Chandauli News: चंदौली में बिन्ध्य एक्सप्रेसवे पर बवाल, किसानों ने छेड़ा बड़ा आंदोलन
Chandauli News: चंदौली में प्रस्तावित बिन्ध्य एक्सप्रेसवे को लेकर किसानों ने विरोध शुरू कर दिया है। किसानों ने उपजाऊ जमीन के अधिग्रहण और बाढ़ के खतरे को देखते हुए रूट बदलने की मांग की है।
Chandauli News: चंदौली में प्रस्तावित बिन्ध्य एक्सप्रेसवे को लेकर किसानों का विरोध शुरू हो गया है। प्रभावित कई गांवो के किसानों ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर एक्सप्रेसवे के प्रस्तावित रूट में बदलाव की मांग उठाई है। किसानों का कहना है कि जनपद में पहले से ही कई एक्सप्रेसवे और राष्ट्रीय राजमार्ग मौजूद हैं, ऐसे में नई सड़क परियोजना के लिए उपजाऊ कृषि भूमि का अधिग्रहण उचित नहीं है।
किसानों के अनुसार एक्सप्रेसवे निर्माण से बड़ी संख्या में किसानों की जमीन प्रभावित होगी, जिससे उनके सामने आजीविका का संकट खड़ा हो सकता है। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि कर्मनाशा नदी के तटीय क्षेत्र से होकर गुजरने वाले प्रस्तावित मार्ग के कारण बाढ़ का खतरा भी बढ़ जाएगा। किसान नेता रतन सिंह का कहना है कि बरसात के दौरान पानी की निकासी बाधित होने से आसपास के गांवों को नुकसान झेलना पड़ सकता है।
प्रदर्शन कर रहे किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि गाजीपुर से चंदौली के ओयरचक, असना और बकौड़ी होते हुए NH-19 से जुड़ने वाले प्रस्तावित रूट का पुनर्मूल्यांकन किया जाए और वैकल्पिक मार्ग तलाशा जाए। किसानों का कहना है कि विकास कार्यों का वे विरोध नहीं कर रहे हैं, लेकिन उनकी जमीन और भविष्य की कीमत पर विकास स्वीकार नहीं किया जाएगा।
जिलाधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन में किसानों ने परियोजना से जुड़े संभावित नुकसान का उल्लेख करते हुए रूट परिवर्तन की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो वे आर-पार की लड़ाई लड़ने को मजबूर होंगे और आंदोलन को और व्यापक रूप देंगे।
फिलहाल प्रशासन की ओर से किसानों की मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया गया है, लेकिन क्षेत्र में एक्सप्रेसवे को लेकर विरोध की आवाजें तेज होती दिखाई दे रही हैं। किसानों का कहना है कि उनकी सहमति और हितों की रक्षा किए बिना किसी भी परियोजना को आगे नहीं बढ़ाया जाना चाहिए।