Bihar Politics on Encounter: ‘जाति पूछकर ही गोली चलाइएगा’, सीएम सम्राट चौधरी ने एनकांउटर को लेकर कही बड़ी बात

Bihar Politics on Encounter: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि मैं तो पुलिस वालों से कहूंगा कि पहले जाति पूछिए, फिर अपराधी पर गोली चलाइएगा। ऐसे ही गोली मत चलाइएगा।

Update:2026-05-23 09:59 IST

Bihar Politics on Encounter

Bihar Politics on Encounter: बिहार राजनीति में एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव के बिहार में जाति देखकर एनकाउंटर किए जाने की बात पर करारा तंज कसा। व्यंग्यात्मक अंदाज में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि अगर पुलिस एनकाउंटर करती है तो अपराधियों से जाति भी पूछ लेनी चाहिए।

पटना स्थित बिहार पुलिस मुख्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि मैं तो पुलिस वालों से कहूंगा कि पहले जाति पूछिए, फिर अपराधी पर गोली चलाइएगा। ऐसे ही गोली मत चलाइएगा। बिहार मुख्यमंत्री का यह बयान सीधे तौर पर राजद नेता तेजस्वी यादव के हालिया आरोपों का जवाब माना जा रहा है। विपक्ष पर निशाना साधते हुए सम्राट चौधरी ने कहा कि सरकार अपराध और अपराधियों के खिलाफ बिहार में सख्त कार्रवाई की जा रही है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस को पूरी स्वतंत्रता दी गई है।

बिहार सरकार का उद्देश्य सुशासन स्थापित करना: सम्राट

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार सरकार का उद्देश्य सुशासन स्थापित करना है और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। सीएम सम्राट चौधरी ने यह भी कहा कि पुलिस को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि जो भी कानून को चुनौती देगा, उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए। सम्राट चौधरी ने तेजस्वी यादव के आरोपों को हास्यास्पद करार दिया। उन्होंने कहा कि इस तरह के बयान केवल राजनीतिक लाभ के लिए दिए जा रहे हैं।

कानून व्यवस्था पर विपक्ष ने उठाए सवाल

उल्लेखनीय है कि बीते दिनों एक पत्रकार वार्ता के दौरान राजद नेता तेजस्वी यादव ने बिहार की कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठाए थे। उन्होंने आरोप लगाया था कि बिहार में महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ रहे हैं और सरकार हालात संभालने में विफल साबित हो रही है। इसी दौरान उन्होंने यह भी दावा किया कि बिहार में जाति के आधार पर एनकाउंटर किए जा रहे हैं। तेजस्वी यादव के इस बयान ने राज्य में सियासी हलचल मचा दी थी।

इस पूरे विवाद के बीच बिहार पुलिस की ओर से भी प्रतिक्रिया सामने आई है। अपर पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) सुधांशु कुमार ने साफ कहा कि बिहार पुलिस किसी भी कार्रवाई में जाति नहीं देखती। उन्होंने कहा कि न तो पुलिस और न ही अपराधी की कोई जाति होती है। जो अपराधी पुलिस पर हमला करेंगे, उनके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। 

Tags:    

Similar News