बाबा रामदेव ने धीरेंद्र शास्त्री को सुनाई खरी-खोटी, अखिलेश यादव ने कसा तंज; सिर्फ दो शब्दों में कह दी बड़ी बात!
बाबा रामदेव ने धीरेंद्र शास्त्री पर तीखी टिप्पणी की। इस पर अखिलेश यादव ने उनका वीडियो शेयर कर 'अनुलोम-विलोम' लिखते हुए तंज कसा। जानें पूरा मामला।
Image Source – Social Media
Baba Ramdev vs Dhirendra Shastri: योग गुरु बाबा रामदेव और बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री के बीच बयानबाजी का मामला अब राजनीतिक रंग लेता दिख रहा है। धीरेंद्र शास्त्री पर बाबा रामदेव के तीखे हमले के बाद समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी चुटकी ली है। अखिलेश यादव ने बाबा रामदेव का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर करते हुए सिर्फ दो शब्द लिखे- 'अनुलोम-विलोम'। उनकी इस छोटी सी पोस्ट ने सोशल मीडिया पर चर्चा छेड़ दी है।
बाबा रामदेव ने धीरेंद्र शास्त्री को क्या कहा?
दरअसल, झारखंड के जमशेदपुर में एक कार्यक्रम के दौरान बाबा रामदेव ने नाम लिए बगैर बाबा बागेश्वर को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि कुछ लोग न वेद, उपनिषद और दर्शन के बारे में जानते हैं और न ही दूसरे धार्मिक ग्रंथों की जानकारी रखते हैं, लेकिन खुद को सनातनी बताकर हिंदू धर्म बचाने की बात करते हैं। रामदेव ने ऐसे लोगों पर तंज कसते हुए कहा, 'खुद को ही बचा ले बावले, पाखंडी कहीं का, धूर्त।' उन्होंने प्रेत बाधा के नाम पर दरबार लगाने और लोगों को डराने के तरीकों पर भी सवाल उठाए।
भगवान राम-कृष्ण की तुलना पर भी भड़के रामदेव
बाबा रामदेव ने अपने संबोधन में भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण की तुलना किए जाने पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि देवी-देवताओं के प्रति अपमानजनक टिप्पणी नहीं करनी चाहिए। रामदेव ने धीरेंद्र शास्त्री की कथित टिप्पणी का संदर्भ देते हुए कहा कि भगवान राम को महान और कृष्ण को टेढ़ा-मेढ़ा बताने के बाद माफी मांगना और फिर बांके बिहारी मंदिर में दर्शन करना क्या मायने रखता है। उन्होंने इस पर कड़ी नाराजगी जाहिर की।
अखिलेश यादव ने 'अनुलोम-विलोम' लिखकर ली चुटकी
बाबा रामदेव के इस बयान के बाद अखिलेश यादव ने एक्स पर उनका वीडियो साझा किया। इसके साथ उन्होंने 'अनुलोम-विलोम' लिखा। अखिलेश की इस पोस्ट को रामदेव के योग और अनुलोम-विलोम से जोड़कर किए गए तंज के तौर पर देखा जा रहा है।
पहले भी धीरेंद्र शास्त्री पर निशाना साध चुके हैं अखिलेश
यह पहली बार नहीं है जब अखिलेश यादव ने धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के बयान पर प्रतिक्रिया दी है। इससे पहले उन्होंने भगवान राम और भगवान कृष्ण को लेकर की गई कथित टिप्पणी पर नाराजगी जताई थी। अखिलेश ने कहा था कि धार्मिक कथाओं के खिलाफ समाजवादी पार्टी नहीं है, लेकिन देवी-देवताओं के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणियां स्वीकार नहीं की जा सकतीं। उन्होंने इस मामले में कार्रवाई की मांग भी उठाई थी।
कुंडा में रामदेव ने की थी धीरेंद्र शास्त्री की तारीफ
इस पूरे विवाद में एक दिलचस्प पहलू यह भी है कि कुछ दिन पहले उत्तर प्रदेश के कुंडा में राजा भैया की ओर से आयोजित कथा के दौरान बाबा रामदेव ने धीरेंद्र शास्त्री का स्वागत किया था और उनकी तारीफ भी की थी। उन्होंने उन्हें भगवान का अंशावतार बताया था। अब उनके ताजा बयान के बाद दोनों के संबंधों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, रामदेव ने अपने जमशेदपुर वाले संबोधन में सीधे तौर पर धीरेंद्र शास्त्री का नाम नहीं लिया।