AAP को चुनाव से पहले बड़ा झटका! CM चन्नी को हराने वाले विधायक ने थामा अकाली दल का हाथ
Dr Charanjit Singh: पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले AAP विधायक डॉ. चरणजीत सिंह ने पार्टी छोड़कर शिरोमणि अकाली दल का दामन थाम लिया है।
AAP MLA Joins SAD
पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी (AAP) को एक और राजनीतिक झटका लगा है। चमकौर साहिब से पार्टी के मौजूदा विधायक डॉ. चरणजीत सिंह ने AAP छोड़कर शिरोमणि अकाली दल (SAD) का दामन थाम लिया है। अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने उन्हें पार्टी में शामिल कराया।
सुखबीर सिंह बादल ने सोशल मीडिया पर डॉ. चरणजीत सिंह का स्वागत करते हुए उन्हें चिकित्सा क्षेत्र की प्रतिष्ठित शख्सियत बताया। उन्होंने कहा कि पार्टी में डॉ. चरणजीत सिंह और उनकी टीम को पूरा सम्मान दिया जाएगा और उन्हें उचित जिम्मेदारी भी सौंपी जाएगी। बादल के मुताबिक, उनके अकाली दल में आने से चमकौर साहिब क्षेत्र में पार्टी की राजनीतिक ताकत बढ़ेगी।
दरअसल, आम आदमी पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए चमकौर साहिब सीट से डॉ. चरणजीत सिंह को दोबारा उम्मीदवार नहीं बनाया है। उनकी जगह पार्टी ने जसबीर सिंह गढ़ी को टिकट दिया है। टिकट कटने के बाद डॉ. चरणजीत सिंह ने पार्टी से दूरी बना ली और अब अकाली दल में शामिल हो गए हैं। ऐसे में चुनाव से पहले उनका पाला बदलना AAP के लिए अहम झटका माना जा रहा है।
2022 में पूर्व मुख्यमंत्री चन्नी को दी थी शिकस्त
डॉ. चरणजीत सिंह की राजनीतिक अहमियत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने 2022 के विधानसभा चुनाव में चमकौर साहिब सीट से तत्कालीन मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता चरणजीत सिंह चन्नी को हराया था। AAP के टिकट पर चुनाव लड़ते हुए उन्होंने चन्नी को करीब 8 हजार वोटों के अंतर से मात दी थी। इससे पहले 2017 के चुनाव में भी उन्हें 50 हजार वोट मिले थे।
अब BJP और SAD के बीच गठबंधन के बाद डॉ. चरणजीत सिंह ने अकाली दल का रुख किया है। उनके इस फैसले को आगामी चुनाव के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
'AAP ने चन्नी से सांठगांठ की, इसलिए मेरा टिकट काटा'
अकाली दल में शामिल होने के बाद डॉ. चरणजीत सिंह ने आम आदमी पार्टी के नेतृत्व पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि पार्टी ने चरणजीत सिंह चन्नी के साथ सांठगांठ कर रखी है। उनके मुताबिक, AAP को पता है कि वह पहले भी चन्नी को चुनाव में हरा चुके हैं, इसलिए उनके मुकाबले कमजोर उम्मीदवार को टिकट दिया गया।
Dr Charanjit Singh: उन्होंने कहा कि वह दो बार चन्नी के खिलाफ चुनाव लड़ चुके हैं। साल 2017 में उन्हें 50 हजार वोट मिले थे, जबकि 2022 में उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री को करीब 8 हजार वोटों से हराया था।
विधायक ने अपने कार्यकाल के दौरान कराए गए विकास कार्यों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि उनके व्यक्तिगत प्रयासों से क्षेत्र में 56 करोड़ रुपये का नहरी प्रोजेक्ट और चमकौर साहिब के लिए 25 करोड़ रुपये का प्रोजेक्ट पूरा कराने की दिशा में काम हुआ।
AAP विधायकों के पार्टी छोड़ने को लेकर पूछे गए सवाल पर डॉ. चरणजीत सिंह ने कहा कि संभव है कि कुछ विधायक पार्टी से तंग आ चुके हों। उन्होंने खुद के बारे में भी कहा कि वह आम आदमी पार्टी से परेशान हो चुके थे।
AAP ने अब तक 8 मौजूदा विधायकों के काटे टिकट
पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 के लिए आम आदमी पार्टी अब तक अपने 8 मौजूदा विधायकों को दोबारा टिकट नहीं दे चुकी है। इस सूची में गुरमीत सिंह खुड्डियां, लालजीत सिंह भुल्लर, अनमोल गगन मान, कुलवंत सिंह बाजीगर, अमित रतन कोटफत्ता, रमन अरोड़ा, डॉ. चरणजीत सिंह और कुंवर विजय प्रताप सिंह के नाम शामिल हैं।
पार्टी ने अब तक दो उम्मीदवार सूचियों में 117 विधानसभा सीटों में से 71 पर प्रत्याशियों के नाम घोषित किए हैं। अभी 46 सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान होना बाकी है। ऐसे में टिकट बंटवारे के बीच मौजूदा विधायकों की नाराजगी और दल-बदल का मुद्दा AAP के लिए चुनावी चुनौती बन सकता है।