PM Surya Ghar Yojana 2026: क्या एक ही घर में मिल सकती है एक से ज्यादा सोलर सब्सिडी? जानिए नया नियम
PM Surya Ghar Yojana 2026: क्या एक ही मकान में अलग-अलग बिजली मीटर पर अलग सोलर सब्सिडी मिल सकती है? PM Surya Ghar Yojana का नया नियम समझें
PM Surya Ghar Yojana 2026 India
PM Surya Ghar Yojana 2026: भीषण गर्मी, लगातार बढ़ते बिजली बिल और कई राज्यों में हो रही बिजली कटौती ने लोगों की जिंदगी को हिलाकर रख दिया है। इस बीच केंद्र सरकार की पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना आम लोगों के लिए राहत की बड़ी उम्मीद बनकर सामने आई है। इस योजना के जरिए लोग अपने घरों की छत पर सोलर पैनल लगवाकर बिजली बिल कम कर सकते हैं और सरकार से सब्सिडी का लाभ भी पा सकते हैं। लेकिन इन दिनों सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की हो रही है कि, अगर किसी व्यक्ति के नाम पर एक से ज्यादा बिजली कनेक्शन हैं या फिर एक ही मकान में अलग-अलग मीटर लगे हैं, तो क्या हर कनेक्शन पर अलग-अलग सोलर सब्सिडी मिल सकती है? अब इसको लेकर सरकार की गाइडलाइन से सारी सुविधाएं दूर हो गई है।
आइए इस बारे में जानते हैं विस्तार से -
बिजली कनेक्शन नंबर से तय होगी सब्सिडी
केंद्र सरकार की गाइडलाइन के मुताबिक पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना में सब्सिडी किसी व्यक्ति के नाम से नहीं, बल्कि बिजली कनेक्शन नंबर से जुड़ी होती है। यानी इस योजना में बिजली का मीटर नंबर ही सबसे अहम पहचान माना जाएगा। अगर किसी व्यक्ति के नाम पर अलग-अलग घरों में अलग-अलग बिजली कनेक्शन हैं, तो वह हर कनेक्शन के लिए अलग से आवेदन कर सकता है। वहीं, अगर एक ही मकान में अलग-अलग मंजिलों या हिस्सों के लिए अलग बिजली मीटर लगे हैं, तो हर मीटर पर अलग सब्सिडी का लाभ लिया जा सकता है। बस एक बात का खास ध्यान रखना जरूरी होता है कि सभी कनेक्शन घरेलू यानी रेजिडेंशियल श्रेणी के होने जरूरी हैं।
सोलर पैनल लगाने के लिए सरकार कितनी दे रही है सब्सिडी
बिजली बिल के बोझ से मदद के लिए सरकार इस योजना के तहत लोगों को सोलर पैनल लगाने के लिए आर्थिक सहायता दे रही है ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग सौर ऊर्जा अपनाएं। वर्तमान नियमों के अनुसार 1 किलोवाट सोलर सिस्टम पर 30 हजार रुपये तक की सब्सिडी दी जाती है।
अगर कोई उपभोक्ता 2 किलोवाट का सिस्टम लगवाता है तो उसे 60 हजार रुपये तक की सहायता मिल सकती है। वहीं 3 किलोवाट या उससे ज्यादा क्षमता वाले सिस्टम पर अधिकतम 78 हजार रुपये तक की सब्सिडी का प्रावधान है। इससे मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए सोलर सिस्टम लगवाना काफी आसान हो गया है। सब्सिडी से मिलने वाला लाभ ही कंज्यूमर्स को सोलर सिस्टम को अपनाने के लिए आकर्षित कर रहा है।
बिजली बिल में मिल सकती है बड़ी राहत
बढ़ती गर्मी में एसी, कूलर और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के ज्यादा इस्तेमाल से बिजली बिल तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे में रूफटॉप सोलर सिस्टम लोगों के लिए बड़ी राहत बन सकता है। विशेषज्ञों का कहना है कि 2 से 3 किलोवाट का सोलर सिस्टम एक सामान्य परिवार की रोजमर्रा की बिजली जरूरतों को काफी हद तक पूरा कर सकता है। इससे हर महीने आने वाला बिजली बिल काफी कम हो सकता है और कई मामलों में बिल लगभग शून्य तक पहुंच जाता है।
कौन लोग उठा सकते हैं योजना का फायदा
पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ लेने के लिए कुछ जरूरी शर्तें तय की गई हैं। आवेदन करने वाला व्यक्ति भारत का नागरिक होना चाहिए और उसके पास खुद का घर होना जरूरी है।
इसके अलावा घर में वैध घरेलू बिजली कनेक्शन होना चाहिए। अगर किसी व्यक्ति ने पहले से किसी दूसरी सरकारी सोलर सब्सिडी योजना का लाभ लिया है, तो उसे दोबारा इस योजना का फायदा नहीं मिलेगा।
ऑनलाइन तरीके से करना होगा आवेदन
इस योजना में आवेदन की प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रखी गई है ताकि लोग आसानी से घर बैठे आवेदन कर सकें।
सबसे पहले उपभोक्ता को आधिकारिक पोर्टल पर जाकर अपना राज्य, बिजली वितरण कंपनी और उपभोक्ता नंबर दर्ज करके रजिस्ट्रेशन करना होगा। इसके बाद लॉग-इन करके रूफटॉप सोलर के लिए आवेदन फॉर्म भरना होगा।
डिस्कॉम से मंजूरी मिलने के बाद सरकार द्वारा रजिस्टर्ड वेंडर से सोलर प्लांट लगवाना होगा। इंस्टॉलेशन और निरीक्षण पूरा होने के बाद सब्सिडी की राशि सीधे कंज्यूमर्स के बैंक खाते में भेज दी जाएगी।
तेजी से बढ़ रही है योजना की लोकप्रियता
देशभर में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को लेकर लोगों का रुझान तेजी से बढ़ता जा रहा है। महंगी बिजली और पर्यावरण को लेकर बढ़ती जागरूकता के कारण अब लोग सौर ऊर्जा को बेहतर विकल्प मानने लगे हैं। ग्रामीण और शहरी दोनों इलाकों में बड़ी संख्या में लोग अपने घरों की छत पर सोलर पैनल लगवाने की योजना बना रहे हैं। सरकार भी आने वाले वर्षों में करोड़ों घरों तक सौर ऊर्जा पहुंचाने के लक्ष्य पर काम कर रही है।
आवेदन से पहले इन बातों का रखें ध्यान
सोलर सिस्टम लगवाने से पहले उपभोक्ताओं को कुछ जरूरी बातों की जांच जरूर कर लेनी चाहिए। घर की छत पर पर्याप्त जगह होना जरूरी है ताकि सोलर पैनल आसानी से लगाए जा सकें।
इसके अलावा केवल सरकार द्वारा अधिकृत वेंडर से ही इंस्टॉलेशन करवाना चाहिए। आवेदन करते समय बिजली कनेक्शन, बैंक खाते और जरूरी दस्तावेजों की जानकारी सही भरना बेहद जरूरी है, क्योंकि छोटी गलती भी सब्सिडी मिलने में देरी कर सकती है।
एक से ज्यादा कनेक्शन वालों को बड़ा फायदा
सरकार की नई स्पष्ट गाइडलाइन के बाद अब यह भ्रम खत्म हो गया है कि एक व्यक्ति को सिर्फ एक ही सोलर सब्सिडी मिलेगी। यदि अलग-अलग वैध घरेलू बिजली कनेक्शन हैं, तो हर कनेक्शन पर अलग आवेदन किया जा सकता है। ऐसे में जिन लोगों के पास एक से ज्यादा घर या अलग-अलग बिजली मीटर हैं, उनके लिए यह योजना काफी फायदेमंद साबित हो सकती है। इससे वे लंबे समय तक सस्ती और स्वच्छ बिजली का लाभ उठा सकते हैं।