बिलकिस बानो गैंगरेप केस: उम्रकैद काट रहे 2 दोषियों की सजा पर रोक, सुप्रीम कोर्ट ने दी जमानत, लेकिन रखी ये शर्त

सुप्रीम कोर्ट ने बिलकिस बानो गैंगरेप और हत्या मामले के दो दोषियों की उम्रकैद की सजा पर रोक लगाकर उन्हें सशर्त जमानत दी है।

Update:2026-11-16 14:43 IST

Bilkis Bano Case: 2002 के बिलकिस बानो गैंगरेप और हत्या मामले में सुप्रीम कोर्ट ने दो दोषियों को बड़ी राहत दी है। अदालत ने दोनों की उम्रकैद की सजा पर रोक लगाते हुए उन्हें सशर्त जमानत दे दी है। इन दोनों दोषियों ने 17 साल से ज्यादा समय जेल में बिताया है। सुप्रीम कोर्ट ने उनकी लंबी कैद और उनमें से एक की गंभीर शारीरिक दिव्यांगता को ध्यान में रखते हुए यह फैसला सुनाया। हालांकि, दोनों को ट्रायल कोर्ट की ओर से तय शर्तों का पालन करना होगा।

सुप्रीम कोर्ट में जस्टिस एमएम सुंदरेश और जस्टिस प्रसन्ना बी वराले की बेंच ने दोषियों बिपिनचंद्र कनैयालाल जोशी और प्रदीप रामनलाल मोढिया की याचिकाओं पर सुनवाई की। दोनों ने बॉम्बे हाईकोर्ट के 2017 के उस फैसले को चुनौती दी थी, जिसमें उनकी दोषसिद्धि और उम्रकैद की सजा बरकरार रखी गई थी। सुनवाई के दौरान उनके वकीलों ने दलील दी कि घटना के करीब तीन साल बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया था, लेकिन इसके बावजूद वे 17 साल से अधिक समय जेल में बिता चुके हैं। अदालत ने उनकी गिरफ्तारी की परिस्थितियों और लंबे समय तक जेल में रहने के पहलुओं पर विचार करने के बाद सजा पर रोक और सशर्त जमानत का आदेश दिया।

2022 में गुजरात सरकार ने 11 दोषियों को दी थी रिहाई

बिलकिस बानो मामले में ये दोनों उन 11 दोषियों में शामिल थे, जिन्हें अगस्त 2022 में गुजरात सरकार ने समय से पहले रिहा कर दिया था। सरकार के इस फैसले पर देशभर में सवाल उठे थे और इसे सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी गई थी। जनवरी 2024 में सुप्रीम कोर्ट ने गुजरात सरकार के रिहाई के आदेशों को रद्द कर दिया था। अदालत ने कहा था कि दोषियों को रिहाई देने का अधिकार गुजरात सरकार के पास नहीं था। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने सभी 11 दोषियों को सरेंडर कर दोबारा जेल लौटने का निर्देश दिया था।

2002 के गुजरात दंगों के दौरान हुआ था बिलकिस बानो के साथ गैंगरेप

यह मामला 2002 के गुजरात दंगों के दौरान का है। उस समय बिलकिस बानो के साथ गैंगरेप किया गया था। हमले के दौरान उनके परिवार के सात सदस्यों की हत्या कर दी गई थी, जिनमें उनकी तीन साल की बेटी भी शामिल थी। घटना के समय बिलकिस बानो गर्भवती थीं। इस मामले में सुप्रीम कोर्ट के ताजा फैसले के बाद एक बार फिर यह मामला चर्चा में आ गया है।

Tags:    

Similar News