वंदे मातरम पर मौलवियों का माफीनामा! किरेन रिजिजू के जान के बाद बोले- हमसे बड़ी गलती हुई
श्रीनगर में वक्फ बोर्ड के कार्यक्रम में वंदे मातरम् गाने के तीन दिन बाद मुस्लिम धर्मगुरुओं ने इसे गलती बताते हुए अल्लाह से माफी मांगी।
Vande Mataram Controversy: जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में वक्फ बोर्ड के एक कार्यक्रम में वंदे मातरम् गाने वाले मुस्लिम धर्मगुरुओं ने अब माफी मांगी है। कार्यक्रम के तीन दिन बाद इन धर्मगुरुओं ने कहा कि उनसे गलती हुई है और इसके लिए वे अल्लाह से माफी मांगते हैं। अपनी गलती का प्रायश्चित करने के लिए उन्होंने कलमा पढ़ा और नमाज अदा कर अल्लाह से माफी मांगी। दरअसल, मुस्लिम धर्मगुरुओं के एक वर्ग का मानना है कि वंदे मातरम् के कुछ अंतरों में मातृभूमि को देवी के रूप में दिखाया गया है और हिंदू देवी-देवताओं का जिक्र है, इसलिए इसे गाना इस्लाम की मान्यताओं के खिलाफ है।
किरेन रिजिजू की मौजूदगी में हुआ था वंदे मातरम् का गायन
यह पूरा मामला सोमवार को श्रीनगर में जम्मू-कश्मीर वक्फ बोर्ड की ओर से आयोजित वक्फ दिवस के कार्यक्रम का है। इसमें केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए थे। कार्यक्रम में दर्जनों इमाम और मुस्लिम धर्मगुरु भी पहुंचे थे। इस दौरान वंदे मातरम् के सभी छह अंतरे बजाए गए। कार्यक्रम की अध्यक्षता किरेन रिजिजू ने की थी, जबकि जम्मू-कश्मीर वक्फ बोर्ड की अध्यक्ष और बीजेपी नेता डॉ. दरख्शां अंद्राबी भी इसमें शामिल हुई थीं।
वंदे मातरम् को लेकर कश्मीर में छिड़ी बहस
कार्यक्रम में मुस्लिम धर्मगुरुओं की मौजूदगी और वंदे मातरम् गाए जाने के बाद कश्मीर में इस मुद्दे पर बहस तेज हो गई। कई मुस्लिम इसे देश से प्यार करने और देश की पूजा करने के बीच का फर्क बताते हैं। उनका तर्क है कि 'वंदे मातरम्' का अर्थ 'हे मां, मैं तुम्हें नमन करता हूं' है और मातृभूमि को देवी के रूप में दिखाना इस्लाम की एकेश्वरवाद की मान्यता से मेल नहीं खाता।
मीरवाइज उमर फारूक की अगुवाई वाले धार्मिक संगठनों के समूह मुताहिदा मजलिस-ए-उलेमा (MMU) ने भी वक्फ बोर्ड के कार्यक्रम में वंदे मातरम् बजाए जाने पर कड़ी आपत्ति जताई थी। अब धर्मगुरुओं की ओर से माफी मांगे जाने के बाद इस विवाद ने नया मोड़ ले लिया है। इससे धार्मिक स्वतंत्रता, राजनीतिक दबाव और सार्वजनिक कार्यक्रमों में किसी व्यक्ति की अपनी पसंद जैसे मुद्दों पर भी सवाल उठने लगे हैं।
बीजेपी ने आपत्ति जताने वालों पर साधा निशाना
वहीं, बीजेपी ने वंदे मातरम् का विरोध किए जाने पर सवाल उठाए हैं। बीजेपी नेता रविंदर रैना ने कहा कि कश्मीर से कन्याकुमारी तक भारतीय गर्व के साथ राष्ट्रीय गीत गाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग कश्मीर में वंदे मातरम् के सम्मान से परेशान हैं और इसे लेकर दुष्प्रचार कर रहे हैं। उनका कहना था कि ऐसा नहीं होना चाहिए।
फिलहाल, धर्मगुरुओं की ओर से माफी मांगे जाने पर जम्मू-कश्मीर वक्फ बोर्ड ने कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।