'पीठ में छुरा घोंपने वाले...', स्टालिन को भाई बताने वाले राहुल गांधी के बयान पर DMK का हमला!

DMK Hits Back at Rahul: परिसीमन बिल पर राहुल गांधी ने एमके स्टालिन से साथ देने की अपील की, लेकिन राहुल के 'भाई' वाले पोस्ट पर DMK IT विंग ने तीखा पलटवार करते हुए पीठ में छुरा घोंपने का तंज कसा। जानिए पूरा राजनीतिक विवाद।

Update:2026-11-29 14:30 IST

Image Source- Social Media

DMK Hits Back at Rahul: परिसीमन विधेयक (Delimitation Bill) को लेकर कांग्रेस और डीएमके के बीच सियासी तनातनी तेज होती जा रही है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन के बीच इस मुद्दे पर बयानबाजी अब खुलकर सामने आ गई है। डीएमके को प्रस्तावित परिसीमन संविधान संशोधन विधेयकों के खिलाफ साथ लाने के लिए राहुल गांधी समेत विपक्षी गठबंधन इंडिया के वरिष्ठ नेता चेन्नई रवाना हो रहे हैं, लेकिन उनके दौरे से पहले ही डीएमके ने कांग्रेस नेतृत्व पर हमला बोल दिया है।

राहुल गांधी ने स्टालिन से इस विधेयक का विरोध करने की अपील की, वहीं स्टालिन ने साफ कर दिया कि तमिलनाडु और तमिल लोगों के हितों से समझौता नहीं किया जाएगा। अपने जवाब में उन्होंने कट्टाबोम्मन और एट्टप्पन का जिक्र कर राजनीतिक संदेश भी दिया। डीएमके के आईटी विंग और पार्टी प्रवक्ता ने भी राहुल गांधी पर निशाना साधा है।

चेन्नई पहुंचने से पहले राहुल गांधी की अपील

राहुल गांधी ने चेन्नई दौरे से पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए एमके स्टालिन और डीएमके से प्रस्तावित परिसीमन संविधान संशोधन विधेयकों का विरोध करने की अपील की। राहुल गांधी ने कहा कि वह इंडिया गठबंधन के वरिष्ठ नेताओं के साथ स्टालिन से मुलाकात करने चेन्नई जा रहे हैं, ताकि उन्हें इस मुद्दे पर विपक्ष के साथ खड़े होने के लिए मनाया जा सके।

राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में लिखा कि इंडिया गठबंधन के वरिष्ठ नेताओं के साथ वह एमके स्टालिन से मिलने चेन्नई जा रहे हैं और उनसे परिसीमन संविधान संशोधन विधेयकों का विरोध करने की अपील करेंगे।

उन्होंने दावा किया कि लोकसभा की सीटों की संख्या बढ़ाकर 850 करने का प्रस्ताव भारत के लोकतंत्र को खत्म कर सकता है। राहुल गांधी के मुताबिक, इस प्रस्ताव से बीजेपी (BJP) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) को अपने राजनीतिक फायदे के लिए देश का चुनावी नक्शा दोबारा तैयार करने की असीमित छूट मिल सकती है।

स्टालिन को भाई कहकर की अपील

राहुल गांधी ने एमके स्टालिन को भाई कहकर संबोधित करते हुए कहा कि वह हमेशा तमिल विरोधी ताकतों के खिलाफ मजबूती से खड़े रहे हैं। राहुल ने कहा कि देश, तमिलनाडु और संविधान की रक्षा के लिए सभी विपक्षी दलों को एक साथ आकर प्रस्तावित विधेयक को हराना होगा।

कांग्रेस की कोशिश है कि परिसीमन के मुद्दे पर इंडिया गठबंधन के सभी दल एक साझा रणनीति के साथ आगे बढ़ें। इसी सिलसिले में राहुल गांधी और दूसरे वरिष्ठ विपक्षी नेता स्टालिन से मुलाकात करने जा रहे हैं। हालांकि, इस मुलाकात से पहले डीएमके की तरफ से आए जवाब ने दोनों दलों के बीच राजनीतिक खींचतान को और चर्चा में ला दिया है।

स्टालिन का दो-टूक जवाब

राहुल गांधी की अपील पर एमके स्टालिन ने सोशल मीडिया के जरिए जवाब दिया। उन्होंने संविधान और राज्यों के अधिकारों की रक्षा में डीएमके की ऐतिहासिक भूमिका को स्वीकार करने के लिए राहुल गांधी का धन्यवाद किया, लेकिन साथ ही अपने फैसले पर किसी भी तरह के समझौते से इनकार कर दिया।

स्टालिन ने लिखा कि उन्होंने हमेशा तमिलनाडु और तमिल लोगों के हितों को सबसे ऊपर रखकर फैसले लिए हैं और आगे भी इसी रास्ते पर चलेंगे। अपने बयान में स्टालिन ने महान स्वतंत्रता सेनानी राजा वीरपांडिया कट्टाबोम्मन और गद्दारी के प्रतीक माने जाने वाले एट्टप्पन का जिक्र किया। कट्टाबोम्मन ने अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष किया था, जबकि एट्टप्पन को विश्वासघात के प्रतीक के तौर पर याद किया जाता है।

स्टालिन ने कहा कि डीएमके अपने रास्ते पर कोई समझौता नहीं करेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि इतिहास उनकी पार्टी को कट्टाबोम्मन के रूप में याद करेगा, न कि एट्टप्पन के रूप में।

इस बयान को कांग्रेस की ओर से डीएमके पर किए गए अप्रत्यक्ष राजनीतिक कटाक्ष का जवाब भी माना जा रहा है। इससे पहले राहुल गांधी ने परिसीमन के मुद्दे पर अप्रत्यक्ष रूप से डीएमके की तुलना एट्टप्पन से की थी।

डीएमके ने राहुल गांधी पर साधा निशाना

एमके स्टालिन के जवाब के बाद डीएमके के आईटी विंग (DMK IT Wing) ने भी राहुल गांधी की पोस्ट पर तीखी प्रतिक्रिया दी। आईटी विंग ने राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए लिखा, 'और यही वो भाई हैं जिनकी पीठ में आपने इतनी बेशर्मी से छुरा घोंपा है मिस्टर राहुल।'

डीएमके की इस टिप्पणी से दोनों दलों के बीच बयानबाजी और तीखी होती दिखाई दी। पार्टी की ओर से राहुल गांधी के बयान को लेकर नाराजगी जाहिर की गई और उनके राजनीतिक रुख पर सवाल उठाए गए।

डीएमके प्रवक्ता ने कहा- अब बहुत देर हो चुकी है

डीएमके प्रवक्ता ने भी राहुल गांधी के चेन्नई दौरे को लेकर टिप्पणी की। उन्होंने राहुल गांधी का स्वागत करते हुए कहा कि पार्टी को उनसे बहुत उम्मीदें थीं और जब डीएमके नेता ने उन्हें अपना छोटा भाई कहा था, तो वह सभी के भाई बन गए थे।

प्रवक्ता ने दोहराया कि डीएमके तमिलों और तमिलनाडु के लोगों के कल्याण को सर्वोपरि रखती है। इसके साथ ही उन्होंने सवाल उठाया कि क्या अब समय निकल चुका है।

डीएमके के इस बयान को परिसीमन विधेयक के मुद्दे पर कांग्रेस के साथ राजनीतिक मतभेद और नाराजगी के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। राहुल गांधी जहां विपक्षी दलों को एकजुट करने की कोशिश में चेन्नई पहुंच रहे हैं, वहीं डीएमके के नेताओं के बयान ने इस मुलाकात से पहले सियासी माहौल को गरमा दिया है।

Tags:    

Similar News