India Heatwave 2026: देशभर में गर्मी का कहर! अगले 72 घंटे बेहद खतरनाक, कई राज्यों में रेड अलर्ट जारी

India Heatwave 2026: IMD के वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश ने बताया कि उत्तर प्रदेश में पश्चिमी हवाओं के कारण तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है। बीते 4 दिनों से प्रदेश के कई भागों में तापमान 40-45 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है।

Update:2026-05-21 14:53 IST

India Heatwave 2026

India Heatwave 2026: पूरे देश में इस वक़्त भयंकर गर्मी और लू का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। देश में उत्तर से लेकर महाराष्ट्र तक तापमान में लगातार बढ़ता रिकॉर्ड दर्ज किया जा रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने कई राज्यों में आगामी 3 दिनों तक रेड अलर्ट (red alert) जारी किया है और लोगों को स्थिति देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है। बढ़ती गर्मी ने आम जन जीवन को गंभीर रूप से तरह प्रभावित कर दिया है और दोपहर के वक्त सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ है।

तापमान में लगातार वृद्धि से हालत खराब 

IMD के वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश ने बताया कि उत्तर प्रदेश में पश्चिमी हवाओं के कारण तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है। बीते 4 दिनों से प्रदेश के कई भागों में तापमान 40-45 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। प्रयागराज मंडल और आगरा मंडल में रेड अलर्ट जारी किया गया है, जबकि राजधानी लखनऊ में 'येलो अलर्ट' लगाया गया है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी 3 दिनों तक भीषण गर्मी का प्रभाव बना रहेगा, जिसके बाद कुछ क्षेत्रों में 'ऑरेंज अलर्ट' लागू किया जाएगा।

आम जन से अपील

मोहम्मद दानिश ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक तपती गर्मी रहती है, इसलिए आवश्यक न हो तो घर से बाहर निकलने से बचें। अगर बाहर जाना जरूरी हो तो सिर ढंककर निकलें, पानी की बोतल साथ रखें और ज़्यादा से ज़्यादा पानी पीते रहें। हालात देखते हुए डॉक्टरों ने भी गर्मी से बचाव के लिए हल्का भोजन (light meal) करने और धूप में ज्यादा देर तक रहने से बचने की सलाह दी है।

महाराष्ट्र में भी गर्मी का भयंकर प्रकोप

महाराष्ट्र में भी गर्मी का प्रकोप कम नहीं है। IMD मुंबई के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि विदर्भ क्षेत्र के लिए आज और कल के लिए रेड अलर्ट (red alert) जारी किया गया है। अमरावती सहित आसपास के कई जिलों में लू की गंभीर स्थिति बनी हुई है। कुछ जिलों में ऑरेंज अलर्ट भी लागू किया गया है। प्रशासन ने लोगों को दोपहर के वक्त घरों के अंदर रहने और बच्चों एवं बुजुर्गों का बेहद खास ध्यान रखने की सलाह दी है।

वहीं, पंजाब और हरियाणा के भी कुछ भागों में मौसम में हल्का परिवर्तन देखने को मिल सकता है। चंडीगढ़ मौसम विभाग के निदेशक सुरिंदर पॉल के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर में मौसम परिवर्तन के कारण पंजाब और हरियाणा के कुछ जिलों में तापमान में मामूली गिरावट आ सकती है। गुरदासपुर और अमृतसर जैसे इलाकों में लोगों को थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है, हालांकि राज्य के अधिकतर हिस्सों में लू का प्रभाव बना रहेगा।

मौसम विभाग की चेतावनी

मौसम विभाग ने मौसम को देखते हुए चेतावनी दी है कि तेज गर्मी और लू के कारण हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन और अन्य स्वास्थ्य संबंधित समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है। ऐसे में बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की बेहद आवश्यकता है। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग लगातार लोगों को जागरूक कर रहे हैं ताकि इस भीषण गर्मी से होने वाले खतरे को कम किया जा सके।

Tags:    

Similar News