Bhagwant Mann cousin joins BJP: भगवंत मान के घर में लगी 'सेंध'! सगे मौसेरे भाई ने थामा BJP का दामन, जाखड़ बोले- अब CM के घर लहराएगा भगवा
Bhagwant Mann cousin joins BJP: पंजाब CM भगवंत मान को बड़ा झटका! उनके सगे मौसेरे भाई ज्ञान सिंह मान ने BJP जॉइन कर दी। सुनील जाखड़ और नायब सैनी की मौजूदगी में हुए इस दलबदल ने पंजाब की राजनीति में भूचाल ला दिया है।
Bhagwant Mann cousin joins BJP: पंजाब की राजनीति में उस वक्त एक बड़ा भूचाल आ गया जब मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के सगे मौसेरे भाई ज्ञान सिंह मान ने आम आदमी पार्टी (AAP) को जोर का झटका देते हुए भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सदस्यता ले ली। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ की मौजूदगी में हुए इस घटनाक्रम ने सियासी गलियारों में खलबली मचा दी है। ज्ञान सिंह मान केवल भगवंत मान के भाई ही नहीं, बल्कि 2014 से उनके साये की तरह साथ रहे हैं। लेकिन अब उनके पाला बदलने से पंजाब की 'आप' सरकार के भीतर गहरी दरारें साफ नजर आने लगी हैं।
भ्रष्टाचार और दिल्ली की 'मनमर्जी' से परेशान होकर छोड़ी पार्टी
भाजपा में शामिल होते ही ज्ञान सिंह मान ने मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी की नीतियों पर तीखे प्रहार किए। उन्होंने साफ कहा कि वे भगवंत मान की मौसी के बेटे हैं और लंबे समय तक उनके संघर्ष के साथी रहे हैं। ज्ञान सिंह ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी अब अपनी मूल विचारधारा से भटक गई है। उन्होंने कहा, "दिल्ली से आए लोगों की मनमर्जी और पार्टी के भीतर बढ़ते भ्रष्टाचार के कारण मेरा दम घुट रहा था। वहां कार्यकर्ताओं की कोई सुनने वाला नहीं है।" अब ज्ञान सिंह ने भाजपा को अपनी असली पार्टी बताते हुए पंजाब में कमल खिलाने का संकल्प लिया है।
ढाबे पर रेड और बदला लेने की राजनीति का आरोप
पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने इस मौके पर मुख्यमंत्री भगवंत मान को आड़े हाथों लिया। उन्होंने खुलासा किया कि ज्ञान सिंह के साथ भाजपा में शामिल हुए बजिंदर सिंह को इसलिए निशाना बनाया गया क्योंकि वे सच के साथ थे। जाखड़ ने आरोप लगाया कि बजिंदर सिंह के ढाबे पर पंजाब सरकार ने जानबूझकर जीएसटी (GST) की रेड करवाई ताकि उन्हें डराया जा सके। जाखड़ ने तंज कसते हुए कहा कि जो 'आप' नेता दिल्ली में ईडी (ED) की कार्रवाई पर रोते हैं, वे पंजाब में एक छोटे ढाबा चलाने वाले पर सरकारी तंत्र का दुरुपयोग कर रहे हैं। उन्होंने एलान किया कि अब ईडी और सीबीआई की रेड नहीं रुकेगी और भ्रष्टाचारियों का पूरा हिसाब होगा।
अनिल विज का तंज: "मान साहब, अब घर टूटने लगा है"
इस दलबदल पर हरियाणा के कद्दावर नेता और कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने अपने चिर-परिचित अंदाज में भगवंत मान को घेरा। विज ने कहा कि यह मान के लिए बड़े शर्म की बात है कि उनकी पार्टी तो टूट ही रही थी, अब उनका अपना घर भी बिखरने लगा है। उन्होंने सलाह दी कि मान साहब के लिए अब बेहतर यही है कि वे कुर्सी छोड़कर घर बैठ जाएं। विज ने 'ऑपरेशन लोटस' के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि भाजपा किसी को तोड़ नहीं रही, बल्कि लोग 'आप' के कुशासन से तंग आकर खुद भाजपा में आ रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच एजेंसियां केवल अपराधियों पर काम कर रही हैं।
केजरीवाल की बौखलाहट और पंजाब में भाजपा का उदय
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी अरविंद केजरीवाल पर हमला बोलने में कोई कसर नहीं छोड़ी। उन्होंने कहा कि असम और बंगाल के चुनावी नतीजों ने केजरीवाल की नींद उड़ा दी है। सैनी के मुताबिक, केजरीवाल जिसे भी समर्थन देते हैं, उसका सूपड़ा साफ हो जाता है चाहे वो राहुल गांधी हों या ममता बनर्जी। उन्होंने भगवंत मान पर निशाना साधते हुए कहा कि भ्रष्टाचार में डूबे लोग शहीद भगत सिंह की फोटो लगाने के हकदार नहीं हैं। सैनी ने आरोप लगाया कि पंजाब में नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों को प्रताड़ित किया जा रहा है, लेकिन अब भाजपा पंजाब में एक नई उम्मीद बनकर उभर रही है।