दिगलीपुर को मिली विकास की सौगात, ₹62 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं को मिली रफ्तार
Andaman News: उपराज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा ने दिगलीपुर दौरे पर ₹62.29 करोड़ की विकास परियोजनाओं की घोषणा की। समुद्री सुरक्षा और स्थानीय समस्याओं को लेकर भी दिए अहम निर्देश।
Andaman News: अंडमान तथा निकोबार द्वीपसमूह के उपराज्यपाल डॉ. दिनेश शर्मा ने मंगलवार को उत्तर एवं मध्य अंडमान जिले के दिगलीपुर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने करीब ₹62.29 करोड़ की विकास परियोजनाओं की घोषणा एवं शिलान्यास किया। दौरे के दौरान उपराज्यपाल ने मॉरिस टिकरे, मधुपुर में ₹11.62 करोड़ की लागत से बनने वाले राजकीय पॉलीटेक्निक की आधारशिला रखी। इसके अलावा डी.बी. ग्राम में कालपोंग नाले के किनारे गैबियन दीवार निर्माण का भी शिलान्यास किया। उन्होंने उप-जिला अस्पताल का निरीक्षण करने के साथ समुद्री सुरक्षा को लेकर उच्च स्तरीय बैठक भी की।
राजकीय पॉलीटेक्निक और गैबियन दीवार की रखी आधारशिला
दिगलीपुर हेलीपैड पहुंचने पर अंडमान तथा निकोबार पुलिस के जवानों, अधिकारियों और स्थानीय लोगों ने उपराज्यपाल का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। दौरे की शुरुआत करते हुए उन्होंने मॉरिस टिकरे, मधुपुर में करीब ₹11.62 करोड़ की लागत से बनने वाले राजकीय पॉलीटेक्निक की आधारशिला रखी। उन्होंने कहा कि पॉलीटेक्निक के निर्माण से उत्तर एवं मध्य अंडमान के युवाओं को अपने क्षेत्र में ही तकनीकी शिक्षा प्राप्त होगी। इससे उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
इसके बाद उपराज्यपाल ने बेली ब्रिज के पास डी.बी. ग्राम में कालपोंग/कल्याण नाले के किनारे करीब ₹97 लाख की लागत से बनने वाली गैबियन दीवार का शिलान्यास किया। इस परियोजना का उद्देश्य नाले के किनारे हो रहे भू-कटाव को रोकना और आसपास के क्षेत्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
स्थल निरीक्षण के दौरान स्थानीय नागरिकों ने बताया कि भू-कटाव रोकने के लिए करीब 400 मीटर लंबी गैबियन दीवार की आवश्यकता है, जबकि पहले चरण में केवल 100 मीटर दीवार का निर्माण प्रस्तावित है। इस पर उपराज्यपाल ने शेष करीब 300 मीटर गैबियन दीवार का कार्य भी तत्काल एक साथ पूरा कराने के निर्देश दिए, ताकि समस्या का स्थायी समाधान हो सके।
उन्होंने भू-कटाव के कारण बह गए मार्ग पर आवागमन जल्द बहाल करने के लिए प्राथमिकता के आधार पर कच्चा मार्ग बनाने के निर्देश भी दिए। इससे स्थानीय नागरिकों और किसानों को अपनी उपज, फल-सब्जियों आदि के परिवहन में सुविधा मिल सकेगी।
उप-जिला अस्पताल का किया निरीक्षण, मरीजों से जाना हाल
दौरे के अगले चरण में उपराज्यपाल ने उप-जिला अस्पताल, दिगलीपुर का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल की विभिन्न सुविधाओं, वार्डों और स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। साथ ही मरीजों से बातचीत कर उनके हालचाल जाने। मरीजों की मांग पर उन्होंने निरीक्षण स्थल से ही स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक कार्मिकों की तैनाती के निर्देश दिए।
उन्होंने चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों को दवाइयों की उपलब्धता बनाए रखने, साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने तथा स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं जनहितैषी बनाने के निर्देश दिए।
समुद्री सुरक्षा को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक
दौरे के दौरान उपराज्यपाल ने आईएनएस कोहासा के कमांडिंग ऑफिसर कैप्टन मोक्ष कोहली और जिला मजिस्ट्रेट श्री सुशांत पधा के साथ बैठक की। इसमें समुद्री सीमाओं से अवैध घुसपैठ और मादक पदार्थों की तस्करी की रोकथाम जैसे महत्वपूर्ण सुरक्षा विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
उपराज्यपाल ने संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर ठोस कार्ययोजना तैयार करने, संयुक्त अभियान संचालित करने और समुद्री सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए प्रभावी एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनता दर्शन में सुनीं लोगों की समस्याएं
दौरे के अंतिम चरण में उपराज्यपाल ने पंचायत समिति हॉल, दिगलीपुर में पंचायती राज संस्थाओं के जनप्रतिनिधियों, विभागाध्यक्षों और आम जनता के साथ बैठक की। इस दौरान स्थानीय लोगों ने अपनी समस्याएं और सुझाव उनके सामने रखे। उपराज्यपाल ने सभी विषयों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से जनता की समस्याओं का जल्द समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
₹62.29 करोड़ की विकास परियोजनाओं की घोषणा और शिलान्यास
जनता दर्शन के अवसर पर क्षेत्र के समग्र विकास और जनसुविधाओं के विस्तार के लिए करीब ₹62.29 करोड़ की विकास परियोजनाओं की घोषणा एवं शिलान्यास किया गया। इसमें ₹12.59 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है। इसके तहत मॉरिस टिकरे में ₹11.62 करोड़ की लागत से पॉलीटेक्निक संस्थान और डी.बी. ग्राम में बेली ब्रिज के दोनों ओर कालपोंग नाले के किनारे करीब ₹97 लाख की लागत से गैबियन दीवार का निर्माण किया जाएगा।
इसके अलावा ₹49.70 करोड़ की स्वीकृत विकास परियोजनाओं की घोषणा की गई। इनमें सड़क, पुल एवं राज्य राजमार्गों के निर्माण और उन्नयन के लिए ₹27.96 करोड़, पंचायती राज संस्थाओं के माध्यम से ग्रामीण आधारभूत संरचना के विकास के लिए ₹8.60 करोड़ तथा पेयजल आपूर्ति व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण एवं विस्तार के लिए ₹7.42 करोड़ शामिल हैं।
वहीं, विद्यालय भवनों और शैक्षणिक आधारभूत संरचना के उन्नयन के लिए ₹4.91 करोड़ के कार्य प्रस्तावित हैं। इसके अतिरिक्त विद्युत, वन और आंगनवाड़ी केंद्रों से संबंधित विभिन्न विकास कार्य भी शामिल हैं।
उपराज्यपाल ने माध्यमिक विद्यालय में ही बीए और बीकॉम पाठ्यक्रमों के लिए भवन निर्माण कराने तथा कक्षाएं जल्द से जल्द शुरू करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही NH-4 सहित अन्य सड़कों के टेंडर पारदर्शी तरीके से जल्द पूरा कर निर्माण कार्य शुरू कराने को कहा।
उपराज्यपाल ने कहा कि द्वीपसमूह के प्रत्येक क्षेत्र का समग्र एवं संतुलित विकास करना और नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
इस अवसर पर उपायुक्त, उत्तर एवं मध्य अंडमान श्री सुशांत पधा, पुलिस अधीक्षक श्री विकास स्वामी, विशेष सचिव, लोक निवास सचिवालय श्री अपूर्व शर्मा, जिला परिषद अध्यक्ष श्री अलगर स्वामी, प्रमुख दिगलीपुर श्री दीपांकर मिस्त्री, प्रधान दिगलीपुर श्री सिंगाराम, प्रधान मधुपुर श्री श्यामल देवनाथ, सहायक आयुक्त सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।