इंदौर में PM मोदी की मिमिक्री राहुल गांधी को पड़ी भारी! BJP ने तुरंत लिया आड़े हाथों...छिड़ा सियासी संग्राम

Rahul Gandhi Indore PM Modi Mimicry: इंदौर के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में पुलकित मणि ने पीएम मोदी की मिमिक्री की, जिसका वीडियो वायरल होने के बाद भाजपा नेताओं ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर निशाना साधा।

Update:2026-09-20 10:39 IST

Rahul Gandhi Indore PM Modi Mimicry: इंदौर में आयोजित कांग्रेस नेता राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम को लेकर एक नया बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। कार्यक्रम के दौरान मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मिमिक्री की गई, जिसे लेकर अब राहुल गांधी भारतीय जनता पार्टी (BJP) के निशाने पर आ गए हैं। भाजपा ने आरोप लगाया है कि मिमिक्री के नाम पर प्रधानमंत्री की एक पुरानी रैली का मजाक उड़ाते हुए देश की एक बुजुर्ग महिला का भारी अपमान किया गया है। इस घटना के सामने आने के बाद से ही देश की राजनीति में भूचाल आ गया है और भाजपा नेताओं ने राहुल गांधी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

मिमिक्री आर्टिस्ट ने उड़ाया कुर्सी मांगने का मजाक

दरअसल, राहुल गांधी के इस कार्यक्रम के मंच पर प्रसिद्ध मिमिक्री आर्टिस्ट पुलकित मनी पहुंचे थे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आवाज और शैली की नकल करते हुए एक भाषण की मिमिक्री की। इस दौरान उन्होंने पीएम मोदी की उस पुरानी रैली का जिक्र किया, जिसमें प्रधानमंत्री ने एक बुजुर्ग महिला के लिए सम्मानपूर्वक कुर्सी मंगवाई थी। पुलकित मनी ने इस पूरे वाकये का मंच से मजाक उड़ाया। उस वक्त मंच पर मौजूद लोग और खुद राहुल गांधी भी इस पर हंसते नजर आए। इसी बात को लेकर अब भारतीय जनता पार्टी ने राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोला है।

'एक तरफ सम्मान, दूसरी तरफ बुजुर्ग मां का मजाक' - अर्जुन राम मेघवाल

केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने इस पूरे घटनाक्रम पर बेहद कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी भड़ास निकालते हुए लिखा कि एक तरफ जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की बुजुर्ग माताओं को पूरा सम्मान और अपनापन देते हैं, वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस के मंच से एक बुजुर्ग मां का सार्वजनिक रूप से भद्दा मजाक उड़ाया जा रहा है। मेघवाल ने इसे भारतीय संस्कृति और बुजुर्गों की परंपरा का सीधा अपमान करार दिया। उन्होंने कहा कि राजनीति में मतभेद हो सकते हैं, लेकिन किसी आम नागरिक या बुजुर्ग का मजाक उड़ाना बेहद शर्मनाक है।

'विपक्ष के नेता नहीं, बल्कि ट्रोल्स के नेता हैं राहुल गांधी' - प्रदीप भंडारी

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने भी इस मुद्दे पर राहुल गांधी को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि राहुल गांधी लोकसभा में विपक्ष के नेता की जिम्मेदारी निभाने में पूरी तरह से विफल साबित हुए हैं। भंडारी ने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी असल में विपक्ष के नेता हैं ही नहीं, बल्कि वह तो इंटरनेट के 'ट्रोल्स के नेता' बन चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जब कांग्रेस के पास कोई ठोस राजनीतिक मुद्दा नहीं बचता, तो वे इस तरह के निचले स्तर के हथकंडे अपनाकर देश की जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश करते हैं। इस पूरे विवाद ने एक बार फिर कांग्रेस और भाजपा के बीच जुबानी जंग को तेज कर दिया है।

Tags:    

Similar News