अतीक अहमद के बेटे Aban की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बड़ा खुलासा, शरीर पर मिलीं 23 चोटें, ब्रेन हेमरेज से लेकर इंटरनल ब्लीडिंग तक
Atiq Ahmed Son Aban Ahmed Post Mortem Report: अबान के शरीर पर 23 चोटें, ब्रेन हेमरेज और गंभीर इंटरनल इंजरी का खुलासा। अली-उमर को जनाजे में शामिल होने के लिए पैरोल मिली।
Atiq Ahmed Son Aban Ahmed Post Mortem Report: माफिया और पूर्व सांसद अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद की सड़क हादसे में मौत के बाद उसकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आई है। रिपोर्ट में अबान के शरीर पर 23 गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। पोस्टमार्टम में सिर में गंभीर चोट, ब्रेन हेमरेज और शरीर के अंदरूनी हिस्सों में गंभीर क्षति की बात सामने आई है। हादसे में अबान के दोस्त रफीक उर्फ सोनू की भी मौत हुई थी। उसकी मौत सिर में लगी गंभीर चोट के कारण होने की पुष्टि हुई है।
अबान अहमद अपने भाई से मिलने के लिए जा रहा था, इसी दौरान कानपुर-झांसी मार्ग पर उसकी कार हादसे का शिकार हो गई। दुर्घटना में अबान और उसके दोस्त सोनू की मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शव शुक्रवार को प्रयागराज लाए गए।
अबान के शरीर पर मिलीं 23 चोटें
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक अबान के शरीर पर कुल 23 चोटों के निशान मिले हैं। गंभीर चोटों के कारण उसके शरीर के कई अंदरूनी हिस्सों को नुकसान पहुंचा। रिपोर्ट में सिर की चोट और ब्रेन हेमरेज के साथ गंभीर इंटरनल इंजरी का भी उल्लेख किया गया है।
वहीं, अबान के दोस्त रफीक उर्फ सोनू की मौत सिर में लगी गंभीर चोट के कारण हुई। दोनों शवों का पोस्टमार्टम पूरा होने के बाद उन्हें प्रयागराज लाया गया।
सोनू को किया गया सुपुर्द-ए-खाक
सोनू का जनाजा शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद निकाला गया और उसे सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। वहीं अबान का जनाजा बड़े भाइयों अली अहमद और उमर अहमद के आने का इंतजार करते हुए रोक दिया गया।
जनाजे में शामिल होंगे अली और उमर
झांसी जेल में बंद अली अहमद और लखनऊ जेल में बंद उमर अहमद को अबान के जनाजे में शामिल होने के लिए इलाहाबाद हाई कोर्ट से अनुमति मिल गई है। दोनों को सीमित अवधि के लिए पैरोल दी गई है।
बुआ परवीन कुरैशी की याचिका पर शुक्रवार को न्यायमूर्ति अजय भनोट और न्यायमूर्ति दिवेश चंद सामंत की खंडपीठ ने सुनवाई की। अदालत ने दोनों को 8 अगस्त की रात 8 बजे तक पैरोल की अनुमति दी है। हालांकि, पैरोल के दौरान कई शर्तें भी लगाई गई हैं। इनमें प्रमुख शर्त यह है कि दोनों भाई मीडिया से बातचीत नहीं करेंगे।
आज होगा अबान का अंतिम संस्कार
अली और उमर के प्रयागराज पहुंचने के बाद अबान का जनाजा निकाला जाएगा। परिवार की ओर से शनिवार को उसे सुपुर्द-ए-खाक किए जाने की तैयारी है। मौत के बाद सामने आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने हादसे की भयावहता को सामने ला दिया है।