तमिलनाडु में पुरुष कर्मचारियों की मौज! बच्चे के जन्म पर मिलेगी 15 दिन की छुट्टी, विजय सरकार का बड़ा फैसला

थलपति विजय सरकार ने तमिलनाडु में विवाहित पुरुष सरकारी कर्मचारियों को 15 दिन की पैटरनिटी लीव देने का फैसला किया है। जानें कौन ले सकता है छुट्टी और क्या हैं नियम।

Update:2026-11-26 16:07 IST

Image Source – Social Media

15 Days Paternity Leave: तमिलनाडु में विवाहित पुरुष सरकारी कर्मचारियों को अब बच्चे के जन्म पर 15 दिन की छुट्टी मिलेगी। राज्य के मुख्यमंत्री विजय थलपति ने यह बड़ा फैसला लिया है। राज्य में पहली बार विवाहित पुरुष सरकारी कर्मचारियों को बच्चे के जन्म के समय 15 दिन की पितृत्व छुट्टी (Paternity Leave) देने का ऐलान किया गया है। इस छुट्टी के जरिए पिता अपनी पत्नी को प्रसव के दौरान सहयोग देने और नवजात बच्चे की देखभाल में समय दे सकेंगे।

मुख्यमंत्री विजय ने गुरुवार को इस संबंध में आदेश जारी किया। सरकार का कहना है कि बच्चे के जन्म के समय मां और नवजात दोनों को देखभाल की जरूरत होती है। ऐसे में पिता की भूमिका भी बेहद अहम होती है।

किन पुरुष कर्मचारियों को मिलेगी 15 दिन की छुट्टी?

तमिलनाडु सरकार के इस फैसले का लाभ उनको मिलेगा जो विवाहित हैं और राज्य सरकार में काम करते हैं। इसके तहत पत्नी के प्रसव के दौरान कुल 15 दिनों की पैटरनिटी लीव दी जाएगी। इस फैसले के तहत छुट्टी लेने के लिए दो विकल्प दिए गए हैं।

1.बच्चे के जन्म की संभावित तारीख से 15 दिन पहले छुट्टी ली जा सकती है।

2.बच्चे के जन्म की तारीख से छह महीने के भीतर कभी भी 15 दिन की छुट्टी ली जा सकती है।

यानी कर्मचारी अपनी जरूरत और परिवार की सुविधा के अनुसार छुट्टी का समय चुन सकेंगे।

सरकार ने क्यों लिया यह फैसला?

तमिलनाडु सरकार के मुताबिक, सरकारी कर्मचारियों की ओर से लंबे समय से पुरुष कर्मचारियों के लिए भी पैटरनिटी लीव की मांग की जा रही थी। सरकार का मानना है कि बच्चे के जन्म के समय मां को शारीरिक और मानसिक सहयोग की जरूरत होती है। इसके अलावा नवजात की देखभाल में पिता की भागीदारी भी जरूरी है। इस छुट्टी से परिवार की जिम्मेदारियों को साझा करने और बच्चे के शुरुआती पालन-पोषण में पिता की भूमिका बढ़ाने में मदद मिलेगी।

महिला कर्मचारियों को पहले से मिलती है 365 दिन की छुट्टी

तमिलनाडु में महिला सरकारी कर्मचारियों को पहले से ही 365 दिनों की मैटरनिटी लीव (Maternity Leave) मिलती है। अब पुरुष सरकारी कर्मचारियों के लिए भी 15 दिन की पैटरनिटी लीव का प्रावधान किया गया है। इस फैसले को राज्य के सरकारी कर्मचारियों के परिवारों के लिए काफी महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। हालांकि, यह सुविधा फिलहाल तमिलनाडु सरकार के विवाहित पुरुष कर्मचारियों के लिए घोषित की गई है। निजी क्षेत्र में काम करने वाले सभी पुरुषों को इसका लाभ मिलने का ऐलान नहीं हुआ है।

Tags:    

Similar News