जैसलमेर में कांग्रेस के 4 दावेदार, 2 दिग्गज नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर; किसे मिलेगी कुर्सी?
Jaisalmer Zila Pramukh Election: जैसलमेर जिला परिषद की 21 में से 20 सीटों पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की है। अब जिला प्रमुख की कुर्सी को लेकर रुपाराम धनदेव और सालेह मोहम्मद खेमे के बीच सियासी खींचतान तेज हो गई है। जानिए दावेदारों और सियासी समीकरणों का पूरा गणित।
Jaisalmer Zila Parishad Election
Jaisalmer Zila Pramukh Election: राजस्थान के जैसलमेर में जिला परिषद चुनाव के नतीजों ने कांग्रेस को बड़ी राजनीतिक ताकत दे दी है। जिले की 21 सीटों में से 20 पर जीत हासिल कर पार्टी ने बीजेपी को सिर्फ एक वार्ड तक सीमित कर दिया। लेकिन इस शानदार जीत के बाद कांग्रेस के सामने अब नई चुनौती खड़ी हो गई है। असली मुकाबला जिला प्रमुख की कुर्सी को लेकर है, क्योंकि यह पद अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग के लिए आरक्षित है और पार्टी के पास इस वर्ग के चार निर्वाचित सदस्य हैं। ऐसे में सवाल सिर्फ उम्मीदवार चुनने का नहीं, बल्कि जिले के दो प्रभावशाली नेताओं रूपाराम धनदेव और सालेह मोहम्मद के बीच राजनीतिक संतुलन बनाने का भी है। अब देखना होगा कि जिला प्रमुख का ताज किसके सिर सजेगा।
जिला प्रमुख बनने की दौड़ में कांग्रेस के चार दावेदार
जिला प्रमुख का पद ST वर्ग के लिए आरक्षित होने के कारण कांग्रेस के चार निर्वाचित सदस्य इस दौड़ में शामिल हैं। इनमें वार्ड नंबर 21 खारिया से संतोष कुमारी, वार्ड नंबर 09 से रतनाराम, वार्ड नंबर 04 से मानाराम और वार्ड नंबर 06 से कमलाराम के नाम सामने आ रहे हैं।
इन चारों में से किसी एक को जिला प्रमुख बनाने का फैसला कांग्रेस के लिए आसान नहीं होगा। इसकी वजह यह है कि हर दावेदार के पीछे अलग-अलग राजनीतिक समीकरण और नेताओं का प्रभाव जुड़ा हुआ है। यही कारण है कि जिला प्रमुख के चयन को लेकर धनदेव और सालेह मोहम्मद के खेमों की भूमिका अहम मानी जा रही है।
पोकरण में सालेह मोहम्मद की मजबूत पकड़
जिला परिषद चुनाव में पोकरण विधानसभा क्षेत्र का प्रदर्शन कांग्रेस के लिए खास रहा। यहां की सभी 10 जिला परिषद सीटों पर पार्टी ने जीत दर्ज की। इस जीत ने पूर्व कैबिनेट मंत्री सालेह मोहम्मद के राजनीतिक प्रभाव को चर्चा में ला दिया है।
पोकरण क्षेत्र के वार्ड नंबर 21 खारिया से जीत हासिल करने वाली संतोष कुमारी का नाम जिला प्रमुख पद के लिए प्रमुखता से लिया जा रहा है। माना जा रहा है कि सालेह मोहम्मद के खेमे की ओर से उनके नाम की पैरवी की जा सकती है। यदि कांग्रेस नेतृत्व पोकरण क्षेत्र को प्रतिनिधित्व देने का फैसला करता है, तो संतोष कुमारी की दावेदारी मजबूत हो सकती है।
जैसलमेर में रूपाराम धनदेव के सामने तीन नामों की चुनौती
दूसरी तरफ जैसलमेर विधानसभा क्षेत्र में पूर्व विधायक रूपाराम धनदेव के प्रभाव वाला राजनीतिक समीकरण है। इस क्षेत्र की 11 जिला परिषद सीटों में से कांग्रेस ने 10 पर जीत दर्ज की, जबकि एक सीट बीजेपी के खाते में गई।
कांग्रेस की ओर से यहां ST वर्ग के तीन सदस्य चुनाव जीतकर आए हैं। इनमें वार्ड नंबर 09 से रतनाराम, वार्ड नंबर 04 से युवा नेता मानाराम और वार्ड नंबर 06 से कमलाराम शामिल हैं। इन तीनों में से किसी एक को जिला प्रमुख बनाने की स्थिति में धनदेव खेमे की दावेदारी सामने आ सकती है।
हालांकि, एक ही क्षेत्र से तीन दावेदार होने के कारण किसी एक नाम पर सहमति बनाना भी चुनौतीपूर्ण होगा। ऐसे में कांग्रेस के भीतर होने वाली बातचीत और नेताओं के बीच सहमति का असर अंतिम चयन पर पड़ सकता है।
11 बनाम 9 का समीकरण
जिला परिषद चुनाव के बाद कांग्रेस के भीतर समर्थन का गणित भी चर्चा में है। सामने आ रहे राजनीतिक समीकरणों के मुताबिक, सालेह मोहम्मद के प्रभाव वाले खेमे के पास 11 सदस्यों का समर्थन माना जा रहा है, जबकि रूपाराम धनदेव के खेमे के साथ 9 सदस्य बताए जा रहे हैं।
इस पूरे समीकरण में कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमरदीन फकीर की भूमिका भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। वह जैसलमेर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव जीते हैं और सालेह मोहम्मद के छोटे भाई हैं। ऐसे में उनकी जीत को सालेह मोहम्मद खेमे के लिए राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है।