कर्नाटक CM आवास और विधानसभा को उड़ाने की धमकी! ऑटो ड्राइवर के मोबाइल पर आया कॉल, पुलिसकर्मी ने उठाया तो उड़ गए होश!
कर्नाटक में CM आवास और विधानसभा उड़ाने की धमकी मिली है। ऑटो ड्राइवर के फोन से पुलिस को धमकी दी गई। जानिए पूरा मामला।
Image Source – Social Media
Karnataka CM Residence Bomb Threat: कर्नाटक में मुख्यमंत्री आवास और विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। हैरानी की बात यह है कि धमकी देने वाले ने इसके लिए न तो सीधे पुलिस कंट्रोल रूम को फोन किया और न ही कोई ई-मेल भेजा। उसने Namma Yatri ऐप के जरिए एक ऑटो बुक किया और फिर ड्राइवर के मोबाइल से वहां तैनात पुलिसकर्मी को धमकी दे दी। फोन पर मुख्यमंत्री के आवास और विधानसभा में बम रखने की बात कही गई। साथ ही मुख्यमंत्री के काफिले के गुजरने के दौरान धमाका करने की चेतावनी भी दी गई।
रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना 5 नवंबर 2026 की है, जबकि मामला 27 नवंबर को सामने आया। पुलिस अब धमकी देने वाले शख्स की पहचान करने में जुटी है।
ऑटो की बुकिंग में आया 'कार्तिक' नाम
मामले की शुरुआत एक सामान्य ऑटो बुकिंग से हुई। 26 वर्षीय ऑटो चालक भगवान्तराय 5 नवंबर को Namma Yatri ऐप पर अपनी सेवाएं दे रहे थे। शाम करीब 7:20 बजे पैलेस ग्राउंड्स के पास एक सवारी छोड़ने के बाद उन्हें 'कार्तिक' नाम से नई बुकिंग मिली। बुकिंग में पिकअप लोकेशन अरमानेनगर की 18वीं क्रॉस बताई गई थी, जबकि यात्री को राजराजेश्वरी नगर के केंचेनहल्ली स्थित BHEL लेआउट जाना था।
ऑटो चालक बताए गए पिकअप प्वाइंट पर पहुंचा तो उसने यात्री से संपर्क करने के लिए दिए गए मोबाइल नंबर पर कॉल किया। फोन उठाने वाले व्यक्ति ने खुद को मुख्यमंत्री के आवास के अंदर मौजूद बताया। इसके बाद उसने ड्राइवर से कहा कि वह अपना मोबाइल गेट पर तैनात पुलिस अधिकारी को दे दे, ताकि वह अपनी लोकेशन समझा सके।
पुलिसकर्मी ने लिया फोन तो मिली बम धमाके की चेतावनी
ऑटो चालक ने फोन वहां मौजूद पुलिस अधिकारी को सौंप दिया। पुलिसकर्मी ने जैसे ही दूसरी तरफ मौजूद व्यक्ति से बात की, उसने मुख्यमंत्री के आवास और विधानसभा में बम रखे होने की धमकी दे दी।
इतना ही नहीं, फोन करने वाले ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री का काफिला जब वहां से गुजरेगा, उसी दौरान विस्फोट किया जाएगा। इस अप्रत्याशित कॉल के बाद पुलिस ने ऑटो की तलाशी ली। ड्राइवर ने भी साफ किया कि फोन करने वाले व्यक्ति से उसका कोई निजी परिचय नहीं है। वह सिर्फ ऐप पर मिली बुकिंग के आधार पर निर्धारित स्थान पर पहुंचा था। उसने पुलिस को अपने पास मौजूद बुकिंग की जानकारी भी दिखाई।
5 नवंबर की घटना, 7 नवंबर को दर्ज कराई गई शिकायत
इस मामले में एक अहम बात यह भी है कि घटना और पुलिस शिकायत के बीच दो दिन का अंतर रहा। ऑटो चालक भगवान्तराय ने 7 नवंबर को सदाशिवनगर पुलिस के सामने शिकायत दर्ज कराई।
रिपोर्ट के अनुसार, शिकायत दर्ज कराने में देरी की वजह परिवार में आई मेडिकल इमरजेंसी बताई गई। एफआईआर में ड्राइवर का पूरा नाम भगवान्तराय सिद्धन्ना मुदबूल और उम्र 26 साल दर्ज है। ड्राइवर ने बताया कि वह किराये पर ऑटो चलाता है। उसने अपने एक दोस्त से प्रतिदिन 200 रुपये किराये पर ऑटो लिया था। इस ऑटो को उसने कई प्लेटफॉर्म पर रजिस्टर्ड करा रखा है।
पहले NCR, फिर अदालत की अनुमति के बाद दर्ज हुआ केस
पुलिस ने शुरुआत में इस मामले में नॉन-कॉग्निजेबल रिपोर्ट (NCR) दर्ज की थी। इसका नंबर 196/2026 बताया गया है। चूंकि मामला नॉन-कॉग्निजेबल श्रेणी का था, इसलिए आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित अदालत से अनुमति ली गई। अदालत की मंजूरी मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
अब जांच एजेंसियां धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान करने के साथ-साथ Namma Yatri ऐप पर की गई बुकिंग और उससे जुड़े मोबाइल नंबर की जानकारी खंगाल रही हैं। पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर 'कार्तिक' नाम से बुकिंग कराने वाला व्यक्ति कौन था और उसने मुख्यमंत्री के आवास तथा विधानसभा को लेकर धमकी क्यों दी?