BJP या TMC... बंगाल में किसकी बनेगी सरकार? ज्योतिषी की ‘कुंडली वाली’ भविष्यवाणी से बढ़ी सियासी हलचल

Bengal Chunav 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में इस बार भारतीय जनता पार्टी और तृणमूल कांग्रेस के बीच सीधी और कड़ी टक्कर देखने को मिली है।

Update:2026-05-02 10:28 IST

bjp tmc

Bengal Chunav 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में इस बार भारतीय जनता पार्टी और तृणमूल कांग्रेस के बीच सीधी और कड़ी टक्कर देखने को मिली है। चुनावी प्रक्रिया पूरी होने के बाद आए ज्यादातर एग्जिट पोल में बीजेपी को बढ़त मिलती दिखाई गई है, हालांकि असली तस्वीर 4 मई को मतगणना के बाद ही साफ होगी। इसी बीच वाराणसी (काशी) के एक ज्योतिषी की भविष्यवाणी ने इस सियासी मुकाबले को और दिलचस्प बना दिया है।

बीजेपी की कुंडली में सूर्य सत्ता-नेतृत्व का कारक

ज्योतिष प्रशिक्षक ने बीजेपी और टीएमसी की स्थापना तिथि के आधार पर उनकी कुंडलियां तैयार की हैं। उनके अनुसार, बीजेपी की कुंडली मिथुन लग्न की बनती है, जबकि टीएमसी की कुंडली मीन लग्न की है। ज्योतिषीय गणना के मुताबिक, बीजेपी की कुंडली में इस समय चंद्रमा की महादशा में शुक्र की अंतर्दशा चल रही है, जिसे शुभ संकेत माना जाता है। उन्होंने बताया कि बीजेपी की कुंडली में सूर्य, जो सत्ता और नेतृत्व का कारक होता है, इस समय मेष राशि में स्थित है और शुक्र द्वादश भाव में गोचर कर रहा है। यह स्थिति पार्टी के लिए अनुकूल मानी जा रही है। साथ ही चुनाव पूर्वी भारत यानी बंगाल में हुआ है, जो ग्रहों की स्थिति के अनुसार बीजेपी के लिए सकारात्मक परिणाम देने वाला क्षेत्र माना जा रहा है। इन सभी कारणों से ज्योतिषीय दृष्टि से बीजेपी की स्थिति मजबूत दिखाई दे रही है।

टीएमसी की कुंडली में चुनौतियां

दूसरी ओर, टीएमसी की कुंडली को लेकर कुछ चुनौतियों की बात कही गई है। मीन लग्न वाली इस कुंडली में बृहस्पति, जो लग्नेश होता है, इस समय नीच राशि में स्थित है। इसके अलावा बृहस्पति की महादशा में शनि की प्रत्यंतरदशा चल रही है, जो संघर्ष और चुनौतियों का संकेत देती है। हालांकि, यह भी कहा गया है कि टीएमसी मुकाबले में पूरी ताकत से लड़ेगी और बीजेपी को कड़ी टक्कर देगी। ज्योतिषीय विश्लेषण के अनुसार, मंगल का गोचर टीएमसी के लिए मुश्किलें खड़ी कर सकता है। इसके चलते पार्टी को अंतिम नतीजों में नुकसान उठाना पड़ सकता है।

वहीं बीजेपी के ग्रह-नक्षत्र मजबूत स्थिति में होने के कारण उसे बढ़त मिलने की संभावना जताई गई है। पंडित संजय उपाध्याय का अनुमान है कि कड़ी टक्कर के बावजूद बीजेपी इस चुनाव में बढ़त बनाते हुए सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभर सकती है। उन्होंने यह भी भविष्यवाणी की है कि बीजेपी को लगभग 150 से 155 सीटें मिल सकती हैं, जबकि टीएमसी करीब 130 सीटों के आसपास सिमट सकती है।हालांकि यह भविष्यवाणी पूरी तरह ज्योतिषीय गणनाओं पर आधारित है और वास्तविक नतीजे मतगणना के बाद ही सामने आएंगे। फिर भी इस तरह के आकलन चुनावी माहौल को और रोमांचक बना रहे हैं।

Tags:    

Similar News