राहुल गांधी से चीटिंग कर रहा Meta! दिल्ली हाईकोर्ट पहुंची कांग्रेस, फेसबुक-इंस्टाग्राम पर पोस्ट को लेकर शिकायत

कांग्रेस ने Meta के खिलाफ दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर आरोप लगाया है कि फेसबुक और इंस्टाग्राम पर राहुल गांधी से जुड़ी राजनीतिक पोस्ट को प्रतिबंधित किया जा रहा है।

Update:2026-11-26 19:18 IST

Rahul Gandhi: सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Meta और कांग्रेस के बीच विवाद अब अदालत तक पहुंच गया है। फेसबुक, इंस्टाग्राम और वॉट्सऐप की पैरेंट कंपनी Meta के खिलाफ कांग्रेस ने दिल्ली हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। पार्टी का आरोप है कि Meta राजनीतिक अभिव्यक्ति को दबाने का जरिया बन गया है और उसके सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर विपक्ष से जुड़ी पोस्ट और अकाउंट को निशाना बनाया जा रहा है।

कांग्रेस की युवा इकाई के सोशल मीडिया प्रमुख मनु जैन ने बुधवार को अदालत में याचिका दाखिल कर आरोप लगाया कि Meta राहुल गांधी के नाम और तस्वीरों को कीवर्ड के तौर पर इस्तेमाल करके कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की राजनीतिक पोस्ट को अपने आप प्रतिबंधित कर रहा है।

राहुल गांधी के नाम और तस्वीरों को लेकर क्या है कांग्रेस का आरोप?

कांग्रेस की याचिका में कहा गया है कि Meta के फेसबुक और इंस्टाग्राम प्लेटफॉर्म पर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नाम और तस्वीरों से जुड़ी पोस्ट को कथित तौर पर प्रतिबंधित किया जा रहा है। पार्टी का दावा है कि इससे कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की राजनीतिक आवाज प्रभावित हो रही है।

युवा कांग्रेस का आरोप है कि नरेंद्र मोदी सरकार के दबाव में बीजेपी और सरकार की आलोचना करने वाले कंटेंट को इंस्टाग्राम से हटाया जा रहा है और इसके लिए कोई स्पष्ट वजह भी नहीं बताई जा रही। कांग्रेस ने यह भी दावा किया कि युवा कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब और संगठन के प्रभारी मनीष शर्मा के इंस्टाग्राम अकाउंट पर भी प्रतिबंध लगाया गया है।

Meta अधिकारियों से मिली थीं सुप्रिया श्रीनेत

अदालत का रुख करने से एक दिन पहले मंगलवार को Meta के अधिकारियों ने कांग्रेस की सोशल मीडिया विभाग की प्रमुख सुप्रिया श्रीनेत से मुलाकात की थी। यह बैठक दिल्ली के एक पांच सितारा होटल में हुई थी। सूत्रों के मुताबिक, Meta के प्रतिनिधियों ने सफाई दी कि कंपनी भारतीय कानूनों का पालन कर रही है और सरकार की ओर से उठाई गई आपत्तियों के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।

वहीं, सुप्रिया श्रीनेत ने इस तरीके पर सवाल उठाते हुए इसे विपक्ष के साथ भेदभाव बताया। कांग्रेस का कहना है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का इस तरह इस्तेमाल देश के लोकतांत्रिक माहौल में दखल देने जैसा है।

X का उदाहरण देकर Meta को घेरा

बैठक के दौरान सुप्रिया श्रीनेत ने दूसरे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X का उदाहरण भी दिया। उन्होंने कहा कि X पर किसी पोस्ट या अकाउंट के खिलाफ कार्रवाई करने से पहले यूजर को अपना पक्ष रखने का मौका दिया जाता है। कांग्रेस का आरोप है कि Meta के प्लेटफॉर्म पर ऐसा पारदर्शी तरीका नहीं अपनाया जा रहा।

सुप्रिया श्रीनेत ने सवाल उठाया कि आखिर मोदी सरकार की आलोचना करने वाली या राहुल गांधी से जुड़ी पोस्ट को ही क्यों प्रतिबंधित किया जा रहा है? उन्होंने कहा कि अगर विपक्ष के कंटेंट और अकाउंट पर व्यवस्थित तरीके से कार्रवाई होती है, तो यह भारतीय लोकतंत्र में हस्तक्षेप है।

AI कंटेंट को लेकर भी कांग्रेस ने उठाए सवाल

गुरुवार को Meta पर निशाना साधते हुए सुप्रिया श्रीनेत ने आरोप लगाया कि कंपनी कांग्रेस के AI से तैयार किए गए कंटेंट को हटा देती है, जबकि बीजेपी के AI कंटेंट को प्लेटफॉर्म पर रहने देती है। उन्होंने इसे भेदभाव बताते हुए कहा कि युवा कांग्रेस अध्यक्ष और संगठन के प्रभारी के अकाउंट पर प्रतिबंध लगाना भी सवाल खड़े करता है।

सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि Meta के खिलाफ पार्टी के कार्यकर्ताओं में काफी नाराजगी है। उन्होंने साफ किया कि अगर कोई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म विपक्ष के कंटेंट और अकाउंट को चुनिंदा तरीके से प्रतिबंधित करता है, तो इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

हैदराबाद से गुरुग्राम तक Meta के खिलाफ प्रदर्शन

यह विवाद सिर्फ अदालत तक सीमित नहीं है। पिछले सप्ताह कांग्रेस और युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने देश के अलग-अलग शहरों में Meta के कार्यालयों के बाहर प्रदर्शन किया था। हैदराबाद में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता Meta के ऑफिस में पहुंचे और नारेबाजी की। इसके अलावा मुंबई और गुरुग्राम में भी प्रदर्शन किए गए।

दिल्ली से बेंगलुरु तक हुए इन प्रदर्शनों के दौरान कार्यकर्ताओं ने Meta के CEO मार्क जुकरबर्ग की RSS की गणवेश में तस्वीरें भी दिखाईं। कांग्रेस का कहना है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है।

Tags:    

Similar News