भारत के लिए पाक ने फिर बंद किया आसमान! विमानों पर बढ़ी पाबंदी, बढ़ने लगा तनाव, जानें पूरा मामला
India Pakistan Airspace Ban: भारत और पाकिस्तान के बीच जारी तनाव के बीच पाकिस्तान ने एक बार फिर अपने हवाई क्षेत्र में भारतीय विमानों पर लगे प्रतिबंध को बढ़ा दिया है।
India Pakistan Airspace Ban: भारत और पाकिस्तान के बीच जारी तनाव के बीच पाकिस्तान ने एक बार फिर अपने हवाई क्षेत्र में भारतीय विमानों पर लगे प्रतिबंध को बढ़ा दिया है। मंगलवार को जारी फैसले के मुताबिक अब भारतीय विमान 24 मई तक पाकिस्तानी एयरस्पेस का इस्तेमाल नहीं कर सकेंगे। इस कदम से साफ है कि दोनों देशों के रिश्तों में अभी भी तल्खी बनी हुई है और हालात सामान्य होने के आसार फिलहाल नजर नहीं आ रहे हैं।
सभी भारतीय विमानों पर रोक
पाकिस्तान हवाई अड्डा प्राधिकरण ने ‘नोटिस टू एयरमेन’ यानी नोटम जारी कर इस फैसले की जानकारी दी है। इसमें साफ कहा गया है कि सभी भारतीय पंजीकृत, पट्टे पर लिए गए, वाणिज्यिक और सैन्य विमानों को 24 मई 2026 को सुबह पांच बजे तक पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। यह नोटिस पिछले नोटिस की समयसीमा खत्म होने से कुछ दिन पहले ही जारी कर दिया गया, जिससे यह संकेत मिलता है कि पाकिस्तान फिलहाल इस प्रतिबंध को जारी रखने के मूड में है।
भारतीय विमानन कंपनियों पर पड़ रहा असर
करीब एक साल से लागू इस प्रतिबंध का असर भारतीय विमानन कंपनियों पर साफ तौर पर दिख रहा है। पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र के बंद होने के कारण भारतीय विमानों को अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए लंबे रास्ते अपनाने पड़ रहे हैं। इससे ईंधन खर्च बढ़ रहा है और समय भी ज्यादा लग रहा है, जिसका सीधा असर कंपनियों के आर्थिक नुकसान के रूप में सामने आ रहा है।
भारत ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तानी विमानों के अपने हवाई क्षेत्र में प्रवेश पर रोक लगा रखी है, जो 30 अप्रैल 2025 से लागू है। माना जा रहा है कि भारत भी इस प्रतिबंध को आगे बढ़ा सकता है।
पहलगाम हमले के बाद बढ़ा था तनाव
दरअसल, पिछले साल 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद दोनों देशों के रिश्तों में तनाव काफी बढ़ गया था। इस हमले में 26 लोगों की मौत हुई थी, जिसके बाद भारत सरकार ने पाकिस्तान के खिलाफ कई कड़े कदम उठाए थे। उसी के तहत हवाई क्षेत्र बंद करने का फैसला भी लिया गया था। शुरुआत में यह प्रतिबंध 24 मई 2025 तक के लिए लगाया गया था, लेकिन हालात में सुधार न होने के चलते इसे हर महीने बढ़ाया जाता रहा है।
पहले भी ऐसे हालात में बंद हुआ है एयरस्पेस
यह पहली बार नहीं है जब भारत और पाकिस्तान के बीच इस तरह का कदम उठाया गया हो। इससे पहले 1999 के करगिल संघर्ष और 2019 के पुलवामा संकट के दौरान भी दोनों देशों ने अपने-अपने हवाई क्षेत्र बंद किए थे।
मौजूदा हालात को देखते हुए साफ है कि जब तक दोनों देशों के बीच तनाव कम नहीं होता, तब तक एयरस्पेस पर यह पाबंदी जारी रह सकती है। फिलहाल यात्रियों और विमानन कंपनियों को इसी स्थिति के साथ आगे बढ़ना होगा।