अचानक PM मोदी ने बुलाई कैबिनेट बैठक! संसद सत्र से पहले सेवा तीर्थ में जुटेंगे मंत्री, दो अहम बिल पर होगा खेला

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 27 नवंबर को दोपहर 1 बजे सेवा तीर्थ में कैबिनेट की अहम बैठक बुलाई है।

Update:2026-11-26 21:16 IST

PM Modi Cabinet Meeting: संसद में एक बार फिर सियासी पारा चढ़ने वाला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 27 नवंबर को दोपहर 1 बजे सेवा तीर्थ में अहम कैबिनेट बैठक बुलाई है। यह बैठक ऐसे वक्त हो रही है, जब सरकार 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक संसद की बैठक बुलाने जा रही है।

चर्चा है कि इस दौरान सरकार महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े विधेयकों को फिर से संसद में लाने की तैयारी कर सकती है। ऐसे में कल होने वाली बैठक में इन प्रस्तावों पर कोई बड़ा फैसला होता है या नहीं, इस पर सबकी नजर रहेगी। हालांकि, कैबिनेट बैठक का आधिकारिक एजेंडा अभी सामने नहीं आया है।

30 नवंबर से 3 दिसंबर तक संसद में हलचल

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने गुरुवार को बताया कि सरकार ने लोकसभा स्पीकर और राज्यसभा के सभापति से सदनों की बैठक दोबारा बुलाने का अनुरोध किया है। इसके मुताबिक, लोकसभा की बैठक 30 नवंबर यानी सोमवार को और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर यानी बुधवार को होगी। सरकारी कामकाज के हिसाब से दोनों सदनों की बैठक 3 दिसंबर तक चल सकती है।

सरकार ने फिलहाल इसे जरूरी सरकारी कामकाज के लिए बुलाई गई बैठक बताया है। लेकिन इसके समय और राजनीतिक माहौल को देखते हुए महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े विधेयकों को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं।

महिला आरक्षण के साथ परिसीमन का भी प्लान?

दरअसल, महिला आरक्षण कानून और परिसीमन को लेकर सरकार की तैयारी पहले से चर्चा में है। साल 2023 में संसद ने लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण देने का कानून पास किया था। लेकिन इसे लागू करने की प्रक्रिया को जनगणना और परिसीमन से जोड़ा गया है। इसी कड़ी में सरकार परिसीमन से जुड़े प्रस्तावों पर आगे बढ़ना चाहती है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, सरकार महिला आरक्षण को लागू करने के रास्ते में आने वाली अड़चनों को दूर करने के लिए संविधान संशोधन विधेयक और परिसीमन से जुड़े कानूनों का नया मसौदा ला सकती है। लोकसभा की सीटों की संख्या बढ़ाने और निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं में बदलाव जैसे मुद्दे भी इस चर्चा का हिस्सा हैं। हालांकि, इस बार सरकार कौन-सा विधेयक और किस स्वरूप में पेश करेगी, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

अप्रैल में संसद में अटक गया था सरकार का प्लान

इससे पहले अप्रैल 2026 में सरकार ने महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को संसद में आगे बढ़ाने की कोशिश की थी, लेकिन लोकसभा में इसे जरूरी दो-तिहाई बहुमत नहीं मिल पाया था। इसके बाद संबंधित विधायी प्रस्ताव आगे नहीं बढ़ सके थे। अब सरकार नए सिरे से तैयारी कर रही है या नहीं, इसका संकेत कैबिनेट बैठक और संसद की आगामी कार्यवाही से मिल सकता है।

कांग्रेस ने भी बनाई रणनीति, सोनिया गांधी करेंगी बैठक की अध्यक्षता

उधर, संसद की आगामी बैठक को लेकर कांग्रेस भी अपनी रणनीति तैयार कर रही है। पार्टी की संसदीय रणनीति समूह की बैठक 27 नवंबर को शाम 4:30 बजे दिल्ली में होगी। इसकी अध्यक्षता सोनिया गांधी करेंगी। बैठक में संसद के भीतर सरकार को घेरने और महिला आरक्षण व परिसीमन जैसे मुद्दों पर पार्टी का रुख तय करने पर चर्चा हो सकती है।

Tags:    

Similar News