लतीफ भट के जनाजे में सिर्फ 8 लोग क्यों पहुंचे? जानिए अंतिम संस्कार की पूरी कहानी

Latif Bhat Funeral: कुलगाम एनकाउंटर में मारे गए लश्कर कमांडर लतीफ भट को घर से करीब 160 किलोमीटर दूर दफनाया गया। अंतिम संस्कार में परिवार के सिर्फ आठ पुरुष शामिल हुए और सुरक्षा बलों ने मोबाइल फोन भी अपने पास रख लिए।

Update:2026-11-19 10:37 IST

 Lashkar-e-Taiba Commander

Latif Bhat Funeral: जम्मू-कश्मीर में लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर लतीफ भट के मारे जाने के बाद उसके अंतिम संस्कार को लेकर कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। सुरक्षा बलों ने बुधवार को कुलगाम में मुठभेड़ के दौरान उसे मार गिराया था। इसके बाद देर रात करीब 10 बजे उसके शव को कुपवाड़ा जिले की बंगस घाटी के एक गांव में दफनाया गया। खास बात यह रही कि अंतिम संस्कार उसके घर से करीब 160 किलोमीटर दूर हुआ और इसमें परिवार के केवल आठ पुरुष सदस्य शामिल हो सके। इस दौरान सुरक्षा बलों की मौजूदगी भी रही।

बंगस घाटी में परिवार ने किया अंतिम संस्कार

लतीफ भट का परिवार कुपवाड़ा जिले के ख्रेवान गांव में रहता है। उसके मारे जाने के बाद परिजनों को बंगस घाटी के एक गांव में ले जाया गया, जहां उसे सुपुर्द-ए-खाक किया गया। परिवार के सदस्यों ने इस अंतिम संस्कार की पुष्टि की है।

हिन्दुस्तान टाइम्स से बातचीत में लतीफ के परिजनों ने बताया कि अंतिम संस्कार धार्मिक और पारंपरिक रीति-रिवाजों के मुताबिक किया गया। हालांकि, इस दौरान उन्हें तस्वीरें लेने या वीडियो बनाने की अनुमति नहीं दी गई।

परिजनों के फोन भी ले लिए गए थे

लतीफ भट के मामा मोहम्मद अल्ताफ के मुताबिक, कब्रिस्तान तक पहुंचने से करीब 10 किलोमीटर पहले ही सुरक्षा बलों ने परिवार के सदस्यों के मोबाइल फोन अपने पास ले लिए थे। इसके बाद उन्हें हंदवाड़ा क्षेत्र के बंगस घाटी स्थित गांव के कब्रिस्तान तक ले जाया गया।

अंतिम संस्कार में लतीफ के पिता मुश्ताक अहमद भट, दो मामा, तीन चाचा और एक बहनोई समेत परिवार के आठ पुरुष सदस्य मौजूद थे। सुरक्षा बलों की निगरानी में पूरी प्रक्रिया संपन्न हुई।

आतंकियों के शव परिवार को क्यों नहीं सौंपे जाते?

जम्मू-कश्मीर में मुठभेड़ में मारे गए आतंकवादियों के शव आमतौर पर उनके परिवारों को नहीं सौंपे जाते। इसके पीछे सार्वजनिक अंतिम संस्कार, भीड़ जुटने और आतंकियों के महिमामंडन को रोकने का उद्देश्य बताया जाता है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 29 जून 2025 को लोकसभा में इस नीति का जिक्र किया था। उन्होंने कहा था कि अब मारे गए आतंकवादियों को वहीं दफनाया जाता है और उनके सम्मान में अंतिम संस्कार के जुलूस निकालने की अनुमति नहीं दी जाती।

इससे पहले संसद हमले के दोषी अफजल गुरु को 2013 में फांसी दिए जाने के बाद तिहाड़ जेल परिसर में ही दफनाया गया था। इसी जेल में 1984 में फांसी दिए गए मकबूल भट को भी दफनाया गया था।

कुलगाम मुठभेड़ में मारा गया था लश्कर कमांडर

लतीफ भट बुधवार को कुलगाम में सुरक्षा बलों के साथ हुई मुठभेड़ में मारा गया था। वह लश्कर-ए-तैयबा का स्थानीय कमांडर था। केंद्र सरकार के अनुसार, वह जम्मू-कश्मीर में इस संगठन का आखिरी सक्रिय स्थानीय सदस्य था। उस पर पिछले सप्ताह सीआरपीएफ जवानों पर हुए हमले में शामिल होने का भी आरोप था। इस हमले में तीन जवान घायल हुए थे।

Tags:    

Similar News