Delhi में सीट के लिए रेलवे स्टेशन पर कत्लेआम! जनरल बोगी में यात्री की पीट-पीटकर हत्या, वीडियो Viral

Delhi Shahdara Station incident: यह पूरी घटना प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर सुबह करीब 6 बजे हरिद्वार जाने वाली योगा एक्सप्रेस के दौरान हुई।

Update:2026-06-20 13:45 IST

Delhi Shahdara Station incident

Delhi Shahdara Station incident: देश की राजधानी दिल्ली के शाहदरा रेलवे स्टेशन पर रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां ट्रेन की जनरल बोगी में सीट को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और एक यात्री की जान चली गई। यह पूरी घटना प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर सुबह करीब 6 बजे हरिद्वार जाने वाली योगा एक्सप्रेस के दौरान हुई।

मामूली कहासुनी में हुई हिंसक झड़प

जानकारी के मुताबिक, जैसे ही ट्रेन प्लेटफॉर्म पर पहुंची, जनरल कोच में चढ़ने को लेकर यात्रियों के बीच भारी धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इसी दौरान उत्तर प्रदेश के बागपत निवासी यात्री पंकज धामा का कुछ सह-यात्रियों से सीट को लेकर विवाद हो गया। मामूली कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई और भीड़ ने पंकज धामा पर हमला कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने पंकज को जमीन पर गिराकर लात-घूंसे से बुरी तरह पीटा। घटनास्थल पर भयंकर अफरा-तफरी का माहौल बन गया, लेकिन भीड़ में मौजूद कई लोग तमाशबीन बने रहे और गंभीर स्थिति के बावजूद समय पर मदद नहीं की गई।

घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि मौके पर मौजूद रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के एक जवान ने बीच-बचाव कर पंकज को भीड़ से छुड़ाया, लेकिन इसके बाद उन्हें प्लेटफॉर्म पर फर्श पर लेटा दिया गया। गंभीर हालत में पड़े यात्री को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की बजाय स्थिति और बिगड़ती चली गई।

मारपीट के कारण हुई मौत

थोड़ी देर बाद पंकज को गंभीर हालत में GTB अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि मारपीट के दौरान लगी अंदरूनी चोटें उनकी मौत का कारण बनीं।

नई दिल्ली रेलवे के DCP सचिन शर्मा ने बताया कि इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 (गैर-इरादतन हत्या) और धारा 3(5) के अंतर्गत केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

CCTV फुटेज का वीडियो हुआ वायरल

पुलिस अब रेलवे स्टेशन पर लगे CCTV फुटेज और वायरल वीडियो की सहायता से हमलावरों की पहचान करने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान होते ही उनकी गिरफ्तारी के लिए त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर लोग नाराजगी जता रहे हैं और मौके पर मौजूद लोगों की निष्क्रियता तथा सुरक्षा बलों की भूमिका पर भी सवाल खड़े कर रहे हैं।

फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और रेलवे प्रशासन ने भी घटना को गंभीरता से लेते हुए रिपोर्ट तलब की है। यह दर्दनाक घटना एक बार फिर भीड़भाड़ वाले रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की आवश्यकता को उजागर करती है।

Tags:    

Similar News