Rahul Gandhi: राहुल गांधी बोले- ‘स्वराज’ को फ्रीडम से न जोड़ें, गांधी जेल में रहकर भी स्वराज में थे

Rahul Gandhi: राहुल गांधी ने ‘स्वराज’ और फ्रीडम के अंतर पर बात करते हुए कहा कि गांधी जेल में रहकर भी स्वराज में थे।

Update:2026-08-20 14:14 IST

Rahul Gandhi(Photo-Social Media)

Rahul Gandhi: राजीव गांधी की जयंती के अवसर पर जवाहर भवन में आयोजित ‘हरा भरा स्वराज’ कार्यक्रम में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ‘स्वराज’ और ‘फ्रीडम’ के बीच अंतर को विस्तार से समझाया। उन्होंने कहा कि स्वराज एक भारतीय शब्द है, जिसका अर्थ केवल आजादी नहीं बल्कि ‘स्व पर राज’ है। राहुल गांधी ने कहा, “लोग सोचते हैं कि स्वराज का मतलब फ्रीडम होता है, आजादी होता है। नहीं, स्वराज का मतलब स्व पर राज होता है।” उन्होंने कहा कि इन दोनों शब्दों को एक-दूसरे का पर्याय नहीं समझना चाहिए।

अपनी बात समझाने के लिए राहुल गांधी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि अगर अमेरिका में लोगों से पूछा जाए कि “Is Trump a free man?” तो जवाब मिलेगा, “Absolutely, he’s a free man.” लेकिन अगर सवाल किया जाए कि क्या ट्रंप ‘स्व पर राज’ करते हैं, तो इसका जवाब अलग होगा।

इसके बाद राहुल गांधी ने महात्मा गांधी का उदाहरण देते हुए कहा कि अगर 70-80 साल पहले जेल में जाकर गांधीजी से पूछा जाता कि “Are you free?”, तो गांधीजी कहते कि नहीं, मैं जेल में हूं, इसलिए मैं फ्री नहीं हूं। लेकिन इसके बावजूद गांधीजी ‘स्व पर राज’ करते थे और उनके भीतर स्वराज था। राहुल गांधी ने कहा कि “स्वराज हिंदुस्तानी शब्द है और इसमें जिम्मेदारी होती है।” उनके मुताबिक यह केवल कोई राजनीतिक व्यवस्था नहीं बल्कि सोचने का तरीका और एक ‘इंडिविजुअल प्रोजेक्ट’ है।

उन्होंने कहा कि कोई दूसरा व्यक्ति किसी को स्वराज नहीं दे सकता। “मैं आपको स्वराज नहीं दे सकता। मैं वेस्टर्न सिस्टम में आपको फ्रीडम दे सकता हूं कि आप जेल में नहीं हैं, लेकिन स्वराज नहीं दे सकता।” राहुल गांधी के मुताबिक स्वराज व्यक्ति के अपने साथ उसके व्यक्तिगत संबंध से जुड़ा हुआ है और इसे किसी बाहरी सत्ता या व्यवस्था द्वारा प्रदान नहीं किया जा सकता।

Tags:    

Similar News