्टैंड, DLF सबवे और न्यूटाउन आर्ट स्ट्रीट के पास रोज शाम करीब 5 बजे से रात 11 बजे तक अपना पुराना और टूटा हुआ वायलिन बजाते हैं। बताया जाता है कि यह वायलिन करीब 40 साल पुराना है और काफी खराब हालत में है। इसके बावजूद वह हर दिन पूरे समर्पण के साथ लोगों के सामने संगीत प्रस्तुत करते हैं। उनकी रोज की कमाई करीब 100 रुपये के आसपास होती है, जिससे उनका गुजारा चलता है।

एक वीडियो ने बदल दी कहानी

भगवान मलिका की कहानी कंटेंट क्रिएटर अराधना चटर्जी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा की। उन्होंने बताया कि वह अपनी ओर से बुजुर्ग कलाकार की मदद कर चुकी हैं, लेकिन उनके लिए ज्यादा लोगों तक यह कहानी पहुंचाना जरूरी है ताकि उन्हें बेहतर सहयोग मिल सके। वीडियो वायरल होने के बाद हजारों लोगों ने इसे शेयर किया और बुजुर्ग कलाकार के संघर्ष तथा समर्पण की जमकर सराहना की।

आनंद महिंद्रा ने दिखाई दरियादिली

वीडियो वायरल होने के बाद उद्योगपति आनंद महिंद्रा की भी इस पर नजर पड़ी। एक्स पर शेयर किए गए पोस्ट में भगवान मलिका की मेहनत और कला के प्रति उनके समर्पण का जिक्र किया गया था। पोस्ट देखने के बाद आनंद महिंद्रा ने मदद का भरोसा जताया और उनके जुनून को सलाम किया। महिंद्रा पहले भी कई बार ऐसे प्रतिभाशाली लेकिन आर्थिक रूप से कमजोर लोगों की सहायता कर चुके हैं। यही वजह है कि सोशल मीडिया पर लोग उनके इस कदम की भी जमकर तारीफ कर रहे हैं।

कला के प्रति सम्मान के लिए पहचाने जाते हैं आनंद महिंद्रा

आनंद महिंद्रा केवल उद्योग जगत के बड़े नाम नहीं हैं, बल्कि कला, संस्कृति और प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए भी जाने जाते हैं। सोशल मीडिया पर वह अक्सर ऐसे लोगों की कहानियां साझा करते हैं, जिन्होंने सीमित संसाधनों के बावजूद अपनी प्रतिभा को जिंदा रखा है। कई मौकों पर उन्होंने कलाकारों, खिलाड़ियों, छात्रों और जरूरतमंद लोगों को आर्थिक सहायता या रोजगार के अवसर भी उपलब्ध कराए हैं।

सोशल मीडिया पर मिल रहा भरपूर समर्थन

वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर हजारों लोगों ने भगवान मलिका की मदद की अपील की है। कई यूजर्स ने उनके लिए नया वायलिन उपलब्ध कराने और आर्थिक सहायता देने की इच्छा जताई है। लोगों का कहना है कि ऐसे कलाकार समाज की धरोहर हैं और इन्हें सम्मान व सहयोग मिलना चाहिए। आनंद महिंद्रा की पहल के बाद उम्मीद की जा रही है कि भगवान मलिका को बेहतर आर्थिक सहायता और अपनी कला को आगे बढ़ाने का नया अवसर मिलेगा।

Tags:    

Similar News