Diwali Gift: रेलवे कर्मचारियों के लिए खुशखबरी, मिलेगा 78 दिनों का बोनस, कैबिनेट ने दी मंजूरी

Diwali Gift: रेलवे कर्मचारियों के लिए एक गुड न्यूज है। केंद्र सरकार ने उन्हें 78 दिनों का बोनस देने का ऐलान किया है।

Update: 2022-10-12 11:24 GMT

रेलवे कर्मचारियों के लिए खुशखबरी, मिलेगा 78 दिनों का बोनस

Diwali Gift: दशहरे की समाप्ति के बाद अब लोग दीपावली की तैयारियों में जुट गए हैं। तमाम सरकारी और निजी संस्थान अपने कर्मचारियों को दिवाली के मौके पर बोनस का ऐलान कर रहे हैं। रेलवे कर्मचारियों के लिए एक गुड न्यूज है। केंद्र सरकार ने उन्हें 78 दिनों का बोनस देने का ऐलान किया है। नई दिल्ली में बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में कैबिनेट की बैठक हुई, जिसमें रेलवे कर्मचारियों को बोनस देने समेत कई अन्य महत्वपूर्ण फैसले लिए गए हैं।

केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने कैबिनेट के फैसलों की जानकारी देते हुए बताया कि सरकार रेलवे कर्मचारियों को प्रदर्शन के आधार पर बोनस देगी। सरकार के इस ऐलान के बाद 11.27 लाख रेलवे कर्मचारियों को बोनस मिलने का रास्ता साफ हो गया है। इसका लाभ केवल अराजपत्रित रेल कर्मचारियों को ही मिलेगा।

इस ऐलान के बाद रेलवे पर 1832.09 करोड़ रूपये का वित्तीय बोझ पड़ने वाला है। पात्र रेलवे कर्मचारियों को पीएलबी भुगतान के तौर पर 7 हजार रूपये प्रतिमाह दिए जाते हैं। 78 दिनों के हिसाब से कर्मचारियों को बोनस राशि के तौर पर 17951 रूपये दिया जाएगा।

गौरतलब है कि त्योहारी सीजन में सरकार रेलवे के लाखों कर्मचारियों के लिए बोनस की घोषणा करते आई है। इसका मकसद कर्मचारियों को रेलवे के प्रदर्शन को बेहतर बनाने की दिशा में काम करने के लिए प्रेरित करना है। रेलवे की उत्पादकता से जुड़ा यह बोनस सभी अराजपत्रित कर्मचारियों को कवर करता है। इसमें आरपीएफ और आरपीएसएफ के कर्मचारी शामिल नहीं हैं। आमतौर पर रेल कर्मचारियों को इस बोनस का पेमेंट दशहरा से पहले कर दिया जाता था मगर इस बार ऐसा नहीं हो सका। बता दें कि रेलवे ने पिछले साल यानी 2021 में भी अपने कर्मचारियों को 78 दिनों का बोनस दिया था। केंद्र सरकार का रेलवे पहले ऐसा विभाग था, जिसने 1970-80 में प्रदर्शन के आधार पर बोनस देने की रवायत शुरू की थी।

Tags:    

Similar News