रवींद्र जडेजा की पत्नी रिवाबा बनेंगी मंत्री! कल ले सकती हैं शपथ
Gujarat Cabinet: गुजरात में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में सभी मंत्रियों ने इस्तीफा दिया है। भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर इस बड़े राजनीतिक फेरबदल में रवींद्र जडेजा की पत्नी रिवाबा जडेजा समेत नए चेहरे मंत्री बनने की संभावना है। यह बदलाव 2027 विधानसभा चुनाव की रणनीति के तहत किया जा रहा है।
Gujarat Cabinet: गुजरात में गुरुवार को अचानक एक बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया, जिसने सभी को चौंका दिया। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की अध्यक्षता में हुई बैठक में राज्य मंत्रिपरिषद के सभी मंत्रियों से इस्तीफा ले लिया गया। यह कदम भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर उठाया गया है, जिससे स्पष्ट संकेत मिलते हैं कि राज्य की राजनीति में बड़ा फेरबदल होने जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, नए मंत्रिमंडल में कुछ नए चेहरों को जगह मिलने की संभावना है। इनमें सबसे बड़ा नाम भारतीय क्रिकेटर रवींद्र जडेजा की पत्नी और जामनगर (उत्तर) से विधायक रिवाबा जडेजा का है। माना जा रहा है कि उन्हें मंत्री पद की जिम्मेदारी दी जा सकती है। इसके अलावा वरिष्ठ नेता अर्जुन मोडवाडिया, पूर्व शिक्षा मंत्री जीतू वाघानी और गृह राज्य मंत्री हर्ष सांघवी के नाम भी संभावित मंत्रियों की सूची में शामिल हैं।
बता दें, गुजरात कैबिनेट में मुख्यमंत्री सहित कुल 17 मंत्री शामिल हैं। इस बड़े राजनीतिक बदलाव को लेकर जारी बयान में बताया गया है कि मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की मंत्रिपरिषद का विस्तार शुक्रवार सुबह साढ़े 11 बजे किया जाएगा। वर्तमान गुजरात कैबिनेट में मुख्यमंत्री के अलावा 8 कैबिनेट मंत्री और 8 राज्य मंत्री शामिल हैं। गुजरात विधानसभा में कुल 182 सदस्य हैं, जिनमें से 15 प्रतिशत यानी अधिकतम 27 मंत्री बनाए जा सकते हैं।
यह फेरबदल 2022 के विधानसभा चुनाव के बाद पहली बार हो रहा है और इसे आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी के रूप में देखा जा रहा है। पार्टी नेतृत्व राज्य में नए चेहरों को मौका देकर न केवल संगठन को मजबूत करना चाहता है, बल्कि जातीय और क्षेत्रीय संतुलन भी साधने की रणनीति पर काम कर रहा है।
भाजपा के इस कदम को आने वाले चुनावों के मद्देनजर एक महत्वपूर्ण राजनीतिक दांव माना जा रहा है, जिससे पार्टी राज्य में अपनी पकड़ और मजबूत करने की कोशिश कर रही है। नई कैबिनेट का गठन जल्द ही होने की संभावना है।