'गोली मारना पसंद करूंगा, लेकिन BJP से माफी नहीं…', मेले में बवाल के बाद कांग्रेस विधायक की दो टूक!
Jauljibi Fair Controversy: उत्तराखंड के पिथौरागढ़ के जौलजीबी मेले में हंगामे के बाद कांग्रेस विधायक हरीश धामी ने बीजेपी से माफी मांगने से इनकार कर दिया है। माइक बंद करने के आरोप, पुलिस की FIR और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के पलटवार से उत्तराखंड की राजनीति गरमा गई है।
Image Source- Social Media
Jauljibi Fair Controversy: उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में जौलजीबी मेले के दौरान हुए हंगामे का मामला अब राजनीतिक तूल पकड़ता जा रहा है। मेले के मंच पर तोड़फोड़ और अभद्रता के आरोपों से घिरे कांग्रेस विधायक हरीश धामी ने माफी मांगने से साफ इनकार कर दिया है। उन्होंने पूरे विवाद के लिए बीजेपी को जिम्मेदार ठहराया है। विधायक का कहना है कि जब वह मंच से अपनी बात रख रहे थे तो बीजेपी नेताओं ने उनका माइक बंद करवा दिया। इसी बात से नाराज होकर उनके मुंह से कुछ अभद्र शब्द निकल गए।
हरीश धामी ने यहां तक कह दिया कि वह खुद को गोली मारना पसंद करेंगे, लेकिन बीजेपी से माफी नहीं मांगेंगे। दूसरी तरफ पुलिस ने विधायक समेत छह नामजद लोगों और अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस नेताओं पर चुनावी हार से हताश होकर अमर्यादित व्यवहार करने का आरोप लगाया है। ऐसे में जौलजीबी मेले का विवाद अब कांग्रेस और बीजेपी के बीच राजनीतिक टकराव का मुद्दा बन गया है।
माइक बंद हुआ तो भड़के विधायक
कांग्रेस विधायक हरीश धामी ने जौलजीबी मेले में हुए घटनाक्रम को लेकर अपनी बात रखी है। उनका कहना है कि मेले में उन्हें स्थानीय जनप्रतिनिधि के तौर पर आमंत्रित किया गया था। वह मुनस्यारी-धारचूला क्षेत्र की मातृशक्ति के सामने मंच से अपनी बात रख रहे थे, लेकिन बीजेपी के नेताओं ने उनका माइक बंद करवा दिया।
हरीश धामी के मुताबिक, इसी वजह से वह उत्तेजित हो गए और तैश में उनके मुंह से कुछ अभद्र शब्द निकल गए। उन्होंने कहा कि वह उन शब्दों के लिए माफी मांगते हैं, लेकिन कुछ लोग यह प्रचारित कर रहे हैं कि उन्होंने बीजेपी से माफी मांग ली है, जो पूरी तरह गलत है।
विधायक ने साफ कहा कि वह खुद को गोली मारना पसंद करेंगे, लेकिन बीजेपी से माफी नहीं मांगेंगे। उनका कहना है कि यदि कार्यक्रम में उन्हें सम्मान नहीं देना था तो आमंत्रित ही नहीं करना चाहिए था।
‘जनप्रतिनिधि का अपमान बर्दाश्त नहीं’
हरीश धामी ने कहा कि अगर उनका व्यक्तिगत अपमान होता तो वह उसे सहन भी कर लेते, लेकिन एक जनप्रतिनिधि के साथ इस तरह का व्यवहार उचित नहीं है। उन्हें कार्यक्रम में बुलाया गया, लेकिन अपनी बात रखने तक का मौका नहीं दिया गया।
उन्होंने क्षेत्र की उपेक्षा का मुद्दा उठाते हुए कहा कि वह अपने क्षेत्र के लोगों की आवाज उठाने के लिए वहां पहुंचे थे। ऐसे में जनप्रतिनिधि को मंच से बोलने का अवसर नहीं देना और माइक बंद कर देना ठीक नहीं है। उन्होंने साफ कहा कि क्षेत्र की उपेक्षा बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
गणेश गोदियाल ने भी सरकार पर उठाए सवाल
इस पूरे मामले पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने जौलजीबी मेले में धारचूला के विधायक हरीश धामी के साथ हुए व्यवहार को लेकर बीजेपी सरकार पर निशाना साधा।
गणेश गोदियाल ने राज्य की बीजेपी सरकार पर लोकतांत्रिक मर्यादाओं के हनन और प्रोटोकॉल (Protocol Violation) के उल्लंघन का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विधायक हरीश धामी की नाराजगी पूरी तरह जायज है।
गोदियाल के मुताबिक, किसी जनप्रतिनिधि को मंच से बोलने का अवसर नहीं देना और उसका माइक बंद करवाना निंदनीय है। उन्होंने इस घटना को जनप्रतिनिधियों के सम्मान से जुड़ा मामला बताया।
विधायक हरीश धामी समेत छह लोगों पर मुकदमा
उधर, जौलजीबी मेले में हुए हंगामे को लेकर पुलिस ने भी कार्रवाई की है। पुलिस के मुताबिक, मेले के उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को संबोधित किया था। इसके बाद कार्यक्रम की समाप्ति पर मेला समिति के अध्यक्ष और धारचूला विधायक हरीश सिंह धामी ने अपने समर्थकों के साथ नारेबाजी शुरू कर दी।
पुलिस का आरोप है कि विधायक के साथ राम सिंह रोकया, सौरभ मर्तोलिया, नृप सिंह, मनोहर टोलिया, विक्रम दानू और अन्य लोगों ने नारेबाजी करते हुए अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। इस दौरान पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की गई और सरकारी कामकाज में बाधा पहुंचाई गई।
पुलिस के अनुसार, मौके पर तोड़फोड़ भी की गई। वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने संबंधित लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन उनकी ओर से पुलिसकर्मियों और अन्य व्यक्तियों के साथ धक्का-मुक्की की गई।
जौलजीबी के थानाध्यक्ष हरेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि विधायक हरीश सिंह धामी समेत छह नामजद और अन्य व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 121(1), 132, 191(2), 324(3) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
CM पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस पर किया पलटवार
जौलजीबी मेले के विवाद पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी कांग्रेस को घेरा है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं पर चुनावों में लगातार मिल रही हार की वजह से निराश और हताश होने का आरोप लगाया।
रविवार को बीजेपी प्रदेश कार्यालय में संगठन की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के नेता हताशा में अपना मानसिक संतुलन खो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस में ऊपर से नीचे तक अमर्यादित आचरण की परिपाटी बन गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के नेताओं का आम लोगों की समस्याओं और उनकी बेहतरी से कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश की जनता आगामी चुनाव में भी कांग्रेस को सबक सिखाने वाली है। उनके मुताबिक, चुनाव के बाद भी कांग्रेस वहीं रहेगी जहां अभी है।
‘सरलीकरण, समाधान और संतुष्टि के मंत्र पर काम कर रही सरकार’
राजनीतिक विवाद के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को लोहियाहेड हेलीपैड और अपने निजी आवास नगला तराई में आम लोगों और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याएं और शिकायतें सुनीं।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त शिकायतों और समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार सरलीकरण, समाधान और संतुष्टि के मंत्र के साथ काम कर रही है।
प्रतियोगिता में सफल दो विद्यार्थियों से मिले मुख्यमंत्री
इस दौरान महाराष्ट्र में आयोजित यूसीमास की राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले उत्तराखंड के दो मेधावी विद्यार्थियों ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात की। इनमें कार्तिकेय सिंह तोमर ने प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल किया, जबकि युग सिंह तोमर थर्ड रनर अप रहे। मुख्यमंत्री ने दोनों विद्यार्थियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता जताई और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
फिलहाल जौलजीबी मेले में हुए विवाद को लेकर कांग्रेस विधायक हरीश धामी और बीजेपी के बीच आरोप-प्रत्यारोप जारी हैं। एक तरफ विधायक माइक बंद किए जाने और जनप्रतिनिधि के अपमान का मुद्दा उठा रहे हैं, तो दूसरी तरफ पुलिस ने हंगामे और सरकारी काम में बाधा डालने के आरोपों में मुकदमा दर्ज किया है। वहीं मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के व्यवहार पर सवाल उठाए हैं। अब इस पूरे मामले में पुलिस जांच और आगे की कार्रवाई पर नजर रहेगी।