PM मोदी का लोकनिवास दौरा क्यों है खास? गुरुपर्व पर शबद कीर्तन में हुए शामिल
गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व की पूर्व संध्या पर पीएम नरेंद्र मोदी लोकनिवास पहुंचे। यहां पीएम मोदी शबद कीर्तन में शामिल हुए।
PM Modi Lok Niwas Visit
PM Modi Lok Niwas Visit: गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व पर सोमवार को दिल्ली के लोकनिवास में विशेष शबद कीर्तन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इस धार्मिक आयोजन में शामिल हुए। इस दौरान दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। इस कार्यक्रम को गुरु नानक देव की शिक्षाओं, सिख परंपरा और गुरबाणी को समर्पित किया गया। शबद कीर्तन के माध्यम से गुरु नानक देव के संदेशों को याद किया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री की मौजूदगी विशेष आकर्षण का केंद्र रही।
पहली बार लोकनिवास पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी
इस आयोजन की एक खास बात यह भी रही कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहली बार दिल्ली के उपराज्यपाल के आधिकारिक आवास लोकनिवास पहुंचे। कार्यक्रम की मेजबानी दिल्ली के उपराज्यपाल सरदार तरनजीत सिंह संधू ने की। दरअसल, गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व से एक दिन पहले लोकनिवास में इस विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसके लिए सोमवार शाम 4 बजे से 7 बजे तक का समय निर्धारित किया गया था। प्रधानमंत्री के आगमन को देखते हुए दिल्ली सरकार के गृह विभाग और संबंधित एजेंसियों ने तैयारियां की थीं।
24 नवंबर को मनाया जाएगा प्रकाश पर्व
गौरतलब है कि गुरु नानक देव का प्रकाश पर्व इस साल 24 नवंबर 2026 को मनाया जाएगा। यह सिख धर्म के सबसे महत्वपूर्ण धार्मिक पर्वों में से एक है। गुरु नानक देव सिख धर्म के संस्थापक और पहले गुरु थे। उनका जन्म कार्तिक पूर्णिमा के दिन हुआ था। इसी अवसर को हर साल प्रकाश पर्व के रूप में मनाया जाता है। इस खास मौके पर देशभर के गुरुद्वारों में विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। गुरुद्वारों को सजाया जाता है और श्रद्धालु बड़ी संख्या में मत्था टेकने पहुंचते हैं। अखंड पाठ, शबद कीर्तन, अरदास और लंगर जैसे आयोजन इस पर्व का महत्वपूर्ण हिस्सा होते हैं।
गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व का विशेष महत्व
गौरतलब है कि गुरु नानक देव सिख धर्म के संस्थापक और पहले गुरु थे। उनका जन्मोत्सव प्रकाश पर्व के रूप में मनाया जाता है। इस अवसर पर देश-दुनिया के गुरुद्वारों में विशेष कीर्तन, अरदास और लंगर का आयोजन होता है। गुरु नानक देव ने समाज को समानता, भाईचारे, मानवता और सेवा का संदेश दिया था। उनके उपदेशों में 'नाम जपो, किरत करो और वंड छको' का विशेष महत्व है। इस आयोजन के जरिए भी इन्हीं मूल्यों और शिक्षाओं को याद किया गया।