कौन थे बिरसा मुंडा, जिनके आगे अंग्रेजी हुकूमत भी कांप उठी थी? PM मोदी ने जयंती पर किया नमन
Birsa Munda Jayanti: बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर PM मोदी ने उन्हें नमन किया और जनजातीय गौरव दिवस की शुभकामनाएं दीं। जानिए कौन थे धरती आबा और क्यों मनाया जाता है यह खास दिन।
Birsa Munda Jayanti
Birsa Munda Jayanti: 15 नवंबर का दिन देश के इतिहास में आदिवासी समाज के संघर्ष, स्वाभिमान और बलिदान की याद दिलाता है। आज पूरा देश महान आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी और जननायक भगवान बिरसा मुंडा की जयंती मना रहा है। इस खास मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए देशवासियों को जनजातीय गौरव दिवस की शुभकामनाएं दीं। बिरसा मुंडा को सिर्फ अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ विद्रोह करने वाले योद्धा के रूप में ही नहीं, बल्कि आदिवासी समाज को अपने अधिकारों, जल-जंगल-जमीन और सांस्कृतिक पहचान के लिए एकजुट करने वाले महानायक के तौर पर भी याद किया जाता है। उनकी जयंती पर हर साल 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाता है। लेकिन आखिर बिरसा मुंडा कौन थे, अंग्रेजों के खिलाफ उन्होंने कौन-सी लड़ाई लड़ी थी और उनकी जयंती को राष्ट्रीय स्तर पर जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का फैसला क्यों लिया गया? आइए जानते हैं।
कौन थे भगवान बिरसा मुंडा?
भगवान बिरसा मुंडा का जन्म 15 नवंबर 1875 को तत्कालीन बिहार और अब झारखंड के खूंटी जिले के उलिहातू गांव में हुआ था। उनके पिता का नाम सुगना मुंडा और माता का नाम करमी मुंडा था। बिरसा मुंडा का संबंध मुंडा जनजाति से था। बचपन से ही उन्होंने आदिवासी समाज की परेशानियों, अंग्रेजों के अत्याचार और जमीन पर बाहरी लोगों के बढ़ते कब्जे को करीब से देखा था। यही परिस्थितियां आगे चलकर उनके भीतर अन्याय के खिलाफ लड़ने का जज्बा पैदा करने वाली बनीं।
बिरसा मुंडा ने उस दौर में आदिवासी समाज की आवाज बुलंद की, जब अंग्रेजी हुकूमत की नीतियों के कारण जनजातीय समुदायों के पारंपरिक अधिकार लगातार कमजोर हो रहे थे। अंग्रेजों की भूमि व्यवस्था और जमींदारी प्रथा ने आदिवासियों को उनकी पुश्तैनी जमीन से बेदखल करना शुरू कर दिया था। जंगलों पर उनके पारंपरिक अधिकार भी प्रभावित हो रहे थे। इसके अलावा महाजनों, जमींदारों और बाहरी शोषणकारी तत्वों के कारण आदिवासी समुदाय आर्थिक और सामाजिक परेशानियों से जूझ रहा था।
बिरसा मुंडा ने इन परिस्थितियों के खिलाफ लोगों को एकजुट किया। उन्होंने आदिवासी समाज को अपनी संस्कृति, परंपराओं और अधिकारों की रक्षा के लिए जागरूक किया। इसी वजह से उन्हें 'धरती आबा' यानी धरती का पिता कहा जाता है। आदिवासी समुदाय के बीच उन्हें भगवान के रूप में भी सम्मान दिया जाता है।
अंग्रेजों के खिलाफ बिरसा मुंडा ने छेड़ा था 'उलगुलान'
बिरसा मुंडा के संघर्ष का सबसे महत्वपूर्ण अध्याय 'उलगुलान' आंदोलन है। उलगुलान का अर्थ है महाविद्रोह या बड़ा आंदोलन। 1899 से 1900 के बीच उन्होंने अंग्रेजी शासन, शोषणकारी जमींदारी व्यवस्था और आदिवासियों की जमीन पर हो रहे कब्जे के खिलाफ एक बड़ा विद्रोह खड़ा किया।
इस आंदोलन का उद्देश्य केवल अंग्रेजों को चुनौती देना नहीं था, बल्कि आदिवासी समाज को उसके पारंपरिक अधिकार वापस दिलाना भी था। बिरसा मुंडा ने 'अबुआ राज' यानी अपना शासन स्थापित करने का सपना देखा था। वह चाहते थे कि आदिवासी समुदाय अपनी जमीन, जंगल, संस्कृति और परंपराओं पर खुद अधिकार रखे।
उलगुलान आंदोलन के दौरान बड़ी संख्या में आदिवासी उनके साथ जुड़ गए। अंग्रेजी हुकूमत ने इस विद्रोह को दबाने के लिए सैन्य कार्रवाई की। जनवरी 1900 में खूंटी के डोम्बारी बुरू पहाड़ी पर अंग्रेजों और बिरसा मुंडा के समर्थकों के बीच संघर्ष हुआ। इस कार्रवाई में बड़ी संख्या में आदिवासी मारे गए।
अंग्रेजी हुकूमत ने बिरसा मुंडा को पकड़ने के लिए अभियान चलाया और 3 फरवरी 1900 को उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद उन्हें रांची जेल में रखा गया, जहां 9 जून 1900 को महज 25 वर्ष की उम्र में उनकी मृत्यु हो गई। हालांकि, उनका आंदोलन और आदिवासी अधिकारों के लिए शुरू किया गया संघर्ष आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बन गया।
बिरसा मुंडा के आंदोलन का असर आगे भी दिखाई दिया। आदिवासियों की जमीन की रक्षा के लिए बने छोटानागपुर काश्तकारी अधिनियम (CNT Act), 1908 को भी इस लंबे संघर्ष की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि से जोड़कर देखा जाता है। यह कानून आदिवासी जमीन के गैर-आदिवासियों को हस्तांतरण पर रोक लगाने और पारंपरिक भूमि अधिकारों की रक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण है।
15 नवंबर को ही क्यों मनाया जाता है जनजातीय गौरव दिवस?
भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को राष्ट्रीय स्तर पर विशेष पहचान देने के लिए केंद्र सरकार ने साल 2021 में 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस घोषित किया था। दरअसल, भारत के स्वतंत्रता संग्राम में आदिवासी समुदायों का योगदान बेहद महत्वपूर्ण रहा है, लेकिन इतिहास के मुख्यधारा के विमर्श में उनके कई आंदोलनों और नायकों को अपेक्षित जगह नहीं मिल पाई।
इसी योगदान और बलिदान को सम्मान देने के उद्देश्य से केंद्र सरकार ने यह फैसला लिया। 10 नवंबर 2021 को केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी थी। इसके बाद 15 नवंबर 2021 को पहली बार देशभर में जनजातीय गौरव दिवस मनाया गया।
इस दिन का उद्देश्य सिर्फ बिरसा मुंडा को याद करना नहीं है, बल्कि देश के उन तमाम आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों और जनजातीय नायकों के संघर्ष को सम्मान देना भी है, जिन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ अलग-अलग क्षेत्रों में विद्रोह किया था। इनमें संथाल विद्रोह के नायक सिद्धू-कान्हू, तिलका मांझी, टंट्या भील, बुधु भगत और अल्लूरी सीताराम राजू जैसे नाम शामिल हैं।
संथाल, कोल, भील, खासी और मिजो समुदायों के आंदोलनों ने भी अंग्रेजी शासन के खिलाफ संघर्ष में अहम भूमिका निभाई थी। जनजातीय गौरव दिवस इन सभी नायकों के योगदान को याद करने और नई पीढ़ी को उनके इतिहास से परिचित कराने का अवसर है।
जनजातीय गौरव दिवस मनाने का क्या है उद्देश्य?
जनजातीय गौरव दिवस मनाने के पीछे सबसे बड़ा उद्देश्य आदिवासी समाज के ऐतिहासिक योगदान, सांस्कृतिक विरासत और पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान देना है। भारत के अलग-अलग हिस्सों में रहने वाले जनजातीय समुदायों की अपनी भाषाएं, परंपराएं, कला, लोकगीत और जीवनशैली है। प्रकृति के साथ उनका गहरा जुड़ाव और जल, जंगल तथा जमीन को लेकर उनकी पारंपरिक समझ भारतीय संस्कृति की महत्वपूर्ण विरासत मानी जाती है।
इस दिन देशभर में आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों के जीवन और संघर्ष पर आधारित कार्यक्रम, सांस्कृतिक आयोजन, प्रदर्शनियां और जागरूकता अभियान आयोजित किए जाते हैं। इसके माध्यम से आदिवासी समाज की उपलब्धियों और स्वतंत्रता संग्राम में उसकी भूमिका को सामने लाने का प्रयास किया जाता है।
इसके साथ ही जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, बुनियादी सुविधाओं और आर्थिक विकास को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया जाता है। सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से जनजातीय समुदायों तक विकास का लाभ पहुंचाने और उनकी सामाजिक-आर्थिक स्थिति मजबूत करने का लक्ष्य रखा गया है।
इस तरह 15 नवंबर केवल भगवान बिरसा मुंडा की जयंती मनाने का दिन नहीं है, बल्कि यह उन तमाम जनजातीय नायकों को याद करने का अवसर है, जिन्होंने अपने अधिकारों, संस्कृति, स्वाभिमान और देश की आजादी के लिए संघर्ष किया। बिरसा मुंडा का जीवन आज भी इस बात की प्रेरणा देता है कि अपने अधिकारों और पहचान की रक्षा के लिए एकजुट होकर अन्याय के खिलाफ आवाज उठाना कितना जरूरी है।