ED Raid: महाठग शेरपुरिया के ठिकानों से ED को मिले कई अहम दस्तावेज, कई संपत्तियों के बेनामी होने की आशंका

ED Raid: करोड़ों रूपये की जालसाजी करने वाले शेरपुरिया के ठिकानों पर छापेमारी करने के बाद प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारियों के होश उड़ गए हैं। ईडी सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, शेरपुरिया ने बड़े एवं प्रभावशाली नेताओं के साथ अपनी नजदीकी का स्वांग रच अकूत संपत्ति जमा कर ली है।

Update: 2023-05-03 09:34 GMT
संजय शेरपुरिया के ठिकानों पर ईडी की रेड ( सोशल मीडिया)

ED Raid: महाठग संजय राय शेरपुरिया इन दिनों खबरों में है। करोड़ों रूपये की जालसाजी करने वाले शेरपुरिया के ठिकानों पर छापेमारी करने के बाद प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारियों के होश उड़ गए हैं। ईडी सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, शेरपुरिया ने बड़े एवं प्रभावशाली नेताओं के साथ अपनी नजदीकी का स्वांग रच अकूत संपत्ति जमा कर ली है। इनमें से कई संपत्तियों के बेनामी होने की भी आशंका है। ईडी की टीम ने सोमवार रात को दिल्ली, लखनऊ, गाजीपुर और बनारस में मौजूद शेरपुरिया के कई ठिकानों पर एक साथ छापा मारा।

मिली जानकारी के मुताबिक, ईडी की ये कार्रवाई सोमवार रात से शुरू होकर मंगलवार रात तक चली। इस छापे में जांच एजेंसी ने शेरपुरिया के एनजीओ और बोगस कंपनियों से जुड़े तमाम संदिग्ध दस्तावेज बरामद किए हैं। ईडी को उसके एनजीओ यूथ रूरल एंटरप्रेन्योर फाउंडेशन, पांच कंपनियों से जुड़े हजारों दस्तावेज मिले हैं। इसके अलावा बड़ी संख्या में बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, लॉकर्स की जानकारी, चेकबुक और पासपोर्ट भी मिले हैं।

कई संपत्तियों के बेनामी होने की आशंका

प्रवर्तन निदेशालय महाठग संजय राय शेरपुरिया के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बारे में कोई भी जानकारी सार्वजनिक करने से फिलहाल बच रहे हैं। सभी जानकारी एजेंसी के सूत्रों के माध्यम से बाहर आ रही हैं। ऐसी ही एक जानकारी के मुताबिक, ईडी को देश के कई शहरों में शेरपुरिया की संपत्ति होने के दस्तावेज मिले हैं। महाठग की गुजरात स्थित संपत्तियों के बारे में पता लगाया जा रहा है। एजेंसी को कई संपत्तियों के बेनामी होने की भी आशंका है।

महागठ शेरपुरिया के ठिकाने से ईडी को उसके राजनेताओं के साथ की फोटो और कुछ डायरियां मिली हैं, जिसमें कोडवर्ड में लेन-देन का जिक्र किया गया है। अधिकारियों की मानें तो ये लेन-देन करोड़ों में हो सकता है। इसके अलावा इन ठिकानों से कई इलेक्ट्रोनिक डिवाइस जैसे पेन ड्राइव, लैपटॉप, हार्ड डिस्क, मोबाइल और टैब भी बरामद किए गए हैं। जिससे कई अहम जानकारियां हाथ लगने की उम्मीद है।

छह दिन तक पुलिस रिमांड में रहेगा शेरपुरिया

संजय शेरपुरिया को सीजेएम कस्टम फरहा जमील की कोर्ट ने छह दिन की पुलिस रिमांड में भेज दिया है। अदालत के आदेश के मुताबिक, महाठग शेरपुरिया तीन मई की सुबह 10 बजे से 9 मई की शाम चार बजे तक पुलिस रिमांड में रहेगा। सोमवार को पुलिस ने कोर्ट में अर्जी देकर 10 दिन की रिमांड मांगी थी। पुलिस को दिए बयान में शेरपुरिया ने बताया कि उसने कई मंत्रियों और नेताओं के साथ तस्वीर खिंचवाकर ट्विटर और फेसबुक जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों पर अपलोड कर लोगों को प्रभावित किया और फिर उन्हें अपने जाल में फंसाकर रूपड़े वसूले।
बता दें कि यूपी एसटीएफ और ईडी को महाठग संजय शेरपुरिया की पत्नी की भी तलाश है, जो पति की गिरफ्तारी के बाद से फरार चल रही है। बताया जाता है कि उसकी शेरपुरिया द्वारा बनाई गई कंपनियों में उसकी पत्नी भी अहम पदों पर रह चुकी है। इसलिए जांच एजेंसी उससे भी पूछताछ करना चाहती है।

Tags:    

Similar News