स्टालिन को हराने वाले विधायक का निधन, अब उसी सीट पर फिर उतरेंगे DMK प्रमुख?

Kolathur Bypoll: तमिलनाडु की कोलाथुर सीट पर टीवीके विधायक वीएस बाबू के निधन के बाद उपचुनाव होना है। 8,795 वोटों से हार चुके एमके स्टालिन को फिर चुनाव लड़ाने की मांग उठी है। जानिए डीएमके और विजय की पार्टी के लिए क्यों अहम है यह मुकाबला।

Update:2026-11-21 12:54 IST

 VS Babu Death

Kolathur Bypoll: तमिलनाडु की सियासत में एक बार फिर कोलाथुर विधानसभा सीट चर्चा के केंद्र में आ गई है। यह वही सीट है, जहां हालिया विधानसभा चुनाव में अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) ने ऐसा उलटफेर किया था, जिसने डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन को भी चौंका दिया। अब टीवीके विधायक वीएस बाबू के निधन के बाद यह सीट खाली हो गई है और यहां उपचुनाव होना है। ऐसे में राजनीतिक गलियारों में सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की है कि क्या एमके स्टालिन एक बार फिर इसी सीट से चुनाव लड़कर अपनी खोई जमीन वापस पाने की कोशिश करेंगे? डीएमके के भीतर उन्हें दोबारा मैदान में उतारने की मांग उठने लगी है, लेकिन अंतिम फैसला स्टालिन को ही करना है।

स्टालिन को फिर चुनाव लड़ते देखना चाहते हैं डीएमके कार्यकर्ता

वीएस बाबू के निधन के बाद कोलाथुर सीट पर होने वाला उपचुनाव डीएमके के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बन गया है। पार्टी के कुछ नेताओं और कार्यकर्ताओं का मानना है कि एमके स्टालिन को एक बार फिर इसी सीट से चुनाव लड़ना चाहिए। इससे पार्टी को अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने का मौका मिल सकता है।

डीएमके सांसद सी रविंद्रन ने भी इस मुद्दे पर अपनी राय रखी है। उन्होंने कहा कि कोलाथुर से चुनाव लड़ने का फैसला पूरी तरह एमके स्टालिन का होगा। पार्टी कार्यकर्ता के तौर पर वे जरूर चाहेंगे कि स्टालिन दोबारा चुनाव मैदान में उतरें, लेकिन अंतिम निर्णय उन्हीं को लेना है।

रविंद्रन के मुताबिक, कोलाथुर स्टालिन का निर्वाचन क्षेत्र रहा है और इस सीट से चुनाव लड़ने या नहीं लड़ने का फैसला कोई दूसरा नहीं कर सकता। उनके बयान से साफ है कि पार्टी के भीतर स्टालिन को फिर से मैदान में देखने की इच्छा है, हालांकि अभी उनकी उम्मीदवारी को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

8,795 वोटों से मिली थी स्टालिन को हार

कोलाथुर सीट पर हुए पिछले विधानसभा चुनाव में वीएस बाबू ने एमके स्टालिन को हराकर बड़ा राजनीतिक उलटफेर किया था। इस चुनाव में बाबू को 82,997 वोट मिले थे, जबकि स्टालिन के खाते में 74,202 वोट आए थे। दोनों उम्मीदवारों के बीच जीत का अंतर 8,795 वोटों का रहा।

इस नतीजे ने स्टालिन की लगातार जीत का सिलसिला तोड़ दिया था। वह 2011 से कोलाथुर विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे थे। ऐसे में उनकी हार को केवल एक सीट का नुकसान नहीं, बल्कि डीएमके के लिए बड़ा राजनीतिक झटका माना गया। विधानसभा चुनाव में पार्टी को सत्ता से भी बाहर होना पड़ा और विजय की टीवीके ने सरकार बनाने का रास्ता साफ किया।

DMK से शुरू हुआ था वीएस बाबू का राजनीतिक सफर

वीएस बाबू का राजनीतिक सफर डीएमके से ही शुरू हुआ था। पार्टी में अपनी जगह बनाने के बाद वह चेन्नई (उत्तर) जिले के सचिव भी बने। साल 2006 में उन्होंने पुरासावलकम विधानसभा सीट से जीत दर्ज की और 2011 तक विधायक रहे।

बाद में उन्होंने डीएमके छोड़कर एआईएडीएमके का दामन थाम लिया। इसके बाद विधानसभा चुनाव से पहले वह अभिनेता विजय की पार्टी टीवीके में शामिल हो गए। टीवीके ने उन्हें कोलाथुर से उम्मीदवार बनाया और उन्होंने इसी सीट पर एमके स्टालिन को हराकर सबको चौंका दिया। अब उनके निधन से यह सीट खाली हो गई है।

कोलाथुर उपचुनाव से तय होगी दोनों दलों की सियासी ताकत

कोलाथुर उपचुनाव डीएमके और टीवीके, दोनों के लिए अहम परीक्षा साबित हो सकता है। डीएमके के पास इस चुनाव के जरिए विधानसभा चुनाव में मिली हार के बाद अपनी स्थिति मजबूत करने का अवसर होगा। वहीं, टीवीके के सामने अपनी पिछली जीत को बरकरार रखने की चुनौती रहेगी।

अगर एमके स्टालिन खुद चुनाव मैदान में उतरते हैं तो मुकाबला और दिलचस्प हो सकता है। उनके लिए यह सीट अपनी राजनीतिक प्रतिष्ठा वापस पाने का मौका होगी। दूसरी ओर, अगर वह चुनाव नहीं लड़ते हैं तो डीएमके को किसी दूसरे चेहरे के साथ मैदान में उतरना होगा। फिलहाल सबकी निगाहें स्टालिन के फैसले पर टिकी हैं। उपचुनाव की तारीख और उम्मीदवारों को लेकर तस्वीर साफ होने के बाद ही कोलाथुर की सियासी लड़ाई का अगला अध्याय सामने आएगा।

Tags:    

Similar News