पीएम मोदी-बालेन्द्र शाह की मुलाकात में 8 बड़े समझौते, नेपाल में IIT से लेकर सैटेलाइट नेटवर्क तक बड़ा प्लान
पीएम मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह की बैठक में 8 समझौते हुए। भारत ने नेपाल को 15 हजार करोड़ का पैकेज दिया। नेपाल में IIT कैंपस और अयोध्या-जनकपुर ट्रेन सेवा भी बड़ी घोषणा रही।
PM Modi Balen Shah meeting
PM Modi Balen Shah meeting: भारत ने ऐसा लगता है कि नेपाल के लिए खजाना खोल दिया है। सोमवार, 23 नवंबर को नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के पीएम बालेन्द्र शाह के बीच द्विपक्षीय बातचीत हुई। इस दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, अंतरिक्ष तकनीक, व्यापार और कनेक्टिविटी समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक के बाद भारत और नेपाल के बीच 8 समझौते पर हस्ताक्षर किए गए। इसके अलावा भारत ने नेपाल के पुनर्निर्माण और विकास के लिए करीब 15 हजार करोड़ रुपये के आर्थिक पैकेज का ऐलान भी किया। नेपाल में, स्टार्टअप इन्क्यूबेटर और इनोवेशन हब बनाने की घोषणा भी की गई।
नेपाल को 15 हजार करोड़ रुपये की आर्थिक मदद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल के लिए 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये के विकास सहयोग पैकेज की घोषणा की है। भारतीय मुद्रा में इसकी कीमत करीब 15 हजार करोड़ रुपये है। इस आर्थिक मदद का उद्देश्य नेपाल में पुनर्निर्माण और दीर्घकालिक विकास परियोजनाओं को गति देना है।
दरअसल, अगस्त में नेपाल में भीषण बाढ़ के कारण कई इलाके पूरी तरह से तबाह हो गए थे। बड़ी संख्या में घर, सड़कें, पुल और सार्वजनिक बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा था। ऐसे में भारत की ओर से घोषित यह पैकेज नेपाल को दोबारा विकास की राह पर आगे बढ़ाने में मदद करेगा। पीएम मोदी ने कहा कि भारत नेपाल के मजबूत और समृद्ध भविष्य की यात्रा में हमेशा साझेदार रहेगा। उन्होंने प्राकृतिक आपदा से प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना भी जताई।
नेपाल में बनेगा IIT कैंपस, स्टार्टअप हब भी खुलेगा
नेपाल के युवाओं के लिए भी बड़ा ऐलान किया गया। भारत नेपाल में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) का ऑफशोर कैंपस स्थापित करने में सहयोग करेगा। इसके साथ ही वहां स्टार्टअप इन्क्यूबेटर और इनोवेशन हब भी बनाया जाएगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि नेपाल की युवा पीढ़ी प्रतिभा, ऊर्जा और बड़े सपनों से भरी हुई है। भारत उनके सपनों को पूरा करने में साझेदार बनना चाहता है। इसके अलावा कानून और तकनीक के क्षेत्र में नेपाली छात्रों के लिए भारत में छात्रवृत्ति के अवसर भी बढ़ाए जाएंगे। इस पहल से नेपाल के युवाओं को उच्च शिक्षा, तकनीकी प्रशिक्षण, रिसर्च और नए बिजनेस शुरू करने के बेहतर अवसर मिलने की उम्मीद है।
अयोध्या से जनकपुर तक चलेगी ट्रेन
भारत और नेपाल के बीच धार्मिक और सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने के लिए अयोध्या से नेपाल के जनकपुर तक सरयू-कमला एक्सप्रेस ट्रेन सेवा की शुरुआत की गई है। पीएम मोदी और बालेन्द्र शाह ने वर्चुअल माध्यम से इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। यह रेल सेवा अयोध्या और नेपाल के जनकपुर धाम को जोड़ेगी। करीब 604 किलोमीटर की दूरी तय करने में ट्रेन को लगभग 19 घंटे लगेंगे। नियमित सेवा 28 नवंबर से शुरू होने वाली है और यह दोनों दिशाओं में हफ्ते में एक बार चलेगी।
इससे अयोध्या में रामलला के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं के लिए नेपाल के जनकपुर धाम तक पहुंचना आसान होगा। जनकपुर को माता सीता की जन्मस्थली के रूप में जाना जाता है। ऐसे में यह रेल सेवा रामायण सर्किट के धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा दे सकती है।
भारत और नेपाल के बीच हुए 8 बड़े समझौते
भारत और नेपाल के बीच कुल 8 समझौते हुए। इनका मकसद तकनीक, सुरक्षा, प्रशासन, स्वास्थ्य और कृषि समेत कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाना है।
1.सैटेलाइट कम्युनिकेशन नेटवर्क: ISRO और नेपाल के सूचना एवं संचार मंत्रालय के बीच दक्षिण एशिया सैटेलाइट के इस्तेमाल के लिए सैटेलाइट कम्युनिकेशन नेटवर्क स्थापित करने का समझौता हुआ। इससे नेपाल को संचार तकनीक का लाभ मिलेगा।
2.फॉरेंसिक साइंस में सहयोग: गुजरात की नेशनल फॉरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी और नेपाल पुलिस के क्राइम इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट के बीच रिसर्च और प्रशिक्षण को लेकर समझौता हुआ है। इससे अपराधों की जांच में आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल को बढ़ावा मिलेगा।
3.पुलिस प्रशिक्षण और सुरक्षा: भारत की राष्ट्रीय रक्षा यूनिवर्सिटी और नेपाल की नेशनल पुलिस एकेडमी के बीच समझौता हुआ। इसके तहत पुलिस अधिकारियों के प्रशिक्षण और सुरक्षा से जुड़ी तकनीकों में सहयोग बढ़ाया जाएगा।
4.सरकारी अधिकारियों की ट्रेनिंग: भारत के नेशनल सेंटर फॉर गुड गवर्नेंस और नेपाल के एडमिनिस्ट्रेटिव स्टाफ कॉलेज के बीच समझौता हुआ है। इसके तहत नेपाली सरकारी अधिकारियों को प्रशासन और बेहतर शासन व्यवस्था का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
5.स्वास्थ्य और चिकित्सा: भारत और नेपाल ने स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सा शिक्षा, तकनीक और रिसर्च के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के लिए समझौता किया है।
6.आयुर्वेद और पारंपरिक चिकित्सा: दोनों देशों ने आयुर्वेद और पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों को बढ़ावा देने के लिए भी समझौता किया है। इससे रिसर्च और पारंपरिक उपचार से जुड़ी जानकारियां साझा की जा सकेंगी।
7.शहरी विकास: टिकाऊ शहरी विकास के क्षेत्र में तकनीकी सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनी है। इसके तहत शहरों की बेहतर योजना और बुनियादी सुविधाओं के विकास पर काम होगा।
8.पशुपालन और मत्स्य पालन: पशुधन और मछली पालन के क्षेत्र में रिसर्च, तकनीक और उत्पादन बढ़ाने के लिए दोनों देश मिलकर काम करेंगे।
हाइड्रोपावर से लेकर पेट्रोलियम पाइपलाइन तक कई परियोजनाएं
बैठक के दौरान सिर्फ समझौते ही नहीं हुए, बल्कि कई महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को भी आगे बढ़ाया गया। भारत और नेपाल के बीच 669 मेगावाट की लोअर अरुण जलविद्युत परियोजना की आधारशिला रखी गई। इससे दोनों देशों के बीच ऊर्जा सहयोग को मजबूती मिलेगी। इसके अलावा मोतिहारी-अमलेखगंज पेट्रोलियम पाइपलाइन के दूसरे चरण को समर्पित किया गया और नेपाल के झापा में पेट्रोलियम टर्मिनल की आधारशिला रखी गई।
भारत के उत्तराखंड स्थित धारचूला और नेपाल के दार्चुला को जोड़ने वाले मोटर योग्य पुल का भी उद्घाटन किया गया। वहीं बनबसा में नए इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट की आधारशिला रखी गई। इससे दोनों देशों के बीच व्यापार और लोगों की आवाजाही आसान होने की उम्मीद है। नेपाल के लिए भारत के दो और बंदरगाहों कांडला और पारादीप को ट्रांजिट कार्गो के लिए शामिल किया गया है। इससे नेपाल को समुद्री व्यापार के लिए अतिरिक्त रास्ते मिलेंगे।
बालेन्द्र शाह ने भारत को भरोसेमंद पड़ोसी बताया
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने भारत की मेहमाननवाजी और सहयोग के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि भारत ने मुश्किल समय में नेपाल का साथ दिया है। दोनों देशों के रिश्ते हिमालय की तरह मजबूत और महासागर की तरह विशाल हैं। बालेन शाह ने पीएम मोदी को नेपाल आने का निमंत्रण भी दिया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच आपसी विश्वास और सहयोग को आगे बढ़ाने की जरूरत है।
बालेन्द्र शाह की मार्च 2026 में प्रधानमंत्री बनने के बाद यह उनकी पहली द्विपक्षीय भारत यात्रा थी। इस यात्रा के दौरान हुए समझौतों और विकास परियोजनाओं को भारत-नेपाल संबंधों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।