'बहुत जल्द आने वाला है तूफान...' सौरभ दास ने किया बड़ा दावा, क्या हिल जाएगी मोदी सरकार?
Saurabh Das Statement: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ CJP का आंदोलन दिवाली के बाद भी शुरू नहीं हुआ है। अब सह-संयोजक सौरभ दास ने जल्द बड़े आंदोलन का दावा करते हुए कहा है कि यह तूफान सरकार को ले डूबेगा। जानिए आगे उन्होंने क्या कहा?
Saurabh Das
Saurabh Das Statement: मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मोर्चा खोलने वाली कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) फिलहाल सड़कों से गायब नजर आ रही है। दिवाली के बाद भी आंदोलन दोबारा शुरू नहीं हुआ और सोशल मीडिया पर संगठन की सक्रियता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। क्या CJP का विरोध प्रदर्शन खत्म हो चुका है या फिर पर्दे के पीछे किसी बड़े आंदोलन की तैयारी चल रही है? संगठन के सह-संयोजक सौरभ दास ने इन सवालों के जवाब में ऐसा दावा किया है, जिसने राजनीतिक हलकों में नई चर्चा छेड़ दी है। उनका कहना है कि आंदोलन शांत जरूर दिखाई दे रहा है, लेकिन जल्द ही एक ऐसा तूफान आने वाला है, जो सरकार को हिलाकर रख देगा।
एक यूट्यूब चैनल को दिए इंटरव्यू में सौरभ दास से सीधे सवाल किया गया कि आखिर CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ CJP का आंदोलन अचानक ठंडा क्यों पड़ गया? सोशल मीडिया पर भी लोग संगठन के निष्क्रिय होने की चर्चा कर रहे हैं। इस पर दास ने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि लोग आंदोलन को खत्म मान रहे हैं। उनके मुताबिक, संगठन दोबारा अपनी रणनीति तैयार कर रहा है और समर्थकों को भी इसकी जानकारी है।
सौरभ दास ने कहा, "तूफान आने वाला है, बहुत जल्द तूफान आने वाला है। सबको इसकी तैयारी करनी चाहिए।" उन्होंने इस प्रस्तावित आंदोलन को गांधी और आंबेडकर के सिद्धांतों से जोड़ते हुए दावा किया कि यही तूफान सरकार को ले डूबेगा। दास ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि देश में राजनीति का स्तर बेहद गिर चुका है। उन्होंने एक पढ़े-लिखे युवा को महात्मा गांधी के बारे में सार्वजनिक रूप से बात करने से रोके जाने का उदाहरण भी दिया।
दिवाली के बाद भी क्यों नहीं शुरू हुआ आंदोलन?
CJP ने पहले ऐलान किया था कि जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते, तब तक उसका आंदोलन जारी रहेगा। लेकिन अक्टूबर में संगठन के सह-संयोजक सौरभ दास और आशुतोष रांका के जेल जाने के बाद आंदोलन की रफ्तार थम गई। उस समय CJP के प्रमुख अभिजीत दीपके ने समर्थकों से दिवाली तक घर लौटने और परिवार के साथ समय बिताने की अपील की थी।
हालांकि, त्योहार बीतने के बाद भी संगठन ने सड़कों पर अपनी सक्रियता नहीं दिखाई। CJP नेताओं का कहना है कि फिलहाल आंदोलन की अगली रणनीति पर विचार किया जा रहा है और संगठन को विस्तार देने का काम भी चल रहा है। इसके बावजूद यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन दोबारा कब और किस रूप में शुरू होगा।
गौरतलब है कि इससे पहले जून-जुलाई में CJP ने नीट पेपर लीक के मुद्दे पर आंदोलन किया था। संगठन का दावा रहा है कि उसके विरोध प्रदर्शन के दबाव में धर्मेंद्र प्रधान को शिक्षा मंत्री के पद से इस्तीफा देना पड़ा था।
पासपोर्ट और नागरिकता को लेकर भी विवादों में सौरभ दास
आंदोलन के भविष्य को लेकर बयान देने वाले सौरभ दास खुद इन दिनों पासपोर्ट और नागरिकता से जुड़े विवाद का सामना कर रहे हैं। चेन्नई स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नोटिस में उनके जन्मस्थान से जुड़ी जानकारी में विसंगतियों की शिकायत मिलने का जिक्र किया गया है।
वहीं, केंद्र सरकार ने दिल्ली हाई कोर्ट में बताया है कि जन्मस्थान से जुड़ी इन विसंगतियों का असर सौरभ दास की नागरिकता पर भी पड़ सकता है। हालांकि, दास ने इन आरोपों को खारिज किया है। इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि दिल्ली या पुडुचेरी में जन्मस्थान को लेकर कोई अंतर या विसंगति होने मात्र से मामला इतना गंभीर नहीं हो जाता कि उनका पासपोर्ट जब्त कर लिया जाए।