दिल्ली ब्लास्ट में NIA को बड़ी सफलता, हाथ लगा आतंकी उमर का नया वीडियो, धमाके से पहले किया था रिकॉर्ड

Umar Nabi video viral: दिल्ली ब्लास्ट में NIA को बड़ी सफलता मिली, आतंकी उमर नबी का नया वीडियो सामने आया जिसमें उसने धमाके से पहले की अपनी साजिश का खुलासा किया। इस वीडियो से आतंकी की मानसिकता और योजना का पता चलेगा।

Update:2025-11-18 13:25 IST

Umar Nabi video viral: दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए भयावह आत्मघाती धमाके को अंजाम देने वाले आतंकी मोहम्मद उमर नबी का एक नया और चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में, आतंकी उमर नबी कैमरे के सामने बैठकर अंग्रेजी में तकरीर दे रहा है और सबसे खतरनाक बात यह है कि वह इस वीडियो में आत्मघाती बम विस्फोट (सुसाइड बॉम्बिंग) जैसे जघन्य कृत्य को सही ठहराने की कोशिश कर रहा है। जांच एजेंसियों के लिए यह वीडियो न केवल सबूत का काम करेगा, बल्कि आतंकियों की मानसिकता को समझने में भी महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।

वीडियो में 'डॉ. उमर' की जहरीली तकरीर

लगभग शांत और इत्मीनान की मुद्रा में कैमरे के सामने बैठा आतंकी उमर नबी, अपने टी-शर्ट पर लैपल माइक लगाए हुए है और सिर हिला-हिलाकर अपनी बातें रख रहा है। वीडियो में वह कहता है, "लोग जो सबसे बड़ी गलती करते हैं, वह यह समझने में नाकाम रहना है कि बम विस्फोट या आत्मघाती बम विस्फोट का विचार असल में क्या है। इसके खिलाफ कई विरोधाभास और अनगिनत तर्क हैं।"

वह आगे आत्मघाती हमलों के पीछे की मानसिकता पर प्रकाश डालते हुए कहता है, "आत्मघाती हमलों की मुख्य समस्या यह है कि जब कोई व्यक्ति यह मान लेता है कि उसकी मृत्यु एक निश्चित समय और स्थान पर होगी, तो वह एक खतरनाक मानसिक स्थिति में चला जाता है। वह यह मानने लगता है कि मृत्यु ही उसकी एकमात्र मंज़िल है।" अपने विचारों को आगे बढ़ाते हुए उमर कहता है कि, 'लेकिन सच्चाई यह है कि ऐसी सोच, या ऐसी परिस्थितियां, किसी भी लोकतांत्रिक या इंसानी व्यवस्था में स्वीकार्य नहीं हो सकतीं, क्योंकि वे जीवन, समाज और कानून के बुनियादी सिद्धांतों का उल्लंघन करती हैं।' यह वीडियो यहीं समाप्त हो जाता है, जिससे उसके आगे के विचार सामने नहीं आ पाए हैं।

लाल किला धमाका: 15 लोगों की मौत

आपको बता दें कि लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के बाहर हुए इस भीषण धमाके में अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है। यह धमाका तब हुआ जब एक कार में बैठे शख्स ने खुद को उड़ा लिया था। जांच एजेंसियों ने आतंकी उमर की मां का डीएनए सैंपल लेकर पुष्टि की है कि कार चलाने वाला शख्स और कोई नहीं, बल्कि आतंकी मोहम्मद उमर नबी ही था। इस धमाके में उसके चिथड़े उड़ गए थे। जांच एजेंसियां अभी भी इस मामले की गहराई से छानबीन कर रही हैं और पुलिस ने दिल्ली, हरियाणा और जम्मू-कश्मीर से कई लोगों को गिरफ्तार किया है। इस मामले का सीधा लिंक फरीदाबाद में बरामद 2,900 किलोग्राम विस्फोटक से जुड़ा हुआ है।

कौन था आतंकी डॉ. उमर?

आतंकी उमर नबी मूल रूप से पुलवामा के कोइल गांव का रहने वाला था और वह भारत विरोधी गतिविधियों में गहरी दिलचस्पी रखता था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, हाल के महीनों में उमर का व्यवहार काफी बदल गया था। 30 अक्टूबर के बाद से उसने फरीदाबाद स्थित अल फलाह विश्वविद्यालय की अपनी ड्यूटी छोड़ दी थी और फरीदाबाद और दिल्ली के लगातार चक्कर लगाने लगा था। वह अक्सर रामलीला मैदान और सुनहरी मस्जिद के पास की मस्जिदों में रुकता था। पुलिस के अनुसार, फरीदाबाद में 9 नवंबर को 2,900 किलोग्राम विस्फोटक बरामद होने के बाद हुई छापेमारी से ठीक पहले वह लापता हो गया था।

Tags:    

Similar News